Last Updated:
स्टारडम की चमक अक्सर यह धारणा बना देती है कि बड़े सितारों के बच्चों के लिए सफलता की राह पहले से तैयार होती है. लेकिन हर कहानी इतनी सीधी नहीं होती. शत्रुघ्न सिन्हा जैसे दिग्गज अभिनेता की बेटी होने के बावजूद सोनाक्षी सिन्हा का सफर भी अपने संघर्षों, फैसलों और चुनौतियों से होकर गुजरा. हाल ही में सोनाक्षी सिन्हा ने अपने पिता के साथ रिश्ते और करियर को लेकर कुछ ऐसी बातें साझा कीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींच लिया.उन्होंने बताया कि घर में एक सुपरस्टार जरूर था, लेकिन उनकी परवरिश और करियर को लेकर अपनाया गया नजरिया काफी अलग था.

नई दिल्ली. बॉलीवुड में स्टार किड्स को मिलने वाले विशेष अवसरों और नेपोटिज्म की बहस अक्सर सुर्खियों में रहती है. ऐसे माहौल में जब किसी बड़े सितारे का बेटा या बेटी इंडस्ट्री में कदम रखता है, तो माना जाता है कि उसके लिए मंजिल तक पहुंचना आसान होगा. लेकिन सोनाक्षी सिन्हा की कहानी इस धारणा से थोड़ी अलग नजर आती है। दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी होने के बावजूद उनके सफर में कई ऐसे मोड़ आए, जहां उन्हें खुद को साबित करना पड़ा. हाल ही में सोनाक्षी ने अपने पिता के साथ रिश्ते और करियर के शुरुआती दिनों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि घर में एक सुपरस्टार की मौजूदगी जरूर थी, लेकिन उनके जीवन और करियर को लेकर जो रवैया अपनाया गया, उसने उन्हें अपनी पहचान खुद बनाने की प्रेरणा दी.

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा अपनी नई फिल्म ‘सिस्टम’ में ‘रिवर्स नेपोटिज्म’ का सामना कर रही हैं, लेकिन असल जिंदगी में उन्होंने पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा से कभी ऐसा अनुभव नहीं किया. बल्कि पिता ने उन्हें हमेशा अपनी मर्जी से राह चुनने की पूरी आजादी दी. हाल ही स्क्रीन के साथ एक बातचीत में सोनाक्षी ने इस बात का खुलासा किया. फोटो साभार-@aslisona/Instagram

अश्विनी अय्यर तिवारी द्वारा निर्देशित कोर्टरूम ड्रामा ‘सिस्टम’ में सोनाक्षी एक युवा वकील की भूमिका निभा रही हैं, जिनके पिता (अशुतोष गोवारीकर) उन्हें लॉ फर्म में पार्टनर बनाने से पहले 10 लगातार केस जीतने की चुनौती देते हैं. फिल्म में सोनाक्षी का किरदार पूछता है- ‘ये रिवर्स नेपोटिज्म क्या है?’ लेकिन असल जिंदगी में पिता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ उनका रिश्ता बिल्कुल उलटा और बेहद सपोर्टिव रहा है. फोटो साभार-@aslisona/Instagram
Add News18 as
Preferred Source on Google

बातचीत में सोनाक्षी ने कहा, ‘मेरे पापा ने हमेशा मुझे अपनी राह चुनने की आजादी दी है. जब मैं फैशन डिजाइनिंग पढ़ रही थी, तब भी उन्होंने मुझे सपोर्ट किया. बाद में जिंदगी ने मुझे दूसरी राह दिखाई, जो फिल्म इंडस्ट्री की ओर ले गई.’

सोनाक्षी ने अपने पिता को ‘साइलेंट सपोर्टर’ बताया. उन्होंने कहा, ‘चाहे जो भी हो, पापा हमेशा मेरे साथ खड़े रहते हैं. आज के समय में किसी लड़की के लिए पिता का ऐसा समर्थन बहुत मायने रखता है. यह मेरी सबसे बड़ी ताकत है.’ फोटो साभार-@aslisona/Instagram

फिल्म में पिता की सख्त छवि के विपरीत, सोनाक्षी ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा असल में बहुत नरम दिल वाले इंसान हैं. ‘पापा बाहर से बहुत टफ लगते हैं. ‘खामोश, वामोश’ वाली इमेज है उनकी, लेकिन अंदर से वे बहुत सॉफ्ट हैं.’ फोटो साभार-@aslisona/Instagram

सोनाक्षी ने आगे बताया कि जब वह फिल्म इंडस्ट्री में आईं तो पापा ने उन्हें सिर्फ इतना कहा था- ‘तुम जाओ और अपना काम करो, मुझे पता है तुम अच्छा करोगी.’ पापा के इन शब्दों ने मुझे आत्मविश्वास और उड़ने के लिए ‘पंख’ दोनों दिए. सोनाक्षी ने यह भी कहा कि पिता कभी-कभी सख्त लेकिन ईमानदार फीडबैक भी देते हैं. ‘वे जहां जरूरी होता है, वहां सच्चाई बता देते हैं. पापा की ईमानदारी और पारदर्शिता हर कोई जानता है. मैं जब भी वे मुझे सच्ची सलाह देते हैं, तो मुझे उसकी बहुत कद्र होती है.’ फोटो साभार-@aslisona/Instagram

शत्रुघ्न सिन्हा बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रहे हैं और राजनीति में भी सक्रिय रहे. सोनाक्षी सिन्हा ने 2010 में ‘दबंग’ से डेब्यू किया और अब तक कई हिट फिल्में दी हैं. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े होने के बावजूद सोनाक्षी और शत्रुघ्न सिन्हा ने अब तक केवल एक बार ही स्क्रीन साझा की है. दोनों साथ में फिल्म ‘यमला पगला दीवाना: फिर से’ के गाने ‘रफ्ता रफ्ता मेडली’ में साथ नजर आए थे. फोटो साभार-@aslisona/Instagram

बता दें कि 2024 में जब सोनाक्षी ने जहीर इकबाल से शादी की थी तो इस बात की काफी अटकलें लगाई जा रही थीं कि ‘कंजरवेटिव’ पिता इस शादी में शामिल होंगे या नहीं. लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा ने सबको चौंकाते हुए न सिर्फ शादी में हिस्सा लिया, बल्कि दामाद से दोस्ती कर ली. सोनाक्षी ने बताया कि अब पिता और पति एक-दूसरे को बुलाकर खूब बातें करते हैं.

