Last Updated:
बॉक्स ऑफिस पर साउथ सिनेमा का दबदबा एक बार फिर देखने को मिल रहा है. राम चरण ‘पेद्दी’ थिएटर्स में तहलका मचा रही है. हालांकि, वर्किंग डेज में इसकी कमाई कम हुई है. राम चरण की फिल्म अब भारत में 200 करोड़ क्लब की तरफ तेजी से भाग रही है. वहीं, वरुण धवन की कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ दर्शकों को लुभाने में नाकाम रही और इसकी रफ्तार मंद पड़ गई है, जबकि अनुराग कश्यप और बॉबी देओल की ‘बंदर’ का हाल तो और भी बुरा है.

नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर राम चरण और जाह्नवी कपूर स्टारर ‘पेद्दी’ का जलवा कायम है, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड फिल्में पानी मांगती नजर आ रही हैं. ‘पेद्दी’ ने तूफानी रफ्तार से दौड़ते हुए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 185 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. इसके ठीक उलट, वरुण धवन की कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का बॉक्स ऑफिस पर दम निकलता दिख रहा है, तो वहीं अनुराग कश्यप और बॉबी देओल की ‘बंदर’ भी दर्शकों के लिए तरसते हुए चारों खाने चित हो चुकी है.

बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारी उम्मीदों के साथ 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जबकि 3 जून को इसके पेड प्रीमियर रखे गए थे. ओपनिंग वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन शानदार रहा. अब वर्किंग डेज शुरू होते ही फिल्म की रफ्तार में थोड़ी कमी देखने को मिल रही है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘पेद्दी’ ने 7वें दिन यानी बुधवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 7.55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है.

इसी के साथ फिल्म का पहले हफ्ते का कुल कलेक्शन 187.25 करोड़ तक पहुंच गया है. बुधवार को थिएटर्स में फिल्म की कुल ऑक्युपेसी 21.59 फीसदी दर्ज की गई, जिसके लिए देशभर में कुल 7290 शोज चलाए जा रहे हैं. सोमवार को फिल्म की कमाई में उम्मीद के मुताबिक गिरावट देखी गई थी, जब इसने 12.35 करोड़ बटोरे थे, लेकिन मंगलवार को यह आंकड़ा और गिरकर 9.70 करोड़ पर आ गया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बॉक्स ऑफिस पर ‘पेड्डी’ की शुरुआत धमाकेदार रही थी. फिल्म ने पेड प्रीमियर शो से ही 18.50 करोड़ बटोर लिए थे, जबकि पहले दिन (ओपनिंग डे) इसने 51 करोड़ की बम्पर कमाई की. इसके बाद शुक्रवार को 26.90 करोड़, शनिवार को 29.10 करोड़ और रविवार को 32.15 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया. कमाई के मामले में पेद्दी जल्द ही अल्लू अर्जुन की 2020 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमलो’ के लाइफटाइम कलेक्शन (200.98 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ने वाली है. इसी के साथ पेद्दी इस साल की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साउथ इंडियन और तेलुगु फिल्म बन गई है.

अब बात करते हैं ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की. वरुण धवन की नई कॉमेडी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर दम निकलता नजर आ रहा है. डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण के साथ पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर लीड रोल में हैं. यह फिल्म इसी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अब तक कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन फिल्म ने महज 2.80 करोड़ का कलेक्शन किया है, जो इसकी अब तक की सबसे कम दैनिक कमाई है.

फिल्म ने पहले दिन 7.50 करोड़ और शनिवार को 7.25 करोड़ बटोरे थे. रविवार को हुई 9 करोड़ की कमाई इस फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन है. वर्किंग डेज शुरू होते ही फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट आ रही है और इसमें सुधार के कोई संकेत नहीं हैं. इसके साथ ही फिल्म का कुल डोमेस्टिक ग्रोस कलेक्शन 40.60 करोड़ और कुल इंडिया कलेक्शन 34.15 करोड़ तक पहुंच गया है.

अनुराग कश्यप और बॉबी देओल की फिल्म ‘बंद’र को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता थी. मगर फिल्म की कमाई में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है. आइए देखते हैं कि बॉक्स ऑफिस पर अब तक इस फिल्म का रिपोर्ट कार्ड कैसा रहा है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, छठे दिन यह फिल्म महज 25 लाख का कलेक्शन ही कर पाई है, जो अब तक की इसकी सबसे कम एक दिन की कमाई है.

बॉबी देओल की फिल्म ने पहले दिन 50 लाख से शुरुआत की थी, जिसके बाद शनिवार को थोड़ी बढ़त के साथ इसने 95 लाख बटोरे. रविवार को हुई 1 करोड़ की कमाई इस फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन रहा. इसी के साथ फिल्म का कुल इंडिया ग्रोस कलेक्शन 4.05 करोड़ और नेट इंडिया कलेक्शन अब तक सिर्फ 3.40 करोड़ तक पहुंच पाया है.

