Last Updated:
Box Office Collection: सिनेमा के इतिहास में अक्सर जब बॉक्स ऑफिस पर फिल्में टकराती हैं तो किसी एक फिल्म को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. बॉलीवुड के इतिहास में एक ऐसा गोल्डन डे है जिस दिन 2 सुपरस्टार्स की फिल्में एक ही दिन रिलीज हुई थीं. इस दिन को हिंदी सिनेमा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया गया है. इस खास दिन दोनों ही फिल्मों के मेकर्स की लॉटरी लग गई थी. दोनों ही सुपरस्टार्स की फिल्मों ने बंपर कमाई कर उन्हें मालामाल कर दिया था. ये खास दिन 15 जून, 2001 है. इस दिन दो सुपरस्टार्स की फिल्में रिलीज हुई थीं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की थी.

नई दिल्ली. हिंदी सिनेमा के इतिहास में 15 जून 2001 एक ऐसी तारीख है, जिसे सिर्फ दो फिल्मों की रिलीज के लिए नहीं, बल्कि एक अनोखे चमत्कार के लिए याद किया जाता है. उस दिन दो बिल्कुल अलग दुनिया, अलग सोच और अलग दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई फिल्में एक साथ सिनेमाघरों में उतरीं. लेकिन 25 साल पहले 15 जून को वो करिश्मा हुआ जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी.

एक तरफ आशुतोष गोवारिकर पीरियड स्पोर्ट्स ड्रामा ‘लगान’ थी, तो दूसरी तरफ देशभक्ति की भावना में डूबी हुई फिल्म ‘गदर एक प्रेम कथा’ थीं. दोनों बिलकुल अलग तरह की फिल्में एक ही साथ सिनेमाघरों में उतरीं और दोनों में एक सामान भावना थी और वो भावना देशभक्ति की भावना थी. इन दोनों ही फिल्मों ने हर भारतीय का दिल छूआ था. दिलचस्प बात यह है कि आमतौर पर जिस बॉक्स ऑफिस क्लैश को फिल्मों के लिए खतरा माना जाता है, वही मुकाबला बॉलीवुड के लिए एक सुनहरा अध्याय बन गया.

आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी ‘लगान’ उस दौर में एक साहसी एक्सपेरिमेंट मानी जा रही थी. ब्रिटिश शासन के समय की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में ‘भुवन’ नाम का एक साधारण गांववाला अंग्रेज अधिकारियों को क्रिकेट मैच की चुनौती देता है, ताकि गांव के लोगों को ‘लगान’ यानी टैक्स से राहत मिल सके. फिल्म में आमिर खान ने ‘भुवन’ का किरदार अदा किया था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आशुतोष गोवारिकर की ‘लगान’ का समय भी काफी लंबा था. लगभग चार घंटे लंबी इस फिल्म का विषय भी उस समय के लिहाज से जोखिम भरा माना जा रहा था, लेकिन आमिर खान और उनकी टीम ने इस चुनौती को स्वीकार किया.

फिल्म की शानदार कहानी, ए.आर. रहमान का कालजयी संगीत और संघर्ष के बीच उम्मीद की भावना ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली. धीरे-धीरे ‘लगान’ सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई. ये फिल्म भारत की तरफ से ऑस्कर के लिए ऑफिशियल एंट्री थी. फिल्म भले ही जीत नहीं पाई थी, लेकिन इसने इंटरनेशनल लेवल पर भारतीय फिल्मों को अलग पहचान दिलाई थी.

दूसरी तरफ अनिल शर्मा की ‘गदर: एक प्रेम कथा’ ने भावनाओं का ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसकी गूंज आज भी सुनाई देती है. भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में ट्रक ड्राइवर ‘तारा सिंह’ और ‘सकीना’ की प्रेम कहानी दिखाई गई थी. जब हालात दोनों को अलग कर देते हैं, तो तारा सिंह अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए पाकिस्तान तक पहुंच जाता है.

सनी देओल के दमदार डायलॉग्स, सनी देओल का भरपूर एक्शन, अग्रेसिव नेचर ने फिल्म को बेहद खास बना दिया. इस फिल्म में सनी देओल का दमदार अवतार और अमीषा पटेल के साथ उनकी केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था. फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था.

22 साल बाद जब सनी देओल की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की सीक्वल आई तो अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी ‘गदर 2’ ने बंपर कमाई की. अमीषा पटेल और सनी देओल की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन दर्ज किया था.

