Last Updated:
मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने ‘प्रोपेगेंडा फिल्मों’ पर चल रही बहस के बीच बड़ा बयान दिया है. कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि हर फिल्म किसी न किसी विचार को आगे बढ़ाती है, ऐसे में सिर्फ अलग सोच होने से किसी फिल्म को गलत नहीं कहा जा सकता. इस दौरान जावेद अख्तर ने धुरंधर की भी जमकर तारीफ की और इसे शानदार फिल्म बताया. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है.

नई दिल्ली. ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाल कर रही है. ये हिंदी और साउथ की फिल्मों को पछाड़ सबसे ज्यादा देश की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई. फिल्म के रिलीज होने के बाद ही कुछ लोगों में इसे ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ कहा. अब इस मामले पर मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने चुप्पी तोड़ी है और अपनी राय को खुलकर रखा है. उन्होंने साफ-साफ कहा कि हर फिल्म किसी न किसी विचार को सामने रखती है और सिर्फ इसलिए किसी फिल्म को ‘प्रोपेगेंडा’ कहना सही नहीं कि उसका नैरेटिव कुछ लोगों को पसंद नहीं आया. जावेद अख्तर ने निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर की जमकर तारीफ भी की.

जावेद अख्तर बॉलीवुड के सबसे सम्मानित लेखकों में से एक हैं. उन्होंने शोले, दीवार, जंजीर जैसी क्लासिक फिल्मों की पटकथा लिखी और अनेक यादगार गाने लिखे. वे अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं. हाल ही में उन्होंने ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ को लेकर अपनी राय रखी.

दरअसल, कोलकाता में आयोजित पीसी चंद्र अवॉर्ड फंक्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में जावेद अख्तर से ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों पर लगे प्रोपेगेंडा के आरोपों को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि आप प्रोपेगेंडा फिल्मों से क्या मतलब निकालते हैं. मुझे ‘धुरंधर’ बहुत पसंद आई. यह शानदार फिल्म थी. मुझे इसका पहला पार्ट दूसरे से ज्यादा पसंद आया.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

जावेद साहब ने आगे कहा कि हर कहानी किसी न किसी सोच या विचारधारा के साथ आगे बढ़ती है. उनके मुताबिक, सिर्फ इसलिए किसी फिल्म को प्रोपेगेंडा नहीं कहा जा सकता क्योंकि उसका नजरिया दर्शकों के एक वर्ग को पसंद नहीं आया. उन्होंने कहा, ‘हर किसी को अपने विचार सामने रखने का अधिकार है. प्रोपेगेंडा फिल्मों में आखिर गलत क्या है? हर फिल्ममेकर का काम अपनी सच्चाई दिखाना होता है. यहां तक कि परीकथा पर बनी फिल्म में भी कोई न कोई विचारधारा छिपी होती है’.

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ एक जासूसी थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह ने कराची में तैनात एक भारतीय जासूस की भूमिका निभाई है. फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी और इसने दुनिया भर में लगभग 1300 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने तो इतिहास रच दिया. यह पहली बॉलीवुड फिल्म बनी जिसने भारत में 1000 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और विश्व स्तर पर यह 1800 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई.

हालांकि, फिल्मों पर यह आरोप लगा कि वे भाजपा सरकार का महिमामंडन करती हैं और पिछली सरकारों की उपलब्धियों को कम करके दिखाती हैं. इसी वजह से इन पर ‘प्रोपगंडा’ का टैग लगाया गया. फिल्म के निर्देशक ने अब तक इन आरोपों का जवाब नहीं दिया है.

फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे सितारे हैं. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ फिलहाल सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है. फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई थी.

