Last Updated:
दक्षिण भारतीय सिनेमा की सुपरस्टार नयनतारा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनका पारिवारिक जीवन और केरल स्थित उनका पैतृक घर है. सोशल मीडिया पर हाल ही में उनके पति और फिल्ममेकर विग्नेश शिवन द्वारा साझा की गई कुछ तस्वीरों और वीडियो ने फैंस का ध्यान खींच लिया है.

नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा जगत में ‘लेडी सुपरस्टार’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस नयनतारा आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. मलयालम, तमिल और हिंदी फिल्मों में अपनी धाक जमाने वाली नयनतारा भले ही आज करोड़ों की संपत्ति और लग्जरी लाइफस्टाइल की मालकिन हैं, लेकिन वह अपनी जड़ों और संस्कारों को कभी नहीं भूलीं. हाल ही में उनके पति और फिल्म निर्माता विग्नेश शिवन ने नयनतारा के केरल के तिरुवल्ला स्थित पुश्तैनी घर की कुछ बेहद खूबसूरत और अनदेखी झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की हैं, जिसने फैंस का दिल जीत लिया है.

केरल के तिरुवल्ला के एक पारंपरिक ईसाई परिवार में जन्मीं नयनतारा का असली नाम ‘डायना कुरियन’ था. वह बचपन से ही पढ़ाई-लिखाई में काफी होशियार थीं. एक दिन जब वह घर पर बैठकर अपना कॉलेज असाइनमेंट पूरा कर रही थीं, तभी उनके पास एक फोन कॉल आया जिसने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी. यह फोन कॉल प्रसिद्ध मलयालम निर्देशक सत्यन एंथिकड का था. फोटो साभार-@nayanthara/Instagram

दरअसल, उन्होंने एक वनिता पत्रिका के कवर पेज पर डायना को देखा था और अपनी फिल्म ‘मनस्सिनाक्करे’ के लिए उन्हें साइन करने का मन बना लिया था. शुरुआत में नयनतारा के रिश्तेदारों को उनके फिल्मों में काम करने से आपत्ति थी, लेकिन माता-पिता के सहयोग से वह आगे बढ़ीं और फिर डायना हमेशा के लिए सिनेमा की ‘नयनतारा’ बन गईं. फोटो साभार-@nayanthara/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google

नयनतारा के माता-पिता आज भी केरल से अपना गहरा जुड़ाव रखते हैं. उनके पिता कुरियन कोडियाट्टू भारतीय वायुसेना में वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं, जबकि मां ओमना कुरियन एक घरेलू महिला हैं. परिवार की यही जड़ें आज भी उनके घर और जीवनशैली में साफ दिखाई देती हैं.

नयनतारा जब भी समय निकालती हैं, वह अपने माता-पिता के पास केरल जरूर पहुंचती हैं. कहा जाता है कि वह अपने पति विग्नेश शिवन और अपने जुड़वां बच्चों के साथ निजी विमान के जरिए भी परिवार से मिलने जाती हैं. हाल ही में सामने आए वीडियो में विग्नेश शिवन ने केरल स्थित परिवार के घर तक की यात्रा को रिकॉर्ड किया, जिसमें एक शांत और पारंपरिक केरल शैली का घर दिखाई देता है.

यह घर एक गेटेड कम्युनिटी के अंदर स्थित है और इसके गेट पर आज भी ‘कुरियन कोडियाट्टू’ नाम लिखा हुआ है, जो परिवार की पुरानी पहचान को दर्शाता है. नयनतारा की मां ओमना कुरियन को लेकर भी परिवार में विशेष सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिलता है. बताया जाता है कि विग्नेश शिवन उन्हें अपनी मां की तरह मानते हैं और उनका नंबर उन्होंने अपने फोन में ”चक्करमा उम्मा’ (प्यारी मां) के नाम से सेव किया हुआ है. यह बात स्वयं ओमना कुरियन ने भी एक डॉक्यूमेंट्री में साझा की थी.

परिवार की धार्मिक आस्था भी इस कहानी का अहम हिस्सा है. हाल ही में नयनतारा और विग्नेश शिवन ने केरल के चक्कुलाथुकावु मंदिर में दर्शन किए थे और विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की थी. नयनतारा की मां ओमना कुरियन भी आस्था को लेकर उदार हैं और किसी धर्म में भेदभाव नहीं करतीं. परिवार ईसाई होने के बावजूद मंदिरों में पूजा करता है, जो केरल की सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल है. फोटो साभार-@nayanthara/Instagram

फिल्मी दुनिया में जहां नयनतारा को साउथ इंडिया की ‘लेडी सुपरस्टार’ कहा जाता है. वहीं, निजी जीवन में वह एक बेहद साधारण और पारिवारिक महिला के रूप में अपने रिश्तों को प्राथमिकता देती हैं. डायना कुरियन से नयनतारा बनने का उनका सफर जितना ग्लैमरस रहा है, उतना ही भावनात्मक रूप से अपने परिवार से जुड़ा भी रहा है. आज उनका घर केवल एक संपत्ति नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, पहचान और जड़ों की कहानी का प्रतीक बन चुका है, जो स्टारडम के बीच भी उनकी सादगी को दर्शाता है. फोटो साभार-@nayanthara/Instagram

