Last Updated:
साउथ सुपरस्टार सूर्या की एक्शन-थ्रिलर फिल्म करुप्पु इस समय बॉक्स ऑफिस पर गदर काट रही है. फिल्म ने अपनी रिलीज के महज 6 दिनों के भीतर ही 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है. सिनेमाघरों में सूर्या का यह खूंखार एक्शन अवतार दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. वहीं दूसरी ओर, इस तूफान के आगे आयुष्मान खुराना की कॉमेडी-ड्रामा ‘पति पत्नी और वो दो’ हांफ रही है. यह फिल्म दर्शकों को इम्प्रेस कर पाने में फेल हो गई है.

नई दिल्ली. सिनेमाघरों में इन दिनों दो अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. एक तरफ जहां साउथ सुपरस्टार सूर्या की एक्शन-थ्रिलर ‘करुप्पु’ ने रिलीज के 6 दिनों में ही बॉक्स ऑफिस को हिलाकर रख दिया है और 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है, वहीं दूसरी ओर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म पति पत्नी और वो दो की हालत बहुत खराब है. यह मूवी सिनेमाघरों में ऑडियंस के लिए तरस रही है.

साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म करुप्पु इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर तूफान बनी हुई है. फिल्म को दर्शकों का इस कदर प्यार मिल रहा है कि हर तरफ इसी के चर्चे हैं. सिनेमाघरों के अंदर से कई ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं, जिनमें फैंस सूर्या के धांसू एक्शन अवतार को देखकर झूमते, चिल्लाते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं.

लंबे समय बाद सूर्या को सिल्वर स्क्रीन पर इस अंदाज में देखना फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है. इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने अपनी रिलीज के महज एक हफ्ते के भीतर ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर एक नया रिकॉर्ड बना दिया है. बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सुपरस्टार सूर्या की फिल्म करुप्पु ने बुधवार को 10.30 करोड़ की शानदार कमाई के साथ भारत में 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

वैसे मंगलवार की तुलना में बुधवार के कलेक्शन में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई है, क्योंकि मंगलवार को फिल्म ने 12.75 करोड़ का बिजनेस किया था. करप्पू फिल्म ने पहले दिन 15.50 करोड़ की ओपनिंग के साथ बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की थी. इसके बाद दूसरे ही दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया और इसने 24.15 करोड़ कलेक्ट किए.

वहीं, रविवार को फिल्म पर नोटों की सबसे भारी बारिश हुई, जब इसने 28.35 करोड़ की अपनी अब तक की सबसे बड़ी सिंगल डे कमाई का रिकॉर्ड बनाया. वर्किंग डे शुरू होते ही सोमवार को कलेक्शन में थोड़ी कमी आई और फिल्म ने 14.30 करोड़ का कारोबार किया. कुल मिलाकर ‘करुप्पु’ का भारत में अब तक टोटल कलेक्शन 105.35 हो चुका है.

दूसरी तरफ, बॉक्स ऑफिस पर रोमांटिक कॉमेडी मूवी पति पत्नी और वो दो की गाड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है. सैकनिल्क की अर्ली रिपोर्ट के मुताबिक, छठवे दिन यानी बुधवार को आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह की फिल्म ने मात्र 2.75 करोड़ का बिजनेस किया है. यह मूवी शुरुआत से ही हर दिन सिंगल डिजिट में बिजनेस कर रही है.

‘पति पत्नी और वो दो’ का 4 करोड़ से खाता खुला था. दूसरे दिन 5.75 करोड़ और तीसरे दिन 7.75 करोड़ का बिजनेस हुआ. इसके बाद फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज हुई. चौथे दिन 3.25 और पांचवें दिन 3.50 की कमाई हुई. इसी के साथ अब भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 27.00 करोड़ और ग्रोस कलेक्शन 32.07 करोड़ के आंकड़े पर पहुंच गया है.

अब तक इसका कुल ओवरसीज ग्रोस कलेक्शन 5.35 करोड़ हो गया है. अगर वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस की बात करें, तो भारत और विदेश दोनों की कमाई को मिलाकर यह फिल्म दुनियाभर में अब तक कुल 37.42 करोड़ का ग्रोस कलेक्शन कर चुकी है. आयुष्मान खुराना, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह की मूवी को मुदस्सर अजीज ने लिखा और डायरेक्ट किया है.

