Last Updated:
करोड़ों का चूना लगाकर विदेश भागने वाले शातिर ठगों पर दिग्गज अभिनेता शेखर सुमन ने तीखा तंज कसा है. अपनी नई वेब सीरीज के प्रमोशन के दौरान दिए इंटरव्यू में उन्होंने भगोड़े भारतीयों का नाम लिए बिना उन पर ऐसा निशाना साधा, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.
शेखर सुमन
नई दिल्ली: मशहूर अभिनेता शेखर सुमन सुर्खियों में हैं. एक्टर हमेशा ही अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं. इस बार उन्होंने देश का पैसा लूटकर विदेशों में जाकर छिपने वाले रईस भगोड़ों पर ऐसा करारा तंज कसा है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. लोग इसकी काफी ज्यादा चर्चा कर रहे हैं.
शेखर सुमन ने साफ शब्दों में कहा है कि ये लोग अपनी मीठी-मीठी बातों और आकर्षण के दम पर पहले लोगों का भरोसा जीतते हैं और फिर बैंकों को करोड़ों का चूना लगाकर रफूचक्कर हो जाते हैं.
इंटरव्यू में किया बड़ा खुलासा
दरअसल, शेखर सुमन इन दिनों अपनी नई वेब सीरीज ‘द पिरामिड स्कीम’ को लेकर चर्चा में हैं. इसी सीरीज के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से खास बातचीत करते हुए उन्होंने असली ठगों के दिमाग और उनके काम करने के तरीके पर खुलकर बात की. शेखर सुमन ने इंटरव्यू में कहा, “एक ठग की सबसे बड़ी ताकत उसका चार्म होता है. हर कोई उसकी पर्सनालिटी और बातों से बहुत जल्दी इम्प्रेस हो जाता है.वे बहुत मीठी बातें करते हैं, बोलने में बेहद तेज-तर्रार होते हैं और गजब के बुद्धिमान होते हैं. दिक्कत बस ये है कि वे अपनी इस कमाल की बुद्धिमानी और एनर्जी का इस्तेमाल गलत दिशा में करते हैं. ”
इन लोगों पर साधा निशाना
शेखर सुमन यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे व्यंग्य करते हुए कहा, “आप ऐसे लोगों को जेल में डालते हैं, वे बाहर आ जाते हैं और फिर से कोई नया कांड शुरू कर देते हैं. वे कभी नहीं रुकते. “रियल लाइफ का उदाहरण देते हुए उन्होंने इशारों-इशारों में देश के बड़े भगोड़ों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “ऐसे कई लोग अब भारत छोड़ चुके हैं और बैंकों का बहुत बड़ा पैसा डकार कर विदेशों में आराम की जिंदगी बिता रहे हैं. जरा उन्हें देखिए और उनकी बातें सुनिए. कोई पहले हवाई जहाज उड़ाता था, तो कोई क्रिकेट खेलता था. अगर आप इन सभी लोगों की लाइफ को ध्यान से देखें और सुनें, तो स्क्रीन के लिए आपका एक परफेक्ट किरदार आपके सामने तैयार हो जाता है. दरअसल उन्होंने विदेश भागे ललित मोदी, विजय माल्या जैसे लोगों पर बिना नाम लिए निशाना साधा था.
‘द पिरामिड स्कीम’ में निभा रहे हैं ठग का रोल
आपको बता दें कि शेखर सुमन अपनी इस नई वेब सीरीज में खुद एक शातिर ठग की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस रोल के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है और एक ठग जैसा आकर्षण अपने भीतर पैदा करना उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण काम था.
क्या है यह सीरीज और कहां देखें?
‘द पिरामिड स्कीम’ नाम की यह वेब सीरीज पैसों के हेर-फेर और ठगी के मशहूर ‘पिरामिड स्कैम’ की दुनिया पर आधारित है. इसे मशहूर क्रिएटर ‘द वायरल फीवर’ (TVF) ने प्रोड्यूस किया है. शो के क्रिएटर श्रेयांश पांडे हैं और इसका डायरेक्शन आशीष आर. शुक्ला व श्रेयांश पांडे ने मिलकर किया है. इस दिलचस्प सीरीज में शेखर सुमन के साथ रणवीर शौरी, श्रेयांश पांडे, परमवीर चीमा, अंजन श्रीवास्तव, स्मिता बंसल और अखिलेंद्र मिश्रा जैसे दमदार कलाकार हैं. अगर आप भी इस थ्रिलर ड्रामे को देखना चाहते हैं, तो यह सीरीज प्राइम वीडियो पर देखने के लिए अवेलेबल है.
About the Author

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें

