Last Updated:
‘द ड्रीम गर्ल्स डायमंड जुबली कॉन्सर्ट’ 10 जुलाई को मुंबई के शन्मुखानंद हॉल में होगा. संगीतमय शाम का मकसद सिंटा (CINTAA) के जरिये सिनेमा के जरूरतमंद कलाकारों और तकनीशियनों की सहायता करना है. शो में हेमा मालिनी अपने 60 साल के फिल्मी सफर को मनाते हुए पहली बार मंच पर लाइव गाना गाएंगी. कॉन्सर्ट की टिकट बिक्री से 5 लाख रुपये सिंटा को दान दिए जाएंगे. खास मौके पर उनके जीवन पर आधारित एक पुस्तक और डॉक्यूमेंट्री भी रिलीज की जाएगी.
हेमा मालिनी के फिल्मी सफर का जश्न मनाया जाएगा.
नई दिल्ली: बॉलीवुड की एवरग्रीन ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. हेमा मालिनी फिल्मी सफर को सेलिब्रेट करने के लिए पहली बार लाइव कॉन्सर्ट में गाना गाएंगी. ग्रैंड म्यूजिकल इवनिंग का नाम ‘द ड्रीम गर्ल्स डायमंड जुबली कॉन्सर्ट’ रखा गया है, जो 10 जुलाई को मुंबई के मशहूर शन्मुखानंद हॉल में आयोजित होने जा रहा है. ‘लेजेंड्स की कहानी, लेजेंड्स की जुबानी’ थीम पर बेस्ड इस कॉन्सर्ट को जाने-माने आरजे अनिरुद्ध चावला होस्ट कर रहे हैं. शो का सबसे बड़ा और नेक मकसद सिंटा (CINTAA) यानी फिल्म इंडस्ट्री के जरूरतमंद कलाकारों और तकनीशियनों की मदद करना है.
कॉन्सर्ट के ऐलान के लिए सिंटा ऑफिस में इमोशनल प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई थी, जहां पूनम ढिल्लों, पद्मिनी कोल्हापुरे, अनु मलिक, सुरेश वाडकर, शब्बीर कुमार और विजेता पंडित जैसे दिग्गज सितारे मौजूद रहे. इस मौके पर हेमा जी के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया गया और साथ ही धर्मेंद्र जी को मिले पद्म विभूषण सम्मान के गौरवशाली पलों को भी याद करके सबकी आंखें नम हो गईं. आरजे अनिरुद्ध चावला ने यादों के कलेक्शन से विंटेज रिकॉर्ड्स की प्रदर्शनी लगाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस को म्यूजियम में बदल दिया. इसके अलावा, लैंडमार्क एंटरटेनमेंट की तरफ से सिंटा को मदद का एक चेक भी सौंपा गया, क्योंकि इस पूरे इवेंट को संजीव गुप्ता की ग्लोबल एडवरटाइजर्स का बड़ा सपोर्ट हासिल है.
भावुक नजर आईं हेमा मालिनी
शो के बारे में बात करते हुए हेमा मालिनी काफी भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि धरमजी और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से जो बेइंतहा प्यार मिला है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने ऐलान किया कि वह और अनिरुद्ध मिलकर इस शो के टिकटों की कमाई से 5 लाख रुपये सिंटा को डोनेट करेंगे. हेमा जी ने यह भी वादा किया कि एक सांसद होने के नाते वह देश के कलाकारों की समस्याओं को संसद में जरूर उठाएंगी. इस शाम को खास बनाने के लिए उनके ‘नवरत्न’ यानी इंडस्ट्री के 9 बड़े सिंगर्स लाइव परफॉर्म करेंगे, जिनमें पद्मिनी कोल्हापुरे भी लाइव गाएंगी.
10 जुलाई की शाम होगी यादगार
रोमांच यहीं खत्म नहीं होता, क्योंकि इस डायमंड जुबली सेलिब्रेशन को आगे भी जारी रखा जाएगा. इस साल हेमा मालिनी और आरजे अनिरुद्ध चावला की एक खास किताब रिलीज की जाएगी. इसके साथ ही, हेमा जी की इस जादुई जर्नी पर एक वर्ल्ड-क्लास डॉक्यूमेंट्री भी बनाई जा रही है, जो पूरी दुनिया के दर्शकों तक उनके अनसुने किस्सों को पहुंचाएगी. कुल मिलाकर, 10 जुलाई की यह शाम सिर्फ गानों और डांस तक सीमित नहीं रहने वाली है, बल्कि यह सिनेमा, प्यार, धरमजी-हेमाजी की अमर प्रेम कहानी का एक ऐसा उत्सव होगी जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाएगी.
About the Author

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें

