Last Updated:
भारतीय सिनेमा में फिल्मों का क्लैश हमेशा से दर्शकों और बॉक्स ऑफिस विश्लेषकों के लिए सबसे बड़ा रोमांच रहा है. जब दो बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में टकराती हैं, तो केवल करोड़ों रुपयों की कमाई ही दांव पर नहीं होती, बल्कि उनका स्टारडम और साख भी दांव पर लगी होती है. हाल ही में आई खबर के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ और इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ के बीच एक और ऐतिहासिक महा-मुकाबला होने जा रहा है. इस नए क्लैश की चर्चा के बीच, आइए नजर डालते हैं बॉलीवुड के इतिहास के उन 10 सबसे बड़े बॉक्स ऑफिस मुकदमों पर जिन्होंने थियेटर्स को हिला कर रख दिया था.

नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस की दुनिया में कई बार ऐसे टकराव देखने को मिले हैं, जब दो बड़े सुपरस्टार्स की फिल्मों ने एक ही दिन सिनेमाघरों में दस्तक देकर पूरा माहौल गर्मा दिया. दर्शकों के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं होता, लेकिन मेकर्स के लिए यह एक बड़ा रिस्क साबित होता है. जब स्टार पावर, बड़े बजट और भारी प्रमोशन एक-दूसरे के आमने-सामने आते हैं तो नतीजा सिर्फ कमाई नहीं बल्कि प्रतिष्ठा का भी सवाल बन जाता है. कुछ फिल्मों ने इस महासंग्राम में शानदार जीत दर्ज कर बॉक्स ऑफिस पर कब्जा जमाया तो कुछ को दर्शकों की बेरुखी और कम स्क्रीन शेयरिंग की वजह से नुकसान उठाना पड़ा. कई बार कंटेंट भारी स्टारडम पर भारी पड़ जाता है तो कभी एक बड़ा नाम पूरे मुकाबले को पलट देता है. ऐसे टकराव न सिर्फ इंडस्ट्री की रणनीति बदलते हैं, बल्कि यह भी तय करते हैं कि दर्शकों का असली झुकाव किस तरफ है.

बंटवारा 1947 Vs आवारापन 2: बॉलीवुड में फिल्मों का टकराव कोई नई बात नहीं है, लेकिन साल 2026 का स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बेहद दिलचस्प मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है. आमिर खान प्रोडक्शंस और राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही सनी देओल और प्रीति जिंटा की विभाजन पर आधारित मेगा-ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ सीधे तौर पर इमरान हाशमी की कल्ट फिल्म के सीक्वल ‘आवारापन 2’ से टकराएगी. दिलचस्प बात यह है कि करीब दो दशक पहले जून 2007 में भी इन दोनों की फिल्में ‘अपने’ और ‘आवारापन’ एक साथ रिलीज हुई थीं. अब इतिहास खुद को दोहरा रहा है.

लगान Vs गदर: इसको को भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा क्लैश माना जाता है. आमिर खान की ‘लगान’ और सनी देओल की ‘गदर’ एक ही दिन रिलीज हुईं. जहां ‘लगान’ ने देश-विदेश में तारीफें बटोरीं और ऑस्कर की दहलीज तक पहुंची, वहीं ‘गदर’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई का ऐसा तूफान खड़ा किया जो आज भी एक मिसाल है. दोनों फिल्में ब्लॉकबस्टर साबित हुईं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ओम शांति ओम Vs सावरिया : दिवाली के इस ऐतिहासिक क्लैश में शाहरुख खान की ‘ओम शांति ओम’ के सामने संजय लीला भंसाली की ‘सावरिया’ थी. ‘सावरिया’ से दो बड़े स्टार किड्स- रणबीर कपूर और सोनम कपूर अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे, लेकिन शाहरुख के स्टारडम के आगे भंसाली का जादू फीका पड़ गया और ‘ओम शांति ओम’ व्यावसायिक रूप से एकतरफा विजेता बनकर उभरी.

जब तक है जान Vs सन ऑफ सरदार: यश चोपड़ा की आखिरी निर्देशित फिल्म ‘जब तक है जान’ (शाहरुख खान) और अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार’ के बीच का यह मुकाबला स्क्रीन आवंटन के कानूनी विवादों के कारण काफी कड़वाहट से भरा रहा. विवादों के बावजूद दोनों फिल्मों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वैश्विक स्तर पर किंग खान का रोमांटिक ड्रामा आगे रहा.

दिलवाले Vs बाजीराव मस्तानी: रोहित शेट्टी के निर्देशन में शाहरुख खान और काजोल की जादुई जोड़ी ‘दिलवाले’ के जरिए वापस आई थी, तो दूसरी तरफ भंसाली का ऐतिहासिक महाकाव्य ‘बाजीराव मस्तानी’ (रणवीर-दीपिका) खड़ा था. शुरुआत में ‘दिलवाले’ ने अपनी मास अपील के कारण बड़ी ओपनिंग ली, लेकिन ‘बाजीराव मस्तानी’ ने अपनी शानदार माउथ-पब्लिसिटी के दम पर लंबी रेस जीती और भारत में बड़ी हिट साबित हुई.

रईस Vs काबिल: गणतंत्र दिवस के मौके पर शाहरुख खान की क्राइम-ड्रामा ‘रईस’ और ऋतिक रोशन की सस्पेंस-थ्रिलर ‘काबिल’ आपस में भिड़ गईं. स्क्रीन्स को लेकर दोनों मेकर्स में काफी खींचतान हुई. ‘रईस’ को शाहरुख के क्रेज के कारण बंपर ओपनिंग मिली, वहीं ‘काबिल’ ने ऋतिक की शानदार एक्टिंग की बदौलत मजबूत पकड़ बनाए रखी.

गोल्ड Vs सत्यमेव जयते: स्वतंत्रता दिवस के अवकाश का फायदा उठाने के लिए अक्षय कुमार की स्पोर्ट्स-ड्रामा ‘गोल्ड’ और जॉन अब्राहम की हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ एक साथ आईं. ट्रेड पंडितों को उम्मीद थी कि ‘गोल्ड’ बाजी मारेगी, लेकिन जॉन अब्राहम की फिल्म ने अपनी धांसू कमाई से सबको चौंका दिया.

तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर Vs छपाक: अजय देवगन की भव्य ऐतिहासिक एक्शन फिल्म ‘तान्हाजी’ का मुकाबला दीपिका पादुकोण की एसिड-अटैक सर्वाइवर पर आधारित सामाजिक फिल्म ‘छपाक’ से हुआ. जहां ‘छपाक’ को समीक्षकों की सराहना मिली, वहीं ‘तान्हाजी’ बॉक्स ऑफिस पर एक अजेय ब्लॉकबस्टर साबित हुई और साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई.

एनिमल Vs सैम बहादुर: रणबीर कपूर की रोंगटे खड़े कर देने वाली हिंसक फिल्म ‘एनिमल’ के सामने विक्की कौशल की ‘सैम बहादुर’ रिलीज हुई. ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ते हुए छप्परफाड़ कमाई की, लेकिन ‘सैम बहादुर’ ने भी अपनी मजबूत कहानी और विक्की की बेहतरीन एक्टिंग के दम पर सम्मानजनक कमाई की.

डंकी Vs सालार: क्रिसमस के मौके पर महज एक दिन के अंतर से रिलीज हुईं शाहरुख खान की ‘डंकी’ और प्रभास की पैन-इंडिया एक्शन फिल्म ‘सालार’ के बीच सोशल मीडिया पर फैंस का भयंकर युद्ध देखने को मिला. थियेटर्स मालिकों के लिए स्क्रीन्स बांटना एक सिरदर्द बन गया था. हालांकि, दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर नोटों की भारी बारिश की और सुपरहिट साबित हुईं.

