Last Updated:
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं. खासकर जहीर इकबाल के साथ उनकी लव स्टोरी और शादी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. हालांकि बहुत कम लोग जानते हैं कि दोनों के रिश्ते की भनक शादी से काफी पहले ही सोनाक्षी की मां पूनम सिन्हा को लग गई थी.

नई दिल्ली. बॉलीवुड की जानी मानी एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने जब जहीर इकबाल संग शादी की थी, तो इस शादी ने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थीं.उस वक्त तरह-तरह की अफवाहें सामने आई थीं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोनाक्षी और जहीर के रिश्ते की भनक उनकी मां पूनम को पहले ही लग गई थीं.

हाल ही में मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान अपने यूट्यूब चैनल के लिए सोनाक्षी और जहीर के घर पहुंची थीं. इस दौरान उनके साथ उनके लोकप्रिय कुक दिलीप भी मौजूद थे. खास बात यह रही कि इस मुलाकात में सोनाक्षी और जहीर की मां भी शामिल थीं.

बातचीत के दौरान फराह खान ने दोनों से पूछा कि उनके परिवार पहली बार कब मिले थे. इस सवाल का जवाब देते हुए सोनाक्षी ने बताया कि दोनों परिवारों की पहली मुलाकात एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के घर एक पार्टी के दौरान हुई थी. उस पार्टी में सिर्फ उनके और जहीर के परिवार ही नहीं, बल्कि हुमा के माता-पिता भी मौजूद थे. सभी ने साथ बैठकर बातचीत की, खूब हंसी-मजाक किया और अच्छा समय बिताया.
Add News18 as
Preferred Source on Google

इसी दौरान फराह खान ने पूनम सिन्हा से पूछा कि क्या उन्हें उस वक्त सोनाक्षी और जहीर के रिश्ते का कोई अंदाजा हुआ था. इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें थोड़ा-बहुत शक जरूर हो गया था. पूनम सिन्हा ने बताया कि पार्टी के दौरान सोनाक्षी, जहीर की मां के पैरों के पास बैठी हुई थीं. यह देखकर उन्हें कुछ अलग महसूस हुआ और तभी उनके मन में दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल उठने लगे थे.

हालांकि उस समय किसी ने इस बारे में खुलकर बात नहीं की, लेकिन मां की नजर अक्सर बच्चों के दिल की बात समझ जाती है. बाद में यही रिश्ता प्यार से शादी तक पहुंचा और 23 जून 2024 को सोनाक्षी और जहीर हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए.

2 जून 1987 को जन्मीं सोनाक्षी सिन्हा दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और पूनम सिन्हा की बेटी हैं. फिल्मों में आने से पहले वह कॉस्ट्यूम डिजाइनर के तौर पर काम करती थीं. उन्होंने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की और शुरुआत में पर्दे के पीछे रहकर इंडस्ट्री में काम किया.

साल 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म दबंग से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. पहली ही फिल्म सुपरहिट साबित हुई और सोनाक्षी रातोंरात स्टार बन गईं. इसके लिए उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला.आज सोनाक्षी सिन्हा बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने अपनी मेहनत, प्रतिभा और दमदार व्यक्तित्व के बल पर इंडस्ट्री में अपनी खास जगह बनाई है.

इसके बाद उन्होंने राउडी राठौर, सन ऑफ सरदार, दबंग 2 और हॉलिडे: ए सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया. वहीं लुटेरा में निभाया गया उनका पाखी का किरदार आज भी उनके करियर के सबसे यादगार किरदारों में गिना जाता है. अभिनय के अलावा उन्होंने गायकी में भी हाथ आजमाया और अपनी अलग पहचान बनाई.

