Last Updated:
आलिया भट्ट और वरुण धवन बॉलीवुड के वो स्टारकिड हैं जिन्होंने एक साथ करियर की शुरुआत की थी. दोनों ने साल 2012 में स्टूडेंट ऑफ द ईयर से फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था. आलिया और वरुण ने अपने करियर में कुल 4 फिल्मों में साथ काम किया है. आज आपको उन 4 फिल्मों के बारे में बताते हैं-

नई दिल्ली. ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से आलिया भट्ट और वरुण धवन ने फिल्मों में कदम रखा था. करण जौहर ने आलिया, वरुण और सिद्धार्थ मल्होत्रा को लॉन्च किया था. लगभग 59 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. इस रोमांटिक फिल्म में आलिया-वरुण की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था.

फिल्म स्टूडेंट्स के इर्द-गिर्द घूमती है. रोहन नंदा (वरुण धवन) एक अमीर परिवार का लड़का है, जबकि अभिमन्यु सिंह (सिद्धार्थ मल्होत्रा) साधारण परिवार से आता है. दोनों अच्छे दोस्त होते हैं, लेकिन ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ प्रतियोगिता और शानाया (आलिया भट्ट) के आने से उनके रिश्तों में खटास आ जाती है. इस क्लासिक ट्रायंगल लव स्टोरी को यंग ऑडियंस का अच्छा रिस्पांस मिला था. फिल्म नेटफ्लिक्स पर है.

वरुण धवन और आलिया भट्ट की जोड़ी का नाम आते ही सबसे पहले ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ याद आती है. साल 2014 में रिलीज हुई यह फिल्म एक ऐसी रोमांटिक कॉमेडी है, जिसने युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी. फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया था, जबकि करण जौहर इसके निर्माता थे. यह फिल्म आंशिक रूप से 1995 की सुपरहिट फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ से प्रेरित मानी जाती है, लेकिन इसकी कहानी और किरदार पूरी तरह आधुनिक दौर के हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्म में वरुण धवन ने हम्प्टी शर्मा का किरदार निभाया है, जो दिल्ली का एक खुशमिजाज और बेफिक्र लड़का है. वहीं आलिया भट्ट कविता प्रताप सिंह के रोल में नजर आती हैं, जो अंबाला के एक सख्त परिवार से ताल्लुक रखती है. कविता की शादी तय हो चुकी है, लेकिन दिल्ली आने के बाद उसकी मुलाकात हम्प्टी से होती है और दोनों के बीच प्यार पनपने लगता है. दोनों की प्रेम कहानी में मासूमियत, रोमांस भर-भरके देखने को मिलता है. ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर है.

अगर आपको ऐसी प्रेम कहानी पसंद है जिसमें मनोरंजन के साथ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी हो, तो ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. साल 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया था. यह फिल्म ‘हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया’ की आधिकारिक सीक्वल नहीं थी, लेकिन उसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा मानी गई थी.

आलिया भट्ट और वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ 45-50 करोड़ की लागत से बनी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही है. रोमांटिक मूवी ने दुनियाभर में 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. इस फिल्म को आप घर बैठे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

अब इस जोड़ी की आखिरी फिल्म ‘कलंक’ की बात करते हैं. ये सुपरफ्लॉप रही थी. इस फिल्म ने आलिया-वरुण की हिट स्ट्रीक पर रोक लगा दी. करण जौहर की ‘कलंक’ बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई है. ये दोनों की साथ में आखिरी फिल्म भी थी.2019 के बाद से आलिया भट्ट और वरुण धवन ने साथ में फिल्म नहीं की है.

‘कलंक’ वरुण धवन और आलिया भट्ट की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जाती है. साल 2019 में रिलीज हुई यह पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म अभिषेक वर्मन के निर्देशन में बनी थी. फिल्म का निर्माण करण जौहर ने किया था और इसमें कई बड़े सितारे एक साथ नजर आए थे. फिल्म में वरुण धवन, आलिया भट्ट, आदित्य रॉय कपूर, कुणाल खेमू, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और सोनाक्षी सिन्हा ने अहम किरदार अदा किया था.

