Last Updated:
Mukesh Ambani Lauds Dhurandhar: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई कर सभी को चौंका दिया है. रणवीर सिंह स्टारर इस फ्रेंचाइजी ने दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर नया रिकॉर्ड बनाया है. इसी सफलता को लेकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने फिल्म और इसकी रणनीति की खुलकर सराहना की है.
मुकेश अंबानी ने फिल्म ‘धुरंधर’ की जमकर तारीफ की.
नई दिल्ली. बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर वो इतिहास रच दिया है, जिसकी गूंज अब देश के सबसे बड़े बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी के दफ्तर तक पहुंच गई है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने जियो स्टूडियोज की इस बेमिसाल सफलता पर खुशी जताते हुए ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की जमकर सराहना की है. शेयरधारकों को लिखे अपने हालिया पत्र में मुकेश अंबानी ने फिल्म की अनूठी रिलीज स्ट्रेटेजी और मोनेटाइजेशन मॉडल को भारतीय सिनेमा के लिए एक नया बेंचमार्क बताया है.
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी ने पत्र में जियो स्टूडियोज के लगातार मजबूत होते दबदबे के बारे में बात की. उन्होंने लिखा, ‘जियो स्टूडियोज ने लगातार तीन सालों तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में देने का अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. 2024 में ‘स्त्री 2’, 2025 में ‘धुरंधर’ और 2026 में ‘धुरंधर: द रिवेंज’. इन फिल्मों ने ग्लोबल स्तर पर बॉक्स ऑफिस, रिलीज स्ट्रैटजी, मोनेटाइजेशन मॉडल और ऑडियंस एंगेजमेंट में नए बेंचमार्क स्थापित किए.
धुरंधर की बिजनेस टायकून ने की तारीफ
मुकेश अंबानी के पत्र में खास तौर पर पहले पार्ट की तारीफ करते हुए कहा कि यह अकेले ही सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई. फिल्म को 15 हफ्तों तक लगातार सफलता मिली. इसके बाद दूसरा पार्ट धुरंधर: द रिवेंज जब रिलीज हुआ तो दर्शकों में भारी उत्सुकता थी और इसने पहले पार्ट का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. फिल्म के अनोखे प्रोडक्शन मॉडल की तारीफ करते हुए उन्होंने बताया कि दुनिया में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी फ्रेंचाइजी को दो भागों में एक साथ कंसीव, फाइनेंस और शूट किया गया और फिर इतने कम अंतराल के भीतर सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया.
बॉक्स ऑफिस खूब बरसे नोट, हुई झमाझम कमाई
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस जासूसी फ्रेंचाइजी का कुल बजट लगभग 250 से 300 करोड़ के बीत का था, लेकिन इसकी कमाई ने पूरी इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, धुरंधर (पार्ट 1): वैश्विक स्तर पर करीब 1,307 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया. वहीं, धुरंधर: द रिवेंज ने वर्ल्डवाइड 1,852 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की, जो आमिर खान की ‘दंगल’ के बाद दूसरी सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बन गई है. दोनों फ्रेंचाइजी ने मिलकर दुनिया भर में 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऐतिहासिक कलेक्शन किया है.
एक तरफ रिकॉर्डतोड़ कमाई, दूसरी तरफ ‘डॉन 3’ का विवाद
दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ मुकेश अंबानी रणवीर सिंह की फिल्म की कामयाबी का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रणवीर सिंह अपनी आगामी फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर बड़े विवाद में फंसे हुए हैं. दरअसल, दिसंबर में रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक वॉकआउट कर लिया था. इसके बाद फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी ने प्री-प्रोडक्शन स्टेज पर हुए नुकसान की भरपाई के लिए रणवीर से 45 करोड़ रुपये की मांग की थी. यह विवाद तब और बढ़ गया जब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘असहयोग आंदोलन’ जारी कर दिया. इसके जवाब में रणवीर सिंह ने FWICE को कानूनी नोटिस भेजा. मामले को तूल पकड़ता देख और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया व इम्पा (IMPAA) के दखल के बाद, FWICE के अध्यक्ष अशोक पंडित ने इस डायरेक्टिव को तुरंत प्रभाव से वापस ले लिया. हालांकि, प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने किसी का नाम लिए बिना फिल्म इंडस्ट्री के सदस्यों को चेतावनी दी है कि वे आखिरी वक्त पर प्रोजेक्ट्स न छोड़ें.
About the Author
.jpg?impolicy=website&width=52&height=52)
शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें

