Last Updated:
आयुष्मान खुराना की मोस्ट अवेटेड फिल्म पति पत्नी और वो दो आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत उम्मीद से काफी ठंडी रही. मुदस्सर अजीज के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन बहुत कम कलेक्शन किया है, जो कार्तिक आर्यन की 2019 में आई इसी फ्रेंचाइजी की फिल्म के मुकाबले आधे से भी कम है.

नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना की मोस्ट अवेटेड रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा फिल्म आखिरकार 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. हालांकि, फिल्म को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म की शुरुआत काफी सुस्त रही.

यह फिल्म साल 2019 में आई कार्तिक आर्यन की ‘पति पत्नी और वो’ के ओपनिंग डे कलेक्शन का रिकॉर्ड तोड़ने में नाकाम रही. ट्रे़ड वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, आयुष्मान की इस फिल्म ने करीब 6554 शोज के जरिए पहले दिन मात्र 3.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो उनके करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग में से एक मानी जा रही है.

‘पति पत्नी और वो दो’ असल में कार्तिक आर्यन की 2019 की हिट फिल्म का ही सीक्वल है. हैरानी की बात यह है कि इस नई फिल्म ने कार्तिक, अनन्या पांडे और भूमि पेडनेकर वाली ‘पति पत्नी और वो’ की पहले दिन की कमाई 9.10 करोड़ रुपये के मुकाबले आधे से भी कम कलेक्शन किया है. आयुष्मान के लिए यह शुरुआत उम्मीद से काफी ठंडी रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म की शुरुआत काफी फीकी रही और पहले दिन सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ बहुत कम नजर आई. आंकड़ों की बात करें तो मॉर्निंग शोज में सिर्फ 5.38 फीसदी, दोपहर में 10.92 फीसदी और शाम के शोज में करीब 10.46 फीसदी ऑक्यूपेंसी ही दर्ज की गई.

रिव्यूज के मामले में भी फिल्म दो हिस्सों में बंटी नजर आ रही है. जहां कुछ क्रिटिक्स ने फिल्म के ह्यूमर और कॉमिक टाइमिंग की तारीफ की है, वहीं कुछ का मानना है कि फिल्म में वही पुराने और घिसे-पिटे चुटकुलों का सहारा लिया गया है. हालांकि, एक बात पर सभी एकमत दिखे और वो है फिल्म की स्टारकास्ट. दर्शकों से लेकर समीक्षकों तक, हर किसी ने फिल्म के कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस की दिल खोलकर तारीफ की है.

फिल्म की कहानी प्रजापति (आयुष्मान खुराना) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वन विभाग में अफसर है और उसकी शादी पत्रकार अपर्णा (वामिका गब्बी) से हुई है. प्रजापति की जिंदगी में ट्विस्ट तब आता है, जब वह अपनी दोस्त चंचल (सारा अली खान) की उसके बॉयफ्रेंड सनी (विशाल वशिष्ठ) के साथ भागने में मदद करने के लिए तैयार हो जाता है.

सनी के पिता (तिग्मांशु धूलिया) इस रिश्ते के सख्त खिलाफ हैं, इसलिए दिखावे के लिए प्रजापति को चंचल का बॉयफ्रेंड बनने का नाटक करना पड़ता है. लेकिन मुसीबत तब खड़ी हो जाती है, जब प्रजापति की सहकर्मी निलोफर (रकुल प्रीत सिंह) को गलतफहमी हो जाती है कि प्रजापति और चंचल का सच में अफेयर चल रहा है. बस यहीं से शुरू होता है ट्विस्ट जो पूरी कहानी में जबरदस्त कन्फ्यूजन और हंगामा पैदा कर देता है.

‘पति पत्नी और वो दो’ का डायरेक्शन मुदस्सर अजीज ने किया है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ-साथ सारा अली खान, वामिका गब्बी, रकुल प्रीत सिंह और विजय राज जैसे मंझे हुए सितारे भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं. यह लंबी-चौड़ी फौज फिल्म में कॉमेडी का तड़का लगाने का काम कर रही है.

