Last Updated:
सुपरस्टार सलमान खान ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक बेहद दिलचस्प और इमोशनल किस्सा शेयर किया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पहली बड़ी कमाई से पिता सलीम खान को तोहफा देने के लिए 9 लाख रुपये की रोलेक्स घड़ी पसंद की थी. उस वक्त उनके पास पूरे पैसे नहीं थे, इसलिए उन्होंने कर्ज लेकर इसे खरीदा था. हालांकि, जब उन्होंने यह कीमती घड़ी अपने पिता को दी, तो सलीम खान खुश होने के बजाय उन पर भड़क गए थे.

नई दिल्ली. सलमान खान अपने परिवार, खासकर अपने माता-पिता के बहुत करीब हैं. सुपरस्टार होने के बावजूद वह आज भी मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट में पैरेंट्स के साथ ही रहते हैं और उनके लिए फैमिली हमेशा सबसे पहले आती है. यहां तक कि फिल्मों में कदम रखने के बाद सलमान ने जो सबसे पहली महंगी चीज खरीदी थी, वह भी उन्होंने अपने लिए नहीं बल्कि अपने पिता सलीम खान के लिए ली थी.

वैराइटी इंडिया को दिए एक ताजा इंटरव्यू में सलमान खान ने इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने अपने पिता को रोलेक्स घड़ी गिफ्ट करने के लिए कर्ज लिया था, क्योंकि उस वक्त उनकी हैसियत इतनी महंगी घड़ी खरीदने की नहीं थी. सलमान ने इस खास गिफ्ट के पीछे की पूरी कहानी शेयर की और यह भी बताया कि जब उनके पिता को यह तोहफा मिला, तो उनका रिएक्शन कैसा था.

भाईजान ने उस यादगार किस्से को याद करते हुए बताया, ‘मैंने अपनी पहली बड़ी कमाई से जो सबसे पहली महंगी चीज खरीदी, वो मेरे पिता के लिए एक रोलेक्स घड़ी थी. मजेदार बात ये है कि जब सालों बाद मैंने दोबारा घड़ियां पहनना शुरू किया, तो पापा ने वही घड़ी मुझे वापस पहनने के लिए दे दी.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

उन्होंने बताया, ‘जब मैंने वो घड़ी पसंद की थी, तब मेरे पास उसे खरीदने के लिए पूरे पैसे नहीं थे, लेकिन मैं उसे हर हाल में अपने पापा के लिए लेना चाहता था. उस वक्त उस घड़ी की कीमत करीब 9 लाख रुपये थी. मेरे पास सिर्फ 4 लाख रुपये थे, बाकी के 5 लाख रुपये मैंने कर्ज लेकर चुकाए थे.’

सलमान ने आगे बताया कि जब उन्होंने इतनी महंगी घड़ी अपने पिता को दी, तो सलीम खान शुरुआत में काफी नाराज हो गए थे कि बेटे ने करियर की शुरुआत में ही इतने पैसे उड़ा दिए. सलमान के मुताबिक, ‘जब मैंने वो घड़ी पापा के हाथ में थमाई, तो वो बोले कि अभी तुमने ठीक से काम करना शुरू भी नहीं किया है और ये सब फिजूलखर्ची शुरू कर दी? तुम खुद को कोई राजा-महाराजा समझते हो क्या?’

सुपरस्टार ने बताया कि शुरुआत में पिता मेरे फैसले के बिल्कुल खिलाफ थे, लेकिन बाद में उन्होंने उस घड़ी को संभालकर रखा और जब मैंने बाद में घड़ियां पहनना शुरू किया, तो उन्होंने वही घड़ी आशीर्वाद के रूप में मुझे वापस सौंप दी.’ सलमान खान ने बातचीत में एक और बड़ा खुलासा करते हुए उन अफवाहों पर विराम लगा दिया, जिनमें कहा जाता है कि उनके पास लग्जरी घड़ियों का बहुत बड़ा कलेक्शन है. सलमान ने बताया कि वह लगभग 26 से 28 सालों तक घड़ियों से बिल्कुल दूर रहे थे.

भाईजान ने कहा, ‘मैंने अपनी जिंदगी के पिछले 26-28 सालों से घड़ियां पहनना बिल्कुल बंद कर दिया था. आज भी अगर आप मुझे कोई घड़ी पहने हुए देखते हैं, तो जरूरी नहीं कि वो मेरी ही हो. अक्सर वो घड़ियां मेरे दोस्तों की होती हैं, मैं बस उन्हें ट्राई करने के लिए ले लेता हूं, कुछ दिन पहनता हूं और फिर वापस लौटा देता हूं. इसलिए ये जो चर्चा चलती है ना कि मेरे पास घड़ियों का बहुत बड़ा कलेक्शन है और पता नहीं क्या-क्या… ऐसा कुछ नहीं है. मेरे पास सिर्फ वही एक रोलेक्स घड़ी है और बाकी सब मेरे दोस्तों की होती हैं.’

अगर बात सलमान खान के वर्कफ्रंट की करें, तो वह जल्द ही फिल्म मातृभूमि में एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह के साथ लीड रोल में नजर आएंगे. अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था. फैंस को इस फिल्म की नई रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है. इसके अलावा सलमान खान के खाते में एक और बड़ी फिल्म SVC63 भी शामिल है, जिसमें वह साउथ नयनतारा के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे.

