Last Updated:
फिल्म ‘एनिमल’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद बॉबी देओल का स्टारडम सातवें आसमान पर है और उन्हें फैंस का भरपूर प्यार और दुआएं मिल रही हैं. हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री में एक्टर्स की बढ़ती फीस और पैसों की अहमियत पर खुलकर बात करते हुए बॉबी देओल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बेबाकी से कहा कि जिंदगी में पैसे जरूरी होते हैं और अगर कोई एक्टर अपनी मेहनत के हिसाब से ज्यादा फीस की डिमांड करता है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है.

नई दिल्ली. साल 2023 में आई फिल्म ‘एनिमल’ की कामयाबी ने बॉबी देओल के करियर को एक नया जीवन दिया है, जिसके बाद से फैंस के बीच उनका क्रेज सातवें आसमान पर है. हाल ही में एक मजेदार वाकया सामने आया, जब दीवानगी इस कदर बढ़ी कि सड़क पर चलते लोगों ने बॉबी की कार रुकवाकर दुआ देने लगे. इस जबरदस्त कमबैक के बीच स्टारडम और फीस बढ़ोतरी पर बात करते हुए बॉबी देओल ने बेबाकी से कहा कि अगर कोई एक्टर अपने काम के लिए ज्यादा पैसे मांगता है, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है.

न्यूज18 के साथ इंटरव्यू के दौरान बॉबी देओल ने एक्टर्स की फीस को लेकर बात की. उनसे पूछा गया कि ‘आश्रम’ सीरीज, ‘एनिमल’ और ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की सक्सेस के बाद आपने अपनी फीस बढ़ा दी थी? इस पर जवाब देते हुए बॉबी देओल ने कहा, ‘देखिए हम सब काम करते हैं, आखिर में हम जितना भी कह लें. पैसे जरूरी होते हैं जीवन चलाने के लिए’.

बॉबी देओल ने आगे कहा कि, ‘जब आप मेहनत करते हैं तो आपकी वैल्यू बढ़ती हैं. तो प्राइस भी बढ़ती है और ये नॉर्मल है. बतौर एक्टर जब मैं कुछ करना चाहता हूं तो फीस के बारे में नहीं सोचता हूं.’ इस तरह बॉबी देओल ने साफ कर दिया कि एक्टर्स के लिए काम के बदले ज्यादा पैसे मांगने में कुछ गलत नहीं है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इसके बाद बॉबी देओल ने ‘एनिमल’ की सक्सेस को लेकर बात की. इस मूवी में उन्हें विलेन का रोल निभाया था, जिसकी क्लाइमैक्स में रणबीर कपूर के किरदार के साथ जबरदस्त भिड़ंत होती है. उन्होंने बताया कि ‘एनिमल’ की सक्सेस के बाद इंडस्ट्री के लोगों और फैंस ने उनकी खूब तारीफ की.

बॉबी देओल ने कहा, ‘एनिमल की सक्सेस के बाद इंडस्ट्री से कई लोगों का फोन आया. मेरे काम से इंडस्ट्री वाले बहुत खुश थे. मैं जहां भी जाता हूं, सब मुझे बहुत प्यार देते हैं. कहते हैं कि तेरी सक्सेस से लगता है कि हम सफल हुए हैं. इस तरह लोगों ने मुझे प्यार दिया है.’

एक्टर ने आगे बताया कि कैसे लोग ‘एनिमल’ की सफलता के बाद उन्हें बीच सड़क पर दुआ देने लगे थे. उन्होंने कहा, ‘लोग अक्सर मेरी कार के पास आते और मैं पूछता हूं कि फोटो लेनी है तो वो कहते हैं नहीं सर, आपको दुआ देनी हैं. हम चाहते हैं कि आप और तरक्की करो. यह बहुत शानदार है.’

बताते चलें कि ‘एनिमल’ ही वो फिल्म है, जिससे बॉबी देओल का बॉलीवुड इंडस्ट्री में असली कमबैक हुआ. बॉक्स ऑफिस पर यह मूवी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई. संदीप रेड्डी वांगा के डायरेक्शन में बनी ‘एनिमल’ ने दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया था. अब फैंस इसके सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ का इंतजार कर रहे हैं.

