Last Updated:
बॉलीवुड में लीक से हटकर फिल्में करने वाले एक्टर के लिए एक साल ऐसा आया, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले इस हीरो की महज 12 महीनों के भीतर एक के बाद एक 3 फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज हुईं. अनोखे सब्जेक्ट्स होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर ये तीनों ही फिल्में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुईं, जिससे मेकर्स को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ा.

नई दिल्ली. बॉलीवुड इंडस्ट्री में सफलता और असफलता का चक्र बहुत तेजी से घूमता है. यहां कब कोई सितारा अर्श से फर्श पर आ जाए, कहा नहीं जा सकता. ऐसा ही कुछ हुआ हिंदी सिनेमा के सबसे टैलेंटेड और वर्सटाइल एक्टर्स में से एक आयुष्मान खुराना के साथ. एक समय था जब आयुष्मान की लगातार बैक-टू-बैक फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर हो रही थीं और मेकर्स उन पर आंख मूंदकर पैसा लगा रहे थे. लेकिन साल 2022 उनके करियर का सबसे कठिन साल साबित हुआ, जब उनकी लगातार तीन बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में औंधे मुंह गिर गईं.

मई 2022 में अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अनेक’ एक पॉलिटिकल एक्शन-थ्रिलर थी. फिल्म में आयुष्मान खुराना ने अमन नाम के एक अंडरकवर कॉप का किरदार निभाया था, जिसे नॉर्थ-ईस्ट में शांति बहाल करने के मिशन पर भेजा जाता है. फिल्म में एंड्रिया केविचुसा, जेडी चक्रवर्ती और कुमुद मिश्रा जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में थे.

फिल्म का विषय बहुत गंभीर और संवेदनशील था. पूर्वोत्तर भारत के राजनीतिक मुद्दों और वहां के लोगों के संघर्ष को पर्दे पर दिखाने की कोशिश तो अच्छी थी, लेकिन इसकी कहानी आम दर्शकों के लिए काफी उलझी हुई और धीमी साबित हुई. लगभग 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारत में बॉक्स ऑफिस पर 10 करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और बुरी तरह फ्लॉप रही.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इसके बाद आयुष्मान खुराना की अक्टूबर महीने में ‘डॉक्टर जी’ रिलीज हुई, जो एक मेडिकल कैंपस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म थी. अनुभूति कश्यप के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ रकुल प्रीत सिंह और शेफाली शाह मुख्य किरदारों में थीं. फिल्म में आयुष्मान ने डॉ. उदय गुप्ता का किरदार निभाया था, जो बनना तो ऑर्थोपेडिक सर्जन चाहता है, लेकिन किस्मत से उसे गायनोकोलॉजी में सीट मिल जाती है.

एक पुरुष का महिलाओं का डॉक्टर बनने का संघर्ष और कॉमेडी इस फिल्म का मुख्य हिस्सा था. आयुष्मान अपनी पुरानी लीग पर वापस लौटे थे, जहां वो टैबू सब्जेक्ट्स पर फिल्में बनाते हैं. फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यू मिले, लेकिन थिएटर में इसे दर्शक नसीब नहीं हुए. फिल्म का विषय थोड़ा बोल्ड और एडल्ट ह्यूमर से भरपूर था, जिसकी वजह से फैमिली ऑडियंस ने इससे दूरी बना ली जो मेकर्स के लिए घाटे का सौदा साबित हुई. 40 करोड़ की कमाई के साथ इस फिल्म का वर्डिक्ट फ्लॉप है.

आयुष्मान खुराना की तीसरी और उस साल की आखिरी रिलीज दिसंबर महीने में थी, जिनका नाम है ‘एन एक्शन हीरो’. अनिरुद्ध अय्यर के निर्देशन में बनी इस डार्क-कॉमेडी और सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म में आयुष्मान ने मानव नाम के एक बॉलीवुड एक्शन सुपरस्टार का किरदार निभाया था, जिससे अनजाने में एक मर्डर हो जाता है. फिल्म में जयदीप अहलावत ने विलेन भौरा पहलवान का बेहद दमदार रोल प्ले किया था, जो अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए लंदन तक आयुष्मान का पीछा करता है.

फिल्म का स्क्रीनप्ले, बैकग्राउंड म्यूजिक और जयदीप-आयुष्मान की जुगलबंदी कमाल की थी. लेकिन, यह फिल्म थिएटर्स में ऑडियंस के लिए तरस गई. दर्शकों को लगा कि यह सिर्फ एक और घिसी-पिटी बॉलीवुड कहानी है, और वे थिएटर तक नहीं गए. करीब 40 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ 16 करोड़ रुपये ही कमा सकी, जिससे मेकर्स को भारी चपत लगी.

इस तरह आयुष्मान खुराना की एक साल में तीन फिल्में रिलीज हुईं और तीनों बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रहीं. इन तीनों फिल्मों के फ्लॉप होने से मेकर्स को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ. इन दिनों आयुष्मान खुराना की फैमिली ड्रामा मूवी पति ‘पत्नी और वो दो’ लगी हुई है, लेकिन कमाई के मामले में यह फिल्म भी कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है.

