Last Updated:
सोनम कपूर ने अपने करियर में रोमांस, कॉमेडी, बायोपिक और सामाजिक मुद्दों पर आधारित कई ऐसी फिल्में की हैं, जिन्होंने उन्हें बॉलीवुड की सबसे अलग पहचान वाली अभिनेत्रियों में शामिल किया. ‘नीरजा’ जैसी प्रेरणादायक कहानी से लेकर ‘रांझणा’ के इमोशनल ड्रामा और ‘वीरे दी वेडिंग’ की मॉडर्न दोस्ती तक, उनकी फिल्मों में हर तरह का मनोरंजन देखने को मिलता है. अगर आप सोनम कपूर के अभिनय के फैन हैं या उनकी कुछ बेहतरीन फिल्मों को ओटीटी पर देखना चाहते हैं, तो ये फिल्में आपकी वॉचलिस्ट का हिस्सा जरूर होनी चाहिए.

नई दिल्ली. राम माधवानी के निर्देशन में बनी ‘नीरजा’ सोनम कपूर के करियर की सबसे दमदार फिल्मों में गिनी जाती है. यह फिल्म एयर होस्टेस नीरजा भनोट की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने 1986 में पैन एम फ्लाइट 73 के हाईजैक के दौरान यात्रियों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की. फिल्म में सोनम ने नीरजा के साहस, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को बेहद प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारा.

नीरजा में सोनम कपूर के अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा और उन्हें स्पेशल मेंशन नेशनल अवॉर्ड भी मिला. शबाना आजमी और योगेंद्र टिक्कू ने उनके माता-पिता की भूमिका निभाई है. फिल्म का भावनात्मक क्लाइमेक्स दर्शकों को भावुक कर देता है. देशभक्ति, मानवता और बहादुरी की मिसाल पेश करने वाली यह फिल्म सोनम कपूर के करियर की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल है. अगर आप प्रेरणादायक और भावनात्मक कहानियां पसंद करते हैं तो यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए. सोनम कपूर की नीरजा अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है.

सोनम कपूर के करियर की बेहतरीन फिल्मों के बारे में बात हो और ‘रांझणा’ का जिक्र न हो ऐसा तो नहीं हो सकता है. इस फिल्म में सोनम कपूर, धनुष और अभय देओल ने अहम रोल अदा किया था. सोनम फिल्म में जोया हैदर के रोल में दिखी थीं जबकि धनुष ने कुंदन शंकर का रोल निभाया था. वाराणसी की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म एक ऐसे लड़के की कहानी है, जो बचपन के प्यार को कभी भुला नहीं पाता.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सोनम का किरदार एक महत्वाकांक्षी लड़की का है, जिसकी जिंदगी में प्यार और राजनीति दोनों का अहम स्थान है. ए.आर. रहमान का संगीत और इरशाद कामिल के गीत फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं. ‘तुम तक’, ‘बनारसिया’ और ‘रांझणा हुआ मैं तेरा’ जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं. फिल्म में अभय देओल ने भी अहम भूमिका निभाई है. यह रोमांस और दर्द से भरी कहानी दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है. बॉलीवुड की एवरग्रीन रोमांटिक फिल्म ‘रांझणा’ जी5 पर मौजूद है.

जेन ऑस्टेन के मशहूर नॉवेल ‘एम्मा’ से प्रेरित ‘आयशा’ एक हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है. इस फिल्म में सोनम कपूर ने आयशा कपूर का किरदार निभाया है, जो अपने दोस्तों की जिंदगी और रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिश में लगी रहती है, लेकिन इसी दौरान उसे एहसास होता है कि जिंदगी और प्यार को नियंत्रित करना इतना आसान नहीं होता. फिल्म में अभय देओल, इरा दुबे, अमृता पुरी और लीजा हेडन भी अहम भूमिकाओं में हैं. शानदार फैशन, स्टाइलिश लोकेशन्स और मॉडर्न कहानी की वजह से यह फिल्म युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुई. सोनम के फैशन सेंस की भी खूब चर्चा हुई थी और फिल्म आज भी बॉलीवुड की सबसे स्टाइलिश फिल्मों में गिनी जाती है. अभय देओल और सोनम कपूर की फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है.

आर. बाल्की के निर्देशन में बनी ‘पैडमैन’ सामाजिक मुद्दे पर आधारित एक प्रेरणादायक फिल्म है. फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं, जबकि सोनम कपूर ने ‘पारुलिका’ नाम की एक सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका निभाई है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने में नायक का साथ देती है. यह फिल्म अरुणाचलम मुरुगनंथम की वास्तविक कहानी से प्रेरित है. सोनम और अक्षय की केमिस्ट्री तथा फिल्म का संदेश दर्शकों को काफी पसंद आया. यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाने का काम भी करती है. राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली इस फिल्म को समीक्षकों ने भी सराहा था. ये नेटफ्लिक्स पर है.

नेटफ्लिक्स पर सोनम कपूर और अनिल कपूर की फिल्म ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा’ लेस्बियन रिश्ते पर आधारित थी. ये अनोखी प्रेम कहानी है जिसमें सोनम के अभिनय को काफी सराहा गया था. पिता और बेटी की भावनात्मक कहानी फिल्म को और खास बनाती है. सामाजिक संदेश के साथ-साथ यह फिल्म रिश्तों, स्वीकार्यता और प्यार की खूबसूरत कहानी भी कहती है. सोनम कपूर के करियर की यह सबसे अलग फिल्मों में से एक मानी जाती है.

शशांक घोष के निर्देशन में बनी ‘वीरे दी वेडिंग’ चार दोस्तों की कहानी है, जो जिंदगी, प्यार, करियर और रिश्तों के उतार-चढ़ाव के बीच अपनी दोस्ती को सबसे ऊपर रखती हैं. फिल्म में सोनम कपूर ने अवनी शर्मा का किरदार निभाया है, जबकि करीना कपूर खान, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आई हैं. कहानी कालिंदी की शादी के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन इसके जरिए चारों दोस्तों की निजी जिंदगी, उनकी परेशानियां और उनके सपनों को भी दिखाया गया है. सोनम कपूर के करियर की चर्चित फिल्मों में शामिल ‘वीरे दी वेडिंग’ मनोरंजन, भावनाओं और दोस्ती का शानदार मिश्रण है. ये जी5 पर मौजूद है.

