Last Updated:
‘डॉन 3’ विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है. प्रोड्यूसर्स गिल्ड के बयान के बाद अब अभिनेता रणवीर शौरी भी इस बहस में कूद पड़े हैं. एक्टर ने रणवीर सिंह को सपोर्ट करते हुए गिल्ड से तीखे सवाल उठाए हैं. उनके इस बयान ने इंडस्ट्री में चल रही बहस को और तेज कर दिया है.चीचे पढ़ें पूरी खबर
रणवीर सिंह के सपोर्ट में उतरे रणवीर शौरी
नई दिल्ली: बॉलीवुड में इन दिनों ‘डॉन 3’ को लेकर जबरदस्त हलचल मची हुई है. सुपरस्टार रणवीर सिंह के इस बड़ी फिल्म से अलग होने के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री में दो गुट बनते दिखाई दे रहे हैं. अब इंडस्ट्री के कई लोग इस पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं. इसी बीच अभिनेता रणवीर शौरी ने भी इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है और प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के हालिया बयान पर तीखे सवाल उठाए हैं. जिसके चलते एक्टर चर्चा में आ गए हैं, सोशल मीडिया पर भी उनका ट्वीट वायरल हो रहा है.
आखिर क्या है पूरा विवाद?
हाल ही में प्रोड्यूसर्स की सबसे बड़ी संस्था ‘प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ ने एक बयान जारी किया था. इस बयान में कहा गया था कि कई बार कलाकार, डायरेक्टर या टेक्निकल टीम के लोग आखिरी वक्त पर फिल्म छोड़ देते हैं, जिससे प्रोड्यूसर्स को करोड़ों का नुकसान झेलना पड़ता है. संस्था ने इसे एक गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इंडस्ट्री में सभी को जिम्मेदारी और प्रोफेशनल तरीके से काम करना चाहिए. यह बयान ठीक उसी वक्त आया जब रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से बाहर होने की खबरें गर्म थीं. खबरों की मानें तो फिल्म शुरू होने से ठीक पहले रणवीर के प्रोजेक्ट छोड़ने को लेकर मेकर्स के साथ उनकी कई मीटिंग्स भी हुई थीं.
रणवीर शौरी का तीखा सवाल
प्रोड्यूसर्स के इस बयान पर हमेशा बेबाकी से अपनी राय रखने वाले एक्टर रणवीर शौरी ने उन्हें आड़े हाथों लिया है. रणवीर शौरी अपने X अकाउंट पर तुरंत रिप्लाई करते हुए कहा- किसी भी नुकसान के लिए सिर्फ कलाकारों को ही कटघरे में खड़ा करना बिल्कुल गलत है. उन्होंने कुछ बेहद जरूरी सवाल उठाए हैं.
प्रोजेक्ट बंद होने पर टीम का क्या? जब प्रोड्यूसर्स खुद किसी फिल्म को बीच में बंद या रद्द कर देते हैं, तब उन कलाकारों और काम करने वाले बाकी लोगों के नुकसान की बात क्यों नहीं होती, जिन्होंने उस प्रोजेक्ट के लिए अपना कीमती समय दिया था?
बिना पेमेंट के बंद होते हैं काम: कई बार प्रोड्यूसर्स बिना कोई पैसा दिए ही प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल देते हैं. ऐसे मामलों में छोटे कलाकारों और वर्कर्स को होने वाले नुकसान पर कभी कोई चर्चा नहीं की जाती.”अगर फिल्म इंडस्ट्री में जिम्मेदारी तय करने की बात हो रही है, तो नियम दोनों तरफ के लोगों पर बराबर लागू होने चाहिए.” – रणवीर शौरी
कैसे बढ़ा ‘डॉन 3’ का यह मामला?
यह पूरा विवाद तब बढ़ा जब रणवीर सिंह और फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी (एक्सेल एंटरटेनमेंट) के बीच मतभेद की खबरें सामने आईं.फिल्म से रणवीर के अलग होने के बाद मेकर्स ने शिकायत की कि इससे फिल्म को भारी नुकसान हुआ है. इसके बाद यह मामला सिर्फ बातचीत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें कानूनी दांव-पेच भी शामिल हो गए.
FWICE की एंट्री
विवाद बढ़ने पर फिल्म फेडरेशन (FWICE) ने रणवीर सिंह के साथ काम न करने का एक आदेश जारी कर दिया. इस बैन के जवाब में रणवीर सिंह की टीम की तरफ से भी एक कानूनी नोटिस भेजा गया और मामला सीधे कोर्ट-कचहरी के स्तर तक पहुंच गया.हालांकि, कई दौर की आपसी बातचीत और बीच-बचाव के बाद फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ अपना यह आदेश वापस ले लिया, लेकिन इसके बावजूद ‘डॉन 3’ को लेकर कड़वाहट अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
फिल्म इंडस्ट्री में छिड़ी नई बहस
रणवीर शौरी के इस बयान ने बॉलीवुड के एक ऐसे सच को सामने रख दिया है, जिस पर आमतौर पर लोग बात करने से बचते हैं. अब इंडस्ट्री में यह बहस तेज हो गई है कि क्या जिम्मेदारी सिर्फ कलाकारों की ही है या प्रोड्यूसर्स को भी उतना ही जिम्मेदार होना पड़ेगा?’डॉन 3′ का यह विवाद भले ही आने वाले दिनों में शांत हो जाए, लेकिन इसने बॉलीवुड में काम करने के तौर-तरीकों, एग्रीमेंट्स और दोनों पक्षों की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा जरूर शुरू कर दी है.
About the Author

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें

