Last Updated:
Pahlaj Nihalani box office hit movies: बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता पहलाज निहलानी अब हमारे बीच नहीं रहे. 80 और 90 के दशक में उन्होंने एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्में देकर बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम किया था. गोविंदा और चंकी पांडे जैसे सितारों के करियर को नई उड़ान देने वाले पहलाज निहलानी ने लगातार 7 हिट फिल्मों के साथ ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसकी चर्चा आज भी होती है. उनके निधन के बाद फैंस और फिल्म जगत उनके सुनहरे दौर को याद कर रहे हैं.

बॉलीवुड गलियारों से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आ रही है.हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्माता और सेंसर बोर्ड (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया है. इस दुखद खबर के सामने आते ही पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। भले ही आज वे हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन हिंदी सिनेमा में उनका योगदान और उनकी यादें हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी। पहलाज निहलानी सिर्फ एक फिल्म निर्माता नहीं थे, बल्कि वे 80 और 90 के दशक के वो ‘किंगमेकर’ और ‘शोमैन’ थे, जिन्होंने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. आज हम आपको उनकी 7 हिट मूवीज के बारे में बताएंगे,जिसे फैंस आज भी नहीं भूल पाएं हैं.

साल 1993 में आई फिल्म ‘आंखें’ पहलाज निहलानी के करियर की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक फिल्म है. डेविड धवन के डायरेक्शन में बनी इस मजेदार कॉमेडी फिल्म ने कमाई के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. खबरों के मुताबिक, सिर्फ 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने उस जमाने में 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की ताबड़तोड़ कमाई की थी. गोविंदा, चंकी पांडे और कादर खान की कमाल की कॉमेडी के साथ-साथ इस फिल्म का बंदर (बजरंगी) और ‘ओ लाल दुपट्टे वाली’ गाना आज भी लोगों को बहुत पसंद आता है.

शोला और शबनम (1992) – सुपर हिट: इस फिल्म ने एक्टर गोविंदा के करियर को एक नई और मजबूत पहचान दी थी. इससे पहले गोविंदा को लोग सिर्फ एक अच्छे डांसर या सीधे-साधे लड़के के रूप में जानते थे, लेकिन पहलाज निहलानी की इस फिल्म ने उन्हें एक एक्शन और रोमांटिक हीरो बना दिया. यह फिल्म 1992 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी. फिल्म में दिव्या भारती के साथ गोविंदा की जोड़ी और ‘तू पागल प्रेमी आवारा’ जैसे गानों ने उस दौर के युवाओं के बीच तहलका मचा दिया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इल्जाम (1986) – सुपरहिट: पहलाज निहलानी ने ही इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड को उसका सबसे बड़ा डांसिंग स्टार यानी ‘गोविंदा’ दिया था. मुख्य हीरो के रूप में गोविंदा की यह पहली बड़ी और सुपरहिट फिल्म थी. इस फिल्म में गोविंदा के साथ नीलम, शत्रुघ्न सिन्हा और शशि कपूर जैसे बड़े कलाकार थे. साल 1986 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप फिल्मों में शामिल इस फिल्म के गाने ‘आई एम ए स्ट्रीट डांसर’ ने गोविंदा के डांस को रातों-रात हर गली-मोहल्ले में मशहूर कर दिया था.

पाप की दुनिया (1988) – ब्लॉकबस्टर: यह फिल्म दिखाती है कि पहलाज निहलानी सिर्फ कॉमेडी ही नहीं, बल्कि धमाकेदार एक्शन फिल्में बनाने में भी माहिर थे. सनी देओल, चंकी पांडे, नीलम और डैनी जैसे बड़े कलाकारों से सजी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही धूम मचा दी थी. यह 1988 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक थी. फिल्म में सनी देओल का खतरनाक एक्शन और चंकी पांडे का कूल अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि थिएटर्स के बाहर टिकट के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग जाती थीं.

आग ही आग (1987) – सुपरहिट: यह फिल्म एक्टर चंकी पांडे के करियर के लिए सबसे खास मानी जाती है, क्योंकि पहलाज निहलानी ने ही इस फिल्म के जरिए उन्हें बॉलीवुड में एक बहुत बड़ा ब्रेक दिया था. फिल्म में धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े और पुराने सुपरस्टार्स होने के बावजूद, नए लड़के चंकी पांडे ने अपनी एक्टिंग और स्टाइल से सबका दिल जीत लिया. यह एक्शन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और इसने चंकी पांडे को स्टार बना दिया.

अंदाज (1994) – हिट: 90 के दशक में पहलाज निहलानी ने एक बार फिर डायरेक्टर डेविड धवन के साथ मिलकर अनिल कपूर, जूही चावला और करिश्मा कपूर को लेकर यह मजेदार फिल्म बनाई थी. दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और इसने अच्छी कमाई की. हालांकि, इस फिल्म का गाना ‘खड़ा है खड़ा है’ अपने शब्दों की वजह से काफी विवादों में भी रहा था, लेकिन फिर भी दर्शकों ने फिल्म को खूब पसंद किया और यह सफल रही.

मिट्टी और सोना (1989) – सेमी-हिट: यह फिल्म अपने समय के हिसाब से एक बहुत ही अलग और साहसी विषय पर बनाई गई थी, जिसने उस दौर के समाज में काफी चर्चा बटोरी थी. चंकी पांडे, सोनम और नसीरुद्दीन शाह की एक्टिंग से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी. फिल्म की कहानी से ज्यादा इसके गानों ने रिकॉर्ड तोड़ कामयाबी हासिल की थी, खासकर एक्ट्रेस सोनम और चंकी पांडे पर फिल्माया गया गाना “हीरोगिरी करते हैं” कॉलेज के युवाओं के बीच बहुत बड़ा हिट साबित हुआ था.

