Last Updated:
Box Office Report: इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर तीन बड़ी फिल्मों ने दस्तक दी है और तीनों अलग-अलग कारणों से सुर्खियां बटोर रही हैं. पैन इंडिया रिलीज ‘पेद्दी’ विवादों में घिरी है लेकिन फिल्म की कमाई पर इसका कोई असर पड़ते नहीं दिख रहा है. वहीं दूसरी तरफ वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और अनुराग कश्यप की ‘बंदर’ थिएटर्स तक दर्शकों को खींच लाने में असफल दिख रही है.

नई दिल्ली. पिछले हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर तीन बड़ी फिल्में ‘’पेद्दी’’, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ और ‘बंदर’ रिलीज हुईं. इनमें से सिर्फ ‘पेद्दी’ ही अच्छी कमाई करने में सफल रही है. जाह्नवी कपूर के ऑब्जेक्टिफिकेशन विवाद के बावजूद फिल्म कलेक्शन करने में सफल रही है. तो चलिए जानते हैं कि अब तक किस फिल्म ने कितने करोड़ का बिजनेस किया है.

‘पेद्दी’- बुची बाबू सना द्वारा निर्देशित और राम चरण-जाह्नवी कपूर स्टारर एक स्पोर्ट्स ड्रामा है. फिल्म में राम चरण के अभिनय और ट्रांसफॉर्मेशन को काफी सराहा गया. कई स्पोर्ट्स पर आधारित फिल्म में जाह्नवी के किरदार और पोर्ट्रेयल पर सवाल उठे, लेकिन साउथ में इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है.

‘पेद्दी’’ने 4 जून को पेड प्रीमियर के साथ थिएटर्स में अपने सफर की शुरुआत की थी. बीते मंगलवार को रिलीज के छठे दिन फिल्म ने 9.65 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. ये कमाई सोमवार की कमाई से थोड़ी कम है. सोमवार के मुकाबले फिल्म ने 19.9 प्रतिशत कम कमाई की थी. सोमवार को ‘पेद्दी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 12.05 करोड़ रुपये छापे थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

6 दिन के कलेक्शन के बाद ‘पेद्दी’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 179.35 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है. वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है. वहीं वर्ल्ड वाइड ग्रॉस कलेक्शन 261.23 करोड़ रुपये पहुंच गया है.

अब बात करते हैं वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की कमाई के बारे में. डेविड धवन की आखिरी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फुस्स होते दिख रही है. डेविड धवन ने 90 के दशक के उसी घिसे-पीटे कॉन्सेप्ट को नए फ्लेवर के साथ पेश करने की नाकाम कोशिश की है. वरुण धवन के साथ फिल्म में मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मौनी रॉय ने भी अहम किरदार अदा किया है.

इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ने सिंगल डिजिट में खाता खोला था. है जवानी तो इश्क होना है ने पहले दिन 7 करोड़ रुपये की कमाई के साथ खाता खोला था. वहीं सैकनिल्क के मुताबिक बीते मंगलवार को फिल्म 3.99 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. अब फिल्म का कुल कलेक्शन 31 करोड़ रुपये जा पहुंचा है.

अब अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित और बॉबी देओल, सान्या मल्होत्रा स्टारर फिल्म ‘बंदर’ की बात करें, तो इस एडल्ट रेटेड डार्क कॉमेडी फिल्म को भी दर्शकों का कुछ खास अच्छा रिस्पांस नहीं मिला है. फिल्म ने 50 लाख के साथ अपना खाता खोला था और आंकड़ों को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि पहले हफ्ते में फिल्म 3-4 करोड़ रुपये का बिजनेस भी नहीं कर पाएगी.

वीकेंड में फिल्म की कमाई में थोड़ी सी बढ़ोत्तरी देखने को मिली, लेकिन पहले ही सोमवार को बंदर का दम निकल गया. फिल्म कुछ खास कलेक्शन नहीं कर पाई है. अब तक बंदर ने 2.94 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है. TIFF में क्रिटिक्स द्वारा सराहे जाने के बावजूद फिल्म की कमाई पर खास असर नहीं पड़ा है.

