Last Updated:
Taapsee Pannu ON AI & Social Media: 1 साल तक सोशल मीडिया से आखिर क्यों गायब थीं तापसी पन्नू? वापसी करते ही एक्ट्रेस ने ऑनलाइन दुनिया का वो काला सच उजागर किया है जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. ब्रांड्स के दबाव से लेकर फेक पीआर गेम तक एक्ट्रेस ने कई खुलासे किए हैं. जानिए पूरी खबर

बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने पूरे एक साल तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने के बाद आखिरकार डिजिटल दुनिया में वापसी कर ली है. लौटते ही उन्होंने अपने फैंस से पूछा कि वे उनके अकाउंट पर अब कैसा कंटेंट देखना चाहते हैं. तापसी ने खुलकर बताया कि आजकल फिल्मी सितारों के लिए हर वक्त ऑनलाइन दिखने का जो दबाव है, उसी भागदौड़ से थककर उन्होंने स्क्रीन के बाहर अपनी असली जिंदगी जीने का फैसला किया था. उनके इस खुलासे ने पूरी इंडस्ट्री को सोचने पर मजबूर कर दिया है.

तापसी ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाने का कोई ढिंढोरा नहीं पीटा था, बल्कि यह फैसला खुद के सुकून के लिए लिया था. उन्हें लगने लगा था कि वो हर समय किसी नए ट्रेंड को शुरू करने या उसमें जबरदस्ती शामिल होने की अंधी दौड़ में भाग रही हैं. यह सब बहुत थका देने वाला था. वह बस अपनी जिंदगी खुलकर जीना चाहती थीं, न कि हर सेकंड अपने फोन की स्क्रीन को चेक करते रहना चाहती थीं. इसके लिए उन्होंने अपने फोन से सोशल मीडिया ऐप्स ही डिलीट कर दिए थे.

इस ब्रेक के दौरान जब तापसी तीन-चार दिन में सिर्फ एक बार सोशल मीडिया चेक करने लगीं, तो उन्हें फोन के बाहर की असली जिंदगी का मजा आने लगा. उन्होंने एक बहुत पते की बात कही कि एक्टर्स को हमेशा खुद को जनता के सामने ज्यादा एक्सपोज करने से बचना चाहिए. अगर फैंस सब कुछ फोन पर ही देख लेंगे, तो थिएटर में टिकट खरीदकर फिल्म देखने क्यों आएंगे? तापसी को यह लॉजिक सही लगा और इससे उनका काफी कीमती समय भी बचने लगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

तापसी ने मुस्कुराते हुए बताया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करना कम कर दिया, तो उनके दोस्त और फैंस परेशान हो गए. लोग उनसे तरह-तरह के सवाल पूछने लगे कि सब ठीक तो है न, आप कहां गायब हो गई हैं? फैंस का कहना था कि आपकी फीड तो सिर्फ फिल्मों के पोस्टर और ब्रांड्स के विज्ञापनों से भरी रहती है, आप अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी चीजें क्यों नहीं पोस्ट कर रही हैं?

सोशल मीडिया से दूर रहने का तापसी के काम पर भी असर पड़ा. उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें साफ-साफ कह दिया गया था कि कंपनियां आजकल उन्हीं स्टार्स को पसंद करती हैं जो ऑनलाइन बहुत एक्टिव रहते हैं. उनसे कहा गया कि आप कम पोस्ट करती हैं, इसलिए फलां ब्रांड आपके साथ जुड़ना नहीं चाहता. एक्टर के लिए विज्ञापन कमाई का बड़ा जरिया होते हैं और कंपनियों को सिर्फ विजिबिलिटी चाहिए होती है. आज सोशल मीडिया सेलिब्रिटीज के लिए बस एक मार्केटिंग टूल बन चुका है.

इस बिजनेस माइंडसेट पर कड़ा ऐतराज जताते हुए तापसी ने सवाल उठाया कि क्या मार्केटिंग के लिए एक्टर्स को खुद को बदल लेना चाहिए? उन्होंने कहा कि अगर कोई ब्रांड मेरे पास आता है, तो वह मुझे मेरी पर्सनालिटी के लिए चुनता है. अगर मुझे उनकी वजह से किसी और की तरह नाटक करना पड़े, तो फिर मेरा खुद का क्या वजूद रह गया? सोशल मीडिया मनोरंजन की दुनिया का हिस्सा भले हो, पर इसे अपनी असलियत खोकर नहीं अपनाना चाहिए.

तापसी पन्नू इन दिनों डेनमार्क में अपने पति मैथियास बो और परिवार के साथ फुर्सत के पल बिता रही हैं. उन्होंने बताया कि गर्मियों में फिल्मों की शूटिंग थोड़ी कम होती है, इसलिए वह सब काम निपटाकर यहां आ गईं. मुंबई की भागदौड़ वाली लाइफ से दूर तापसी यहाँ एक आम इंसान की तरह जिंदगी जी रही हैं. वो खुद खाना बनाती हैं, गार्डनिंग करती हैं, वर्कआउट करती हैं और यहाँ तक कि ब्रेड खरीदने के लिए खुद साइकिल चलाकर बाजार जाती हैं. यही चीजें उन्हें जमीन से जोड़े रखती हैं.

तापसी ने साफ किया कि उनके पास सोशल मीडिया संभालने वाली कोई प्रोफेशनल टीम नहीं है और न ही वो इस पर पैसे खर्च करती हैं. उनका अकाउंट पूरी तरह अनफिल्टर्ड और रॉ है, जैसा वो असल जिंदगी में हैं. उन्होंने आज के दौर के फेक पीआर गेम पर चिंता जताते हुए कहा कि इंस्टाग्राम खोलते ही दिमाग खराब होने लगता है. सोशल मीडिया एक ऐसा ब्लैक होल है जो आपको अपने अंदर खींच लेता है, और इसके बीच खुद को शांत रखना बहुत बड़ी मानसिक ताकत मांगता है.

