Last Updated:
Bareilly News: बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री दिशा पाटनी आज अपनी अदायगी से लोगों को काफी प्रभावित करती हैं. दिशा ने अपने जीवन के शुरुआती दिन और शिक्षा बरेली में ही पूरी की है. दिशा ने बरेली के प्रसिद्ध बीबीएल स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की. आइए जानते हैं कि बरेली से उनका कैसा लगाव रहा.
बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी आज देशभर में अपनी खूबसूरती, अभिनय और फिटनेस को लेकर खास पहचान बना चुकी हैं. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ग्लैमर की दुनिया में चमकने वाली दिशा पाटनी की जड़ें उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से जुड़ी हुई हैं. दिशा ने अपने जीवन के शुरुआती दिन और शिक्षा बरेली में ही पूरी की है.
दिशा पाटनी का परिवार बरेली के सिविल लाइन्स क्षेत्र में चौपला चौराहे के पास रहता है. उनके पिता जगदीश सिंह पाटनी पुलिस विभाग में डीएसपी पद से रिटायर हो चुके हैं, जबकि परिवार हमेशा से अनुशासन और शिक्षा को महत्व देता रहा है. दिशा ने बरेली के प्रसिद्ध बीबीएल स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की. स्कूल के दिनों में दिशा बेहद शांत स्वभाव की थीं और पढ़ाई में काफी रुचि रखती थीं. बताया जाता है कि उनका सपना पहले एक वैज्ञानिक बनने का था.
पढ़ाई छोड़ चुना बॉलीवुड
स्कूल शिक्षा पूरी करने के बाद दिशा ने नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में बी.टेक (कंप्यूटर साइंस) में दाखिला लिया था, लेकिन मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में बढ़ते कदमों के चलते उन्होंने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और बॉलीवुड में करियर बनाने का फैसला किया.
मेहनत और प्रतिभा के दम पर बनाई पहचान
वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि दिशा पाटनी आज बॉलीवुड की चमकती हुई अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देशभर में पहचान बनाई है. उन्होंने कहा कि दिशा की शुरुआती पढ़ाई और परवरिश बरेली में हुई, जिसने उनके व्यक्तित्व को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
डॉ. शर्मा के अनुसार, दिशा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के पहाड़ी समाज से जुड़ा हुआ है, लेकिन उनका पालन-पोषण पूरी तरह बरेली की संस्कृति और माहौल में हुआ. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की सफलता केवल बड़े स्कूल से नहीं, बल्कि परिवार के संस्कार, मेहनत और आत्मविश्वास से तय होती है और दिशा पाटनी इसका बेहतरीन उदाहरण हैं.
इस फिल्म से की करियर की शुरुआत
साल 2015 में तेलुगु फिल्म “लोफर” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली दिशा को असली पहचान फिल्म “एम.एस. धोनी द अनटोल्ड स्टोरी” से मिली. आज दिशा पाटनी न सिर्फ बॉलीवुड का बड़ा नाम हैं, बल्कि बरेली की पहचान बनकर युवाओं के लिए प्रेरणा भी बन चुकी हैं.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.

