Last Updated:
बॉबी देओल इन दिनों अपने करियर की दूसरी पारी को लेकर चर्चा में हैं. ‘रेस 3’, ‘आश्रम’, ‘एनिमल’ और हालिया फिल्मों के जरिए उन्होंने शानदार वापसी की है. लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उनका करियर लगभग ठहर गया था. काम की कमी, बढ़ती निराशा और शराब की लत ने उनकी जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया था. हाल ही में एक पॉडकास्ट में बॉबी देओल ने अपने जीवन के उसी कठिन दौर, अपनी मां प्रकाश कौर और पत्नी तान्या देओल के योगदान पर खुलकर बात की.

नई दिल्ली. बॉलीवुड में धर्मेंद्र का नाम सफलता, स्टारडम और सुपरहिट फिल्मों का पर्याय माना जाता है, लेकिन देओल परिवार की इस चमकदार कहानी के पीछे एक ऐसा चेहरा भी है जो हमेशा लाइमलाइट से दूर रहा. अब बॉबी देओल ने उस शख्सियत का जिक्र करते हुए दिल छू लेने वाला खुलासा किया है. एक्टर ने बताया कि शोहरत और ग्लैमर से घिरे माहौल के बावजूद उनकी मां प्रकाश कौर ने कभी खुद को उस दुनिया का हिस्सा नहीं बनने दिया और हमेशा परिवार को सबसे ऊपर रखा. इतना ही नहीं, बॉबी ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए पत्नी तान्या देओल के लिए भी भावुक शब्द कहे. उन्होंने माना कि जब करियर लड़खड़ा रहा था और हालात उनके खिलाफ थे, तब एक शख्स बिना शिकायत उनके साथ खड़ा रहा.

रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बॉबी देओल ने कहा कि लोग अक्सर उनके पिता धर्मेंद्र के प्रभाव की चर्चा करते हैं, लेकिन उनकी परवरिश और व्यक्तित्व को गढ़ने में उनकी मां प्रकाश कौर की भूमिका सबसे बड़ी रही है. उन्होंने कहा कि उनकी मां पूरी जिंदगी एक गृहिणी रहीं और उन्होंने कभी भी धर्मेंद्र की स्टारडम या शोहरत को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया.

बॉबी ने बताया, ‘मेरी मां बहुत कम उम्र में शादी करके हमारे परिवार में आई थीं. बाद में पापा को जो नाम, पैसा और शोहरत मिली, उससे वह कभी प्रभावित नहीं हुईं. वह हमेशा एक साधारण और जमीन से जुड़ी महिला रहीं. लोग मेरे पिता के बारे में ज्यादा बात करते हैं क्योंकि वह अभिनेता हैं, लेकिन बच्चों को सही संस्कार देने में मां की भूमिका सबसे अहम होती है.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस बातचीत में बॉबी ने अपनी पत्नी तान्या देओल की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि वह अपनी मां की झलक तान्या में देखते हैं. एक्टर ने कहा कि समाज अक्सर यह मान लेता है कि केवल बाहर जाकर नौकरी करने वाला व्यक्ति ही काम कर रहा है, जबकि घर और परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाली महिलाओं का योगदान कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण होता है.

बॉबी देओल ने अपनी पत्नी तान्या देओल को अपना सबसे बड़ा सपोर्ट सिस्टम और बैकबोन बताया. उन्होंने कहा कि उनके सबसे कठिन 10 से 15 सालों के दौरान तान्या ने न केवल उनका साथ दिया, बल्कि फाइनेंशियली और बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी भी अकेले उठाई. तान्या इंटीरियर डिजाइनिंग का बिजनेस करती हैं और सालों तक बॉबी के कपड़े भी डिजाइन करती रही हैं. बॉबी ने माना कि अगर तान्या उनके जीवन में नहीं होतीं तो वह कब के बिखर चुके होते.

बॉबी ने यह भी स्वीकार किया कि उस कठिन समय में उन्होंने अपनी पत्नी को कई बार नजरअंदाज किया. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शराब छोड़कर खुद पर ध्यान देना शुरू किया, तब उन्हें एहसास हुआ कि तान्या ने उनके लिए कितना कुछ किया है. बॉबी ने कहा, ‘मेरी पत्नी ने मेरा सबसे खराब दौर देखा. उसने मेरी हर कमजोरी को झेला, लेकिन कभी मेरा साथ नहीं छोड़ा. तब मुझे महसूस हुआ कि मैंने उसे हल्के में लिया था. मैंने खुद से पूछा कि मैं अपने बच्चों के लिए कैसा उदाहरण पेश कर रहा हूं. उसी सोच ने मेरी जिंदगी बदल दी.’

इंटरव्यू के दौरान बॉबी ने साल 1995 की अपनी लव स्टोरी भी शेयर की. उन्होंने बताया कि उन्होंने तान्या को पहली बार एक कैफे में देखा था, लेकिन उनकी दूसरी मुलाकात एक कार्ड पार्टी में हुई. बॉबी ने हंसते हुए बताया, ‘मुझे जुआ खेलना बिल्कुल पसंद नहीं है और मैं उस पार्टी में तान्या से लगातार हार रहा था. तभी मैंने उनसे पूछा-क्या मैं आपको इस हार के बदले डिनर पर ले जा सकता हूं? इसके बाद मैंने उनका पीछा किया, उनसे मिलने के लिए पार्टियों में बिना बुलाए जाने लगा. आखिरकार जब हमारी बात हुई तो हम घंटों बातें करते रहे. मेरी लापरवाह लाइफस्टाइल के बावजूद, मेरे ससुर हमारी शादी के लिए सिर्फ इसलिए मान गए क्योंकि उनके दिल में मेरे पिता (धर्मेंद्र) के लिए बहुत सम्मान था.’

शादी के 30 साल पूरे होने पर बॉबी ने सीख साझा करते हुए कहा कि शादी में कोई भी परफेक्ट नहीं होता. सबसे जरूरी बात यह है कि आप एक-दूसरे को बदलने की कोशिश न करें, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और समझौतों के साथ आगे बढ़ें. कपल के दो बेटे हैं आर्यमान और धरम देओल. वर्क फ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल हाल ही में अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ में नजर आ रहे हैं. जल्द वह फिल्म ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट और शरवरी के साथ दिखाई देंगे, जो जुलाई में रिलीज होने जा रही है.

