Last Updated:
‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’, ‘ये सिला मिला है मुझको’, ‘तेरी गली विचों लांगेगा ना मुड़ के’… 90 के दशक में जब-जब किसी का दिल टूटता था तो दर्द को जुबान देने के लिए सिर्फ एक ही नाम जेहन में आता था सोनू निगम. दर्दभरे गानों के बेताज बादशाह सोनू निगम की मखमली और रूहानी आवाज में वो कशिश थी जो हर आशिक के सीधे दिल के पार उतर जाती थी. उनके गाए दर्दभरे गीतों ने न जाने कितनी ही रातों को आंसुओं से भिगोया है. इसी फेहरिस्त का एक ऐसा ही कल्ट गाना है, जिसने 30 साल पहले हर टूटे दिल को सहारा दिया और फिर जेनजी के दिलों को ऐसा धड़काया कि साल 2025 में इस गाने का दोबारा से रीमिक्स बनाना पड़ गया.

नई दिल्ली. जब भी दर्द भरे गीतों की बात होती है तो सोनू निगम की आवाज में गाए गए कई नगमे बरबस याद आ जाते हैं. ‘तन्हाई’, ‘अभी मुझमें कहीं’, ‘दो पल’, ‘संदेसे आते हैं’ और ‘कल हो ना हो’ जैसे गीतों ने लाखों दिलों को छुआ है. लेकिन एक ऐसा गाना भी है, जिसने तीन दशक बाद भी अपनी कसक नहीं खोई. ये वो गाना है, जिसको सुनते ही अधूरे प्यार, बेवफाई और टूटे दिल का दर्द ताजा हो जाता. ये गाना 31 साल पुराना है, लेकिन मजेदार बात ये हैं कि तीन दशक के बाद भी ये गाना आज भी हर टूटे दिल और अधूरे इश्क के आशिक इसे गुनगुनाते हैं. दिलचस्प बात यह है कि 1995 में रिलीज हुआ यह गाना 2025 में फिर से इतना लोकप्रिय हो गया कि इसका रीमिक्स वर्जन बनाना पड़ा और वह भी लोगों के सिर चढ़कर बोला.

अब तो आप समझ ही गए होंगे कि हम किस गाने की बात कर रहे हैं. ये गाना और कोई नहीं बल्कि साल 1995 में रिलीज हुई फिल्म ‘बेवफा सनम’ का हिस्सा था, जिसके बोल हैं ‘दिल पर चलाई छुरियां’. 90 के दशक में आई यह फिल्म भले ही बड़े सितारों वाली फिल्मों की तरह चर्चा में नहीं रही, लेकिन फिल्म की कहानी और संगीत ने इतिहास रच दिया था.

फिल्म में कृष्ण कुमार, शिल्पा शिरोडकर और अरुणा ईरानी जैसे कलाकार नजर आए थे. उस दौर में फिल्म का बजट लगभग 1.5 करोड़ रुपये के आसपास बताया जाता है, जबकि बॉक्स ऑफिस पर इसने कई गुना ज्यादा कमाई कर निर्माताओं को जबरदस्त फायदा पहुंचाया. फिल्म ने 8 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी. हालांकि, फिल्म की सफलता से ज्यादा उसके गाने लोगों की जुबान पर चढ़ गए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘बेवफा सनम’ का संगीत संगीतकार नदीम-श्रवण ने तैयार किया था, जबकि गीतकार समीर ने इसके गीत लिखे थे. फिल्म का एल्बम उस दौर के सबसे ज्यादा बिकने वाले म्यूजिक एल्बम्स में शामिल रहा. ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’, ‘वफा ना रास आई’, ‘तुझे भूलना तो चाहा’ और ‘दिल पे चलाई छुरियां’ जैसे गानों ने टूटे दिलों का दर्द बयां करने का नया तरीका दिया. खासकर ‘अच्छा सिला दिया’ और ‘दिल पे चलाई छुरियां’ ने युवाओं के बीच अलग ही पहचान बनाई.

यह कोई साधारण एल्बम नहीं था, बल्कि टी-सीरीज के इतिहास का एक ऐसा मील का पत्थर था, जिसने उस दौर में कैसेट्स की बिक्री के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे. फिल्म में सोनू निगम के अलावा उदित नारायण, नितिन मुकेश और अनुराधा पौडवाल ने भी गाने गाए थे, लेकिन सोनू निगम द्वारा गाए गए ‘अच्छा सिला दिया’ और ‘दिल पे चलाई छुरियां’ ने जो तबाही मचाई, उसकी गूंज आज भी कम नहीं हुई है. उस दौर में शायद ही कोई ऐसी शादी, महफिल या ऑटो-रिक्शा होता था, जहां ‘बेवफा सनम’ के ये गाने न गूंजते हों.

समय के साथ संगीत का स्वरूप बदलता गया, लेकिन सोशल मीडिया ने कई पुराने गानों को नई जिंदगी दी. 2024 और 2025 के दौरान इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और विभिन्न म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर ‘दिल पे चलाई छुरियां’ के ऑडियो क्लिप्स तेजी से वायरल होने लगे. लेकिन इस गीत को फिर से लोगों को याद दिलाने वाला शख्स रहा राजू कलाकार. दो पत्थरों से उन्होंने इस गाने को ऐसे सुरों में गाया कि लोग देखते ही रह गए और बस यहीं से ये भी नई जेनजी का फेवरेट हो गया.

यूट्यूब पर इसके पुराने वीडियो को अचानक करोड़ों नए व्यूज मिलने लगे. जब टी-सीरीज और सोनू निगम ने देखा कि नई पीढ़ी 90 के दशक के इस अधूरे इश्क के दर्द को इस कदर अपना रही है तो उन्होंने इसे आधुनिक म्यूजिक बीट्स के साथ रूहानी बनाए रखते हुए 2025 में इसका ऑफिशियल रीमिक्स वर्जन तैयार किया.

अक्सर देखा जाता है कि पुराने गानों के रीमिक्स ओरिजिनल गाने की आत्मा को मार देते हैं, लेकिन ‘दिल पे चलाई छुरियां’ के 2025 वाले वर्जन के साथ ऐसा नहीं हुआ. इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि मेकर्स ने गाने की कशिश को बनाए रखने के लिए दोबारा सोनू निगम को ही माइक के पीछे खड़ा किया. इस नए वर्जन में राजू कलाकार भी नजर आए. सोनू निगम ने आज की उम्र और तजुर्बे के साथ जब इन लाइनों को दोबारा गाया तो उनकी आवाज की मैच्योरिटी ने गाने को और ज्यादा दर्दभरा और रूहानी बना दिया. नतीजा यह हुआ कि रिलीज होते ही यह रीमिक्स गाना यूट्यूब और स्पॉटिफाई के ट्रेंडिंग चार्ट्स पर टॉप पर पहुंच गया.

करीब 30 साल बाद भी ‘बेवफा सनम’ के गाने यह साबित करते हैं कि सच्ची भावनाओं से जुड़े गीत कभी पुराने नहीं होते. फिल्म शायद वक्त के साथ यादों में धुंधली पड़ जाए, लेकिन उसके गीत आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं और जब भी कोई अधूरा इश्क, कोई टूटा हुआ सपना या किसी बेवफाई की कहानी सामने आती है, सोनू निगम की आवाज में गूंजता ‘दिल पे चलाई छुरियां’ एक बार फिर उन जख्मों को ताजा कर देता है.

