Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और बॉबी देओल की ‘बंदर’ दर्शकों को लुभाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुईं. डेविड धवन की आखिरी मानी जा रही फिल्म पहले वीकेंड पर कोई बड़ी छलांग नहीं लगा सकी और सिर्फ 23.08 करोड़ ही बटोर पाई, वहीं, दूसरी ओर अनुराग कश्यप की डार्क-क्राइम फिल्म ‘बंदर’ की हालत जस की तस बनी हुई है. तीन दिनों यह मूवी 5 करोड़ रुपये का भी बिजनेस नहीं पाई है.

नई दिल्ली. वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है. दूसरी तरफ, बॉबी देओल की ‘बंदर’ भी कमाई के मामले में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं. डेविड धवन के निर्देशन वाली कॉमेडी फिल्म पहले वीकेंड पर कोई बड़ी छलांग लगाने में नाकाम रही और इसकी सुस्त रफ्तार जारी है. वहीं, अनुराग कश्यप की ‘बंदर’ में बॉबी देओल के खूंखार अवतार को क्रिटिक्स ने तो सराहा, लेकिन यह फिल्म भी दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने में संघर्ष कर रही है.

डेविड धवन और वरुण धवन की जोड़ी से बॉक्स ऑफिस पर जिस धमाके की उम्मीद थी, वह पूरी तरह से फीकी साबित हुई है. कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ दर्शकों को लुभाने में नाकाम साबित हो रही है. फिल्म की शुरुआत बेहद सुस्त रही और पहले वीकेंड पर भी यह कोई कमाल नहीं दिखा पाई. पिछले तीन दिनों से यह मूवी सिंगल डिजिट में बिजनेस कर रही है.

सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को फिल्म ने बमुश्किल 9 करोड़ का कलेक्शन किया है. गौर करने वाली बात यह है कि शुक्रवार 7.50 करोड़ और शनिवार 7.25 करोड़ के मुकाबले कमाई में नाममात्र की बढ़त हुई है, जो किसी भी बड़ी फिल्म के लिए खतरे की घंटी है. अब तक फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन महज 24 करोड़ तक ही पहुंच पाया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बिना किसी मास-एक्शन के बावजूद इस फिल्म को देशभर में 2500 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है. इतने बड़े स्तर पर रिलीज होने के बाद भी थिएटर्स खाली नजर आए. सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी सिर्फ 10 फीसदी रही, वहीं रात के शोज में भी यह आंकड़ा अधिकतम 36 फीसदी तक ही जा सका.

हैरानी की बात है कि पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर जैसी पॉपुलर हीरोइनों की मौजूदगी भी वरुण धवन की इस कॉमेडी ड्रामा को डूबने से नहीं बचा पा रही है. जिस तरह यह मूवी कमाई कर रही है, उससे साफ है कि आगे चलकर बॉक्स ऑफिस पर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की राह मुश्किल होने वाली है.

अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ को रिलीज के बाद से ही क्रिटिक्स और सोशल मीडिया पर काफी अच्छे रिव्यूज मिले हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों के लिए तरसती नजर आ रही है और इसे मजबूत पकड़ बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

सैकनिल्क के अनुसार मुताबिक, तीसरे दिन (रविवार) को फिल्म सिर्फ 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही कर सकी. चूंकि ‘बंदर’ एक बहुत ही डार्क, इंटेंस और कैरेक्टर ड्रिवन फिल्म है, जिसकी एक अलग और सिलेक्टेड ऑडियंस होती है, इसलिए मेकर्स को इससे पहले ही दिन से बहुत बड़ी ओपनिंग की उम्मीद नहीं थी.

बॉबी देओल की फिल्म ने शुक्रवार को 50 लाख रुपये की कमाई से शुरुआत की थी, जिसके बाद शनिवार को थोड़ी बढ़त के साथ इसने 95 लाख बटोरे थे. लेकिन रविवार की छुट्टी होने के बावजूद इसकी कमाई में उछाल आने के बजाय गिरावट देखी गई. इस सुस्त रफ्तार के साथ फिल्म का अब तक का कुल कलेक्शन महज 2.45 करोड़ रुपये हो पाया है.

