90 के दशक में करण जौहर ने एक से बढ़कर एक फिल्में दी. इसमें रोमांटिक ड्रामा की भरमार रही. ऐसे में एक ऐसी ही फिल्म, जिसका टाइटल सॉन्ग लिखने से जावेद अख्तर ने मना कर दिया था. लेकिन उस फिल्म का वही टाइटल सॉन्ग सदाबहार गानों में शामिल हो गया था. ये 28 साल बाद भी आइकॉनिक सॉन्ग है. इसमें शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और काजोल की तिकड़ी दिखी थी. चलिए बताते हैं इस किस्से और गाने के बारे में.
दरअसल, हम जिस फिल्म और गाने की बात कर रहे हैं वो कोई और नहीं बल्कि शाहरुख खान की हिट फिल्मों में से एक रही ‘कुछ कुछ होता है’ है. इसे साल 1998 में रिलीज किया गया था. 28 साल बाद भी इस फिल्म का एक-एक गाना हिट है और लोग इसे सुनना पसंद करते हैं. वहीं इसका टाइटल सॉन्ग तो आज भी आइकॉनिक है. लेकिन कम ही लोग जानते होंगे कि करण जौहर चाहते थे कि इसका टाइटल ट्रैक जावेद अख्तर तैयार करें लेकिन उन्होंने मना कर दिया था, जिसके बाद करण काफी मायूस हो गए थे.
यह भी पढ़ें: ‘शर्ट पकड़ा और बाहर धकेल दिया…’, रवीना टंडन का खुलासा, घर में घुस गया था अनजान शख्स
फिर यूं आइकॉनिक बना ‘कुछ कुछ होता है’ का टाइटल ट्रैक
संगीतकार समीर अंजान ने ‘द महुआ शो’ से बात करते हुए फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के टाइटल ट्रैक के बारे में बताया. उन्होंने कहा, ‘पहले ये फिल्म जावेद साहब को ऑफर हुई थी. उन्होंने इसे छोड़ दिया. करण जौहर की ये पहली फिल्म थी और वो काफी घबराए हुए थे. मुझे लगा कि ये जावेद साहब के पास गया था तो इसे कुछ शेरों-शायरी चाहिए होगी. तो मैं कुछ मुश्किल लिखकर ले गया. फिर करण ने कहा कि सर ये आप क्या लिखकर लाए हैं. मैं वो ढूंढ रहा हूं, जो आप लिखते हैं. सिंपल वर्ड्स सीधी बात करो आप. मुझे इसमें बहुत शायरी वगैरह नहीं चाहिए.’
2-3 दिन में तैयार किया था ‘कुछ कुछ होता है’ का टाइटल ट्रैक
समीर अंजान आगे बताते हैं, ‘मैंने 2-3 दिन का वक्त मांगा और मैं ये मुखड़ा (कुछ कुछ होता है…) लिखकर ले गया, जो आपने सुना. वो इसे सुनने के बाद उछल पड़ा. वो बोला कि सर ये चाहिए. मेरे दिमाग में भी फितूर. मैंने बोला करण शायद तुमको लग रहा है ये बड़ा सिंपल है. क्योंकि तुम्हारी फिल्म बहुत कमाल की है. ऐसा ना लगे कि गाना बहुत सिंपल सा लगे. सर मुझे अभी कंफ्यूज मत करो. मुझे जो चाहिए था वो मिल गया है. उसी दिन मुझे आहट हो गई थी कि ये फिल्म तो अच्छी बनाएगा.’
यह भी पढ़ें: ‘टेंशन होने लगी…’, दिव्यांका त्रिपाठी की प्रेग्नेंसी सुन घबरा गए थे हसबैंड विवेक दहिया, ऐसा था रिएक्शन
1998 की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म थी ‘कुछ कुछ होता है’
कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ 1998 की हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म थी. इसकी कमाई की बात करें तो इसने बॉक्स ऑफिस पर झंडा गाड़ दिया था. इसका बजट करीब 10-14 करोड़ था और इंडिया नेट कलेक्शन 47 करोड़ के करीब था. साथ ही वर्ल्डवाइड में फिल्म ने 106.74 करोड़ का बिजनेस किया था. फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई की थी.
गौरतलब है कि फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में शाहरुख खान, रानी मुखर्जी और काजोल की तिकड़ी दिखी थी और इस फिल्म से इनकी तिकड़ी स्क्रीन पर हिट भी हो गई थी. रोमांटिक ड्रामा फिल्म को लोगों ने काफी एन्जॉय किया था और फैंस इसे आज भी देखना पसंद करते हैं. इसके सभी गाने हिट रहे थे.

