Last Updated:
शक्ति कपूर अपनी मौत की झूठी खबरों को लेकर काफी गुस्से में हैं. सोशल मीडिया पर निधन की अफवाहें वायरल होने के बाद एक्टर ने खुद सामने आकर इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने न केवल अपने स्वस्थ होने की पुष्टि की, बल्कि इस घटिया हरकत को अंजाम देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है. शक्ति कपूर ने साफ कहा कि इस तरह का मजाक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शक्ति कपूर हाल ही में एक बेहद शर्मनाक हरकत का शिकार हो गए. सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबर तेजी से वायरल हो गई, जिससे उनके फैंस के बीच हड़कंप मच गया. जैसे ही यह फर्जी खबर आग की तरह फैली, शक्ति कपूर ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया.

शक्ति कपूर ने इन खबरों को पूरी तरह से गलत बताते हुए फैंस को आश्वस्त किया कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं. दरअसल, पिछले कुछ दिनों से कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि दिग्गज एक्टर का निधन हो गया है. फैंस की बढ़ती चिंता को देखते हुए शक्ति कपूर ने अपनी सलामती की पुष्टि की और साफ किया कि ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है.

शक्ति कपूर ने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपना एक वीडियो शेयर किया. इस वीडियो के जरिए उन्होंने अपने फैंस और चाहने वालों को सीधा संदेश देते हुए इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. वीडियो में शक्ति कपूर बेहद शांत और तंदुरुस्त नजर आ रहे हैं. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ‘नमस्ते दोस्तों. मेरी मौत की जो भी खबरें चल रही हैं, वो पूरी तरह फर्जी हैं. मैं बिल्कुल ठीक और खुश हूं, प्लीज ऐसी बातों पर ध्यान न दें.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

अपनी सलामती की खबर देने के साथ ही शक्ति कपूर इस घटिया मजाक पर नाराजगी भी जाहिर की. उन्होंने साफ किया कि वह इस तरह की अफवाह फैलाने वालों को बख्शने के मूड में नहीं हैं. कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने जा रहा हूं, क्योंकि इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं.’

शक्ति कपूर का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. फैंस ने न केवल उनके स्वस्थ होने पर राहत की सांस ली, बल्कि इस तरह की घटिया अफवाह फैलाने वालों की जमकर क्लास भी लगाई. लोग इस बात से काफी नाराज दिखे कि आखिर कोई किसी की मौत को लेकर ऐसा भद्दा मजाक कैसे कर सकता है.

एक फैन ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, ‘सच में, लोग आखिर ऐसा क्यों चाहते हैं? आप बॉलीवुड के सबसे आइकॉनिक कॉमेडियन हैं. शक्ति सर, आप हमेशा ऐसे ही सलामत रहें’. दूसरे यूजर ने लिखा, ‘टाइगर अभी जिंदा है! आप जुग-जुग जियो’.

शक्ति कपूर के एक और चाहने वाले ने दुआ देते हुए लिखा, ‘आप हमेशा इसी तरह हंसते-मुस्कुराते और सेहतमंद रहें.’ कुल मिलाकर, फैंस ने साफ कर दिया कि पर्दे के मशहूर विलेन क्राइम मास्टर गोगो यानी शक्ति कपूर के लिए उनके दिल में आज भी कितनी खास जगह है.

चार दशकों से भी लंबे करियर में शक्ति कपूर ने अपनी खलनायकी और कॉमेडी से एक अलग ही मुकाम हासिल किया है. करीब 700 फिल्मों में काम कर चुके शक्ति कपूर को आज भी ‘राजा बाबू’, ‘बाप नंबरी बेटा दस नंबरी’, ‘अंदाज अपना अपना’ और ‘चालबाज’ जैसी कल्ट फिल्मों के लिए याद किया जाता है. इसके अलावा उन्होंने ‘हलचल’, ‘चुप चुप के’ और ‘मालामाल वीकली’ जैसी कॉमेडी फिल्मों में उनके किरदारों ने दर्शकों को खूब हंसाया है.

शक्ति कपूर के दो बच्चे हैं- श्रद्धा कपूर और सिद्धांत कपूर. सिद्धांत ने बॉलीवुड में हाथ आजमाने के बाद अब डीजे के तौर पर अपनी नई राह चुन ली है, वहीं श्रद्धा कपूर इंडस्ट्री की टॉप हीरोइनों में शुमार हैं. श्रद्धा हाल ही में फिल्म स्त्री 2 में नजर आई थीं, जिसमें राजकुमार राव के साथ उनकी केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया. यह साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म साबित हुई.

