Last Updated:
‘डॉन 3’ को लेकर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच विवाद अब बॉलीवुड की सबसे बड़ी कंट्रोवर्सी बन चुका है. सुपरस्टार को फरहान के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तल बनने जा रही फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ना भारी पड़ते दिख रहा है. प्रोड्यूसर्स ने रणवीर पर आरोप लगाया है कि अचानक फिल्म छोड़ने से उन्हें करोड़ों का नुकसान भुगतना पड़ा. एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सुपरस्टार से भारी-भरकम जुर्माने की मांग की है.

नई दिल्ली. अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान की विरासत को आगे बढ़ाते हुए रणवीर सिंह डॉन बनने वाले थे. करीबन 2 साल पहले फरहान अख्तर ने डॉन 3 का ऐलान किया था. इस फिल्म का निर्देशन और निर्माण फरहान अख्तर ही करने वाले थे. उन्होंने टाइटल के साथ ऐलान किया था कि रणवीर सिंह डॉन 3 में लीड रोल में दिखेंगे.

फिल्म पर लंबे समय तक कोई अपडेट नहीं था जिसके बाद से कयास लगने लगे थे कि शायद फरहान अख्तर की ये फिल्म ठंडे बस्ते में चली गई है. लेकिन पिछले साल के अंत में मेकर्स ने आश्वासन दिया कि डॉन 3 बनेगी और इसपर काम जारी है. फिर अचानक ही खबर आई कि रणवीर सिंह अब डॉन 3 का हिस्सा नहीं होंगे. उन्होंने फिल्म छोड़ दी.

फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट का आरोप है कि रणवीर सिंह के अचानक फिल्म छोड़ने की वजह से उन्हें करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा है. मेकर्स ने एक्टर से 45 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है, लेकिन जब रणवीर ने साफ तौर पर ये रकम चुकाने से मना कर दिया तो मामला बढ़ गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) को मामले में मध्यस्थता करने के लिए आना पड़ा. फेडरेशन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने बीते सोमवार को मामले को गंभीर बताते हुए रणवीर सिंह के खिलाफ सख्त एक्शन उठाया. उन्होंने एक्टर पर एक तरह का बैन लगा दिया.

अशोक पंडित ने कहा कि कोई भी सुपरस्टार, फिर चाहे वो कितना भी बड़ा क्यों न हो उसको इंडस्ट्री के कामकाज के तरीकों को फॉलो करना पड़ेगा. साथ ही उन्होंने एक्टर्स के बदलते ट्रेंड पर चिंता जताई थी, जो फिल्म शूटिंग शुरू होने से पहले ही छोड़ देते हैं.

FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी किया है. बीते सोमवार को FWICE ने निर्देश जारी करते हुए एक्टर पर बैन लगा दिया. इस निर्देश के मुताबिक अंतिम फैसला आने तक फिलहाल हर किसी को रणवीर सिंह के साथ अपना काम रोकना पड़ेगा. स्पॉटबॉय से लेकर मेकअप पर्सन तक कोई भी एक्टर के साथ काम नहीं कर सकता है. अशोक पंडित ने कहा कि फेडरेशन इंटर्नल मीटिंग के बाद अपना अंतिम फैसला सुनाएगा.

अशोक पंडित ने बताया कि 11 अप्रैल को फरहान अख्तर ने शिकायत दर्ज की थी. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से 3 हफ्ते पहले फिल्म छोड़ी जिसकी वजह से प्रोडक्शन हाउस को भारी-भरकम आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. FWICE के मुताबिक एक्सेल एंटरटेनमेंट ने फिल्म की शूटिंग के लिए होटल, शूटिंग लोकेशन और 200 लोगों की फ्लाइट की बुकिंग कर ली थी जिसके रिकॉर्ड पेश किए हैं.

इस पूरे प्री-प्रोडक्शन प्रोसेस में करीबन 45 करोड़ रुपये का खर्चा आया है जो रणवीर सिंह से मांगी जा रही है. फरहान अख्तर की शिकायत के बाद फेडरेशन ने रणवीर सिंह को अपना पक्ष रखने के लिए इनवाइट किया. उन्हें हर 10 दिन के बाद पक्ष रखने के लिए 3 बार इनवाइट भेजा गया, लेकिन एक्टर पेश नहीं हुए.

FWICE के बैन का क्या होगा असर? अब समझते हैं कि आखिर इस बैन का क्या मतलब है? FWICE ने नॉन कोऑपरेशन निर्देश जारी किया है जिसके तहत इंडस्ट्री के वर्कर्स को रणवीर सिंह संग काम न करने का निर्देश दिया गया है. अब सवाल उठता है कि क्या एक्टर इस बैन के बावजूद फिल्म साइन कर सकते हैं? जवाब है हां बिल्कुल साइन कर सकते हैं. उनपर कानूनी बैन नहीं लगा है, लेकिन वर्कर्स का सहयोग न मिलने पर उनके लिए भारत में काम करना मुश्किल होगा. न्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार अब जब तक रणवीर सिंह और फरहान अख्तर का ये विवाद सुलझ नहीं जाता है वो कोई नई फिल्म नहीं कर पाएंगे.

रणवीर सिंह अभी तक इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं. बीते सोमवार को FWICE के बैन के बाद रणवीर सिंह के प्रवक्ता ने इसपर उनका पक्ष रखा. रणवीर के सेक्रेटरी का कहना है कि एक्टर अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ पर ऐसे सरेआम कोई टिप्पणी करना पसंद नहीं करते हैं. वो अपने रिश्तों की गरिमा बनाए रखना चाहते हैं.

