Last Updated:
फिल्ममेकर विक्रम भट्ट के उदयपुर जेल में बिताए 70 दिनों का अनुभव बयां किया है. उन्हें एक बायोपिक से जुड़े फाइनेंशियल विवाद के कारण गिरफ्तार किया गया था. जेल में विक्रम भट्ट को ‘एक्सियल स्पॉन्डिलोआर्थराइटिस’ और पीलिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिससे वे बमुश्किल उबरे. हालांकि, मुश्किल दौर में उन्हें कैदियों और जेल स्टाफ से भरपूर सम्मान और सुरक्षा मिली, जो उन्हें प्यार से ‘भीष्म पितामह’ बुलाते थे. विक्रम की मानें, तो इस सफर ने उन्हें सिनेमा के असली दर्शकों से दोबारा जोड़ा. उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों को पूरी तरह बकवास बताया है.

नई दिल्ली: मशहूर बॉलीवुड फिल्ममेकर विक्रम भट्ट धोखाधड़ी के आरोप के चलते 70 दिन जेल में बंद रहे थे. उन्होंने जेल में बिताए खौफनाक और चौंकाने वाले अनुभवों पर खुलकर बात की. उन्हें इंदिरा आईवीएफ के फाउंडर की दिवंगत पत्नी की बायोपिक को लेकर हुए विवाद के चलते गिरफ्तार किया गया था. विक्रम ने मुश्किल घड़ी को याद करते हुए बताया कि कैसे जेल की उस सलाखों के पीछे उन्हें कुछ अजीबो-गरीब दोस्त मिले. उन्हें गंभीर बीमारियों से जूझना पड़ा और ऐसा अनुभव मिला जिसने उन्हें जमीनी हकीकत से दोबारा जोड़ दिया. (फोटो साभार: IMDb)

विक्रम भट्ट ने सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि जेल के अंदर वे कोई अकेले नहीं थे, बल्कि एक ही बैरक में उनके साथ करीब 60 से 80 कैदी बंद थे. लेकिन वहां उन्हें जो अपनापन, इज्जत और देखभाल मिली, उसने उनके होश उड़ा दिए. कैदी उन्हें ‘भीष्म पितामह’ कहकर बुलाते थे और उनका इतना ख्याल रखते थे कि उन्हें खुद का कोई काम भी नहीं करने देते थे. खाना लाने से लेकर कपड़ों तक का ध्यान वही कैदी रखते थे. (फोटो साभार: Instagram@thevikrambhatt)

विक्रम भट्ट ने एक मजेदार किस्सा शेयर करते हुए बताया कि हर रात करीब 60-65 कैदी उनके पास इकट्ठा हो जाते थे और उनसे हॉरर स्टोरियां सुनाने की जिद करते थे. यह अपनापन सिर्फ कैदियों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि जेल का स्टाफ और कांस्टेबल भी उनके प्रति काफी दयालु निकले. विक्रम बताते हैं कि वहां दो कैदी रात भर उनके दोनों तरफ सोते थे ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंचा सके, जबकि उन्होंने उन कैदियों के लिए कभी कुछ नहीं किया था. (फोटो साभार: Instagram@khesari.lover.deepak)
Add News18 as
Preferred Source on Google

फिल्ममेकर की मानें, तो जेल यात्रा ने उन्हें उस असली भारत से दोबारा मिलने और जुड़ने का मौका दिया जिससे वे मुंबई की चकाचौंध में दूर हो गए थे. उन्होंने कहा कि आमतौर पर जिन लोगों से वे कभी नहीं मिल पाते, उनके साथ रहकर उन्हें समझ आया कि आम जनता कैसे सोचती है और हॉरर कहानियों पर उनका क्या रिएक्शन होता है. विक्रम ने माना कि बैरक में रहने वाले ये आम लोग ही असल में वो दर्शक हैं जो थिएटर में जाकर उनकी फिल्में देखते हैं. (फोटो साभार: Instagram@thevikrambhatt)

जेल के सफर में विक्रम भट्ट मौत के मुंह से भी बाहर निकलकर आए. दरअसल, उन्हें ‘एक्सियल स्पॉन्डिलोआर्थराइटिस’ नाम की एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें जोड़ों और मांसपेशियों में भयंकर दर्द होता है. दिसंबर और जनवरी की कड़कड़ाती ठंड में जेल के फर्श पर सिर्फ एक पतली सी चटाई बिछाकर सोने से उनकी हालत बेहद खराब हो गई थी. इस दर्दनाक माहौल ने उनकी शारीरिक दिक्कतों को कई गुना बढ़ा दिया था.(फोटो साभार: Instagram@thevikrambhatt)

हद तो तब हो गई, जब जेल के अंदर उन्हें पीलिया भी हो गया. वे ठंड के मारे रात भर कांपते थे और बैरक के दूसरे कैदी अपनी रजाई भी उन्हें उढ़ा देते थे. मेडिकल ट्रीटमेंट और अस्पताल ले जाने की उनकी बार-बार की गुहार को जेल प्रशासन सुरक्षा और गार्ड्स की कमी का बहाना बनाकर टालता रहा. जब विक्रम को समझ आ गया कि उन्हें इलाज नहीं मिलेगा, तो उन्होंने खुद ही सिर्फ उबले चने, पानी और फल खाकर सख्त डाइट से खुद को ठीक किया और भगवान पर भरोसा रखा.(फोटो साभार: IMDb)

जेल से बाहर आने के बाद बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने उनसे संपर्क किया. मिथुन चक्रवर्ती और संजय दत्त जैसे दिग्गजों ने फोन करके उनका हालचाल लिया, जबकि संजय दत्त के साथ उन्होंने कभी काम भी नहीं किया था. जब उनसे अक्षय कुमार के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने साफ कहा कि अक्षय उनके दोस्त नहीं हैं तो वो क्यों फोन करेंगे. वहीं उनके बचपन के दोस्त अजय देवगन ने उन्हें तुरंत फोन किया, क्योंकि पुराना याराना था. (फोटो साभार: IMDb)

विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को दिसंबर 2025 में बायोपिक विवाद में गिरफ्तार किया गया था और फरवरी में उन्हें जमानत मिली. विक्रम ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को पूरी तरह बकवास बताते हुए कहा कि चार्जशीट में उनके खिलाफ कुछ भी साबित नहीं हुआ है और उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा है. फिलहाल, वे इन सब विवादों को पीछे छोड़कर अपनी अगली हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: एकोज ऑफ द पास्ट’ की रिलीज की तैयारियों में जुट गए हैं. (फोटो साभार: IMDb)

