Last Updated:
‘भूत बांग्ला’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, लेकिन इसी बीच फिल्म विवादों में घिरती नजर आ रही है.कुछ वेंडर्स और क्रू मेंबर्स ने आरोप लगाया है कि उनकी पेमेंट अब तक क्लियर नहीं हुई. किसी ने लाखों रुपये बकाया होने का दावा किया तो किसी ने महीनों से इंतजार करने की बात कही. मामला कानूनी नोटिस तक पहुंचने की चर्चा में है. हालांकि, मेकर्स ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है.

नई दिल्ली. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हालिया रिलीज हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बांग्ला’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म ने विश्व स्तर पर 230 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर अक्षय कुमार को 100 करोड़ क्लब में 20 फिल्मों वाला रिकॉर्ड दिलाया है. लेकिन, इसी सफलता के बीच फिल्म के मेकर्स पर वेंडर्स द्वारा भुगतान न करने के गंभीर आरोप लगे हैं. कई वेंडर्स ने दावा किया है कि फिल्म की सफलता के बावजूद उनके बकाए का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है.

मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, कुछ वेंडर्स और क्रू से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि फिल्म रिलीज होने के बाद भी उनके भुगतान अब तक क्लियर नहीं किए गए हैं. फिल्म से जुड़े कई वेंडर्स ने दावा किया है कि महीनों बीत जाने के बावजूद उन्हें उनका बकाया पैसा नहीं मिला.

एक वेंडर ने आरोप लगाया कि उसके करीब 30 लाख रुपये अभी तक अटके हुए हैं. वेंडर ने कहा कि फिल्म रिलीज होने के बाद पेमेंट निकलवाना और मुश्किल हो जाता है. वहीं, एक अन्य सदस्य ने दावा किया कि उसकी 18 लाख रुपये की फीस लंबे समय से पेंडिंग है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मामला तब और चर्चा में आ गया जब लेखक प्रांजल क्रिपलानी के बारे में खबर सामने आई कि उन्होंने निर्माताओं आलोक कुमार चौबे और संजय गुप्ता को 50 हजार रुपये के बकाया भुगतान को लेकर लीगल नोटिस भेजा है. इन खबरों ने सोशल मीडिया पर भी हलचल बढ़ा दी, जहां लोग फिल्म की सफलता के बीच पेमेंट विवाद को लेकर सवाल उठाने लगे.

हालांकि, अब फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बालाजी मोशन पिक्चर्स की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि कंपनी ने अपने सभी कॉन्ट्रैक्ट्स और भुगतान संबंधी जिम्मेदारियों को पूरी तरह निभाया है. कंपनी ने साफ शब्दों में कहा कि विभिन्न प्रोजेक्ट्स के लिए सभी तय भुगतान पूरे किए जा चुके हैं और किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है.

फिल्म की बात करें तो ‘भूत बांग्ला’ निर्देशक प्रियदर्शन की पांच साल बाद हिंदी सिनेमा में वापसी है. साथ ही यह 14 साल बाद उनकी और अक्षय की साथ में पहली फिल्म भी है. फिल्म में अक्षय कुमार डबल रोल में नजर आए हैं. कहानी लंदन में रहने वाले अर्जुन और उसकी बहन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अपने दादा से एक महल और बड़ी संपत्ति विरासत में मिलती है. लेकिन भारत के मंगलपुर गांव पहुंचने के बाद उन्हें एक डरावनी सच्चाई का सामना करना पड़ता है. गांव में यह मान्यता है कि वहां कोई भी शादी पूरी नहीं हो पाती क्योंकि ‘वधुसुर’ नाम की रहस्यमयी शक्ति दुल्हनों को उठा ले जाती है.

फिल्म में अक्षय कुमार डबल रोल में हैं. साथ में वामिका गब्बी, राजपाल यादव, तब्बू, परेश रावल और असरानी मुख्य भूमिकाओं में हैं. समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बावजूद दर्शक अक्षय के क्लासिक कॉमिक स्टाइल को खूब पसंद कर रहे हैं. फिल्म 17 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई थी. अब तक विश्व स्तर पर इसने 232.78 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और भारत में लगभग 148 करोड़ रुपये नेट कमा चुकी है. फिल्म का बजट 120 करोड़ रुपये था.

प्रोड्यूसर एकता कपूर ने हाल ही में प्रियदर्शन की तारीफ करते हुए इसे अपने करियर की सबसे बड़ी हिट बताया. अक्षय कुमार अब 20 फिल्मों के साथ 100 करोड़ क्लब में अकेले टॉप पर हैं. आपको बता दें कि बॉलीवुड में बढ़ते पेमेंट विवादों की एक और मिसाल है. कई फिल्मों में छोटे वेंडर्स, टेक्नीशियंस और क्रिएटिव्स को भुगतान में देरी की शिकायतें आम हो गई हैं. उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि बड़े बजट की फिल्मों में भी कैश फ्लो मैनेजमेंट की समस्या बनी रहती है. हालांकि, सफल फिल्मों में ऐसे विवाद दर्शकों और उद्योग दोनों के लिए चौंकाने वाले होते हैं.

