Last Updated:
बॉलीवुड का वो अभिनेता, जिसकी एक झलक पाने के लिए आज भी फैंस घंटों इंतजार करते हैं. उनकी पुरानी से लेकर नई फिल्मों तक के किरदार दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं. लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब यह शख्स सिर्फ नाटक देखने के लिए थिएटर में चुपके से घुस जाया करता था. कई बार पकड़ा गया, कई बार बाहर निकाला गया, लेकिन अभिनय के प्रति उसका जुनून कभी कम नहीं हुआ. यही दीवानगी आगे चलकर उसे भारतीय सिनेमा का ऐसा सितारा बना गई, जिसने विलेन, कॉमेडी और गंभीर किरदारों में अपनी अलग पहचान बनाई. आज इस दिग्गज अभिनेता का जन्मदिन है. ऐसे में बर्थडे स्पेशल में जानते हैं उनके जीवन से जुड़ा दिलचस्प किस्सा.

कभी थिएटर के बाहर खड़ा होकर अंदर जाने का मौका ढूंढता था, तो कभी बिना टिकट नाटक देखने के लिए चुपके से घुस जाता था. किसी को अंदाजा नहीं था कि अभिनय का यही जुनून एक दिन उसे भारतीय सिनेमा के सबसे दमदार कलाकारों में शामिल कर देगा. आज उसकी कॉमिक टाइमिंग, शानदार एक्टिंग और यादगार किरदार करोड़ों लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. बर्थडे स्पेशल में जानिए उस अभिनेता की कहानी, जिसे दुनिया आज परेश रावल के नाम से जानती है. (फोटो साभार-IMDB )

परेश रावल का जन्म 30 मई 1955 को मुंबई में एक गुजराती परिवार में हुआ था. उनका बचपन मुंबई के पार्ले ईस्ट इलाके में बीता, जहां पास ही एक ओपन थिएटर ग्राउंड हुआ करता था. वहीं से उनके अंदर अभिनय के प्रति रुचि पैदा हुई. बचपन में वह पढ़ाई के साथ-साथ बेहद शरारती भी थे, लेकिन उनका सबसे बड़ा जुनून थिएटर था. बताया जाता है कि सिर्फ 9 साल की उम्र में वह बिना टिकट नाटक देखने थिएटर में घुस जाया करते थे. कई बार उन्हें पकड़कर बाहर निकाल दिया जाता था, लेकिन उनकी दीवानगी कभी कम नहीं हुई. (फोटो साभार-IMDB )

एक बार जब वह बार-बार थिएटर में घुसने की कोशिश करते पकड़े गए तो थिएटर के लोगों ने उनके जुनून को समझा और उन्हें प्ले देखने की अनुमति दी. धीरे-धीरे उन्हें वहां छोटे-छोटे रोल भी मिलने लगे. यही उनके करियर का पहला आधार बना. (फोटो साभार-IMDB )
Add News18 as
Preferred Source on Google

शुरुआती दौर में परेश रावल ने बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी शुरू की, लेकिन उनका मन वहां नहीं लगता था. उन्होंने कुछ ही दिनों में नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह से अभिनय की दुनिया में आ गए. (फोटो साभार-IMDB )

फिल्मी करियर की शुरुआत उन्होंने 1984 में फिल्म ‘होली’ से की, और फिर 1985 में ‘अर्जुन’ जैसी कई फिल्मों में छोटे-छोटे रोल निभाए. असली पहचान उन्हें 1986 की फिल्म ‘नाम’ से मिली, जहां उन्होंने अपने अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा. इसके बाद उन्होंने 80 और 90 के दशक में लगातार काम किया और लगभग 100 से ज्यादा फिल्मों में खलनायक की भूमिकाएं निभाईं. ‘राम लखन’, ‘मोहरा’, ‘क्रांतिवीर’ और ‘दामिनी’ जैसी फिल्मों में उनका अभिनय काफी सराहा गया. (फोटो साभार-IMDB )

परेश रावल ने विलेन के अलावा कई गंभीर और कॉमिक किरदारों को भी निभाया. साल 2000 में आई फिल्म ‘हेरा फेरी’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. इस फिल्म में उनका किरदार ‘बाबूराव गणपत आप्टे’ इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी वह भारतीय कॉमेडी सिनेमा का एक यादगार चेहरा माना जाता है. (फोटो साभार-IMDB )

इसके बाद उन्होंने ‘हंगामा’, ‘गरम मसाला’, ‘भूल भुलैया’, ‘वेलकम’, ‘गोलमाल’ सीरीज और ‘ओह माय गॉड’ जैसी फिल्मों में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने साबित किया कि वह हर तरह के किरदार में फिट हो सकते हैं, चाहे वह कॉमेडी हो या गंभीर किरदार. उनके काम को कई बड़े पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. उन्हें दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला, एक बार फिल्मफेयर अवॉर्ड और साल 2014 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया. (फोटो साभार-IMDB )

निजी जीवन में परेश रावल ने अभिनेत्री स्वरूप संपत से शादी की, जो मिस इंडिया रह चुकी हैं. दोनों की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प रही, जो कॉलेज के दिनों से शुरू होकर शादी तक पहुंची.परेश रावल ने राजनीति में भी कदम रखा और 2014 में अहमदाबाद पूर्व से सांसद बने. इसके साथ ही, वह नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के प्रमुख भी बनाए गए. (फोटो साभार-IMDB )

