Last Updated:
बॉलीवुड में हर एक्टर का पसंदीदा डायरेक्टर होता है. हर डायरेक्टर का पसंदीदा हीरो होता है. हर बॉलीवुड सुपर स्टार की फैन फॉलोइंग होती है. बॉलीवुड के एक दिग्गज डायरेक्टर ने 13 साल में तीन फिल्मों का डायरेक्शन किया. तीनों ही फिल्मों में हीरो सेम था. तीनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुईं. एक मूवी के नाम तो वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है. ये तीनों फिल्में कौन सी हैं, वो हीरो कौन है, डायरेक्टर कौन है, आइये जानते हैं…….

90 के दशक में एक्शन-रोमांटिक फिल्मों के दौर में एक 24 साल का ऐसा नौजवान डायरेक्टर आया जिसने हिंदी सिनेमा को हमेशा के लिए बदल दिया. उसने ऐसी रोमांटिक फिल्म बनाई जो हिंदी सिनेमा में मील का पत्थर साबित हुई. इस मूवी की गिनती हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों में होती है. इस डायरेक्टर ने 13 साल के अंतराल में तीन फिल्में बनाईं. तीनों में एक ही हीरो के साथ काम किया. सबसे दिलचस्प बात यह है कि तीनों ही फिल्में ब्लॉकबस्टर रहीं. हम आदित्य चोपड़ा की बात कर रहे हैं. उन्होंने 1995 से 2008 के बीच तीन फिल्मों ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘मोहब्बतें’ और ‘रब ने बना दी जोड़ी’ का निर्देशन किया था.

सबसे पहले बात करते हैं 20 अक्टूबर 1995 को रिलीज हुई ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ फिल्म की जिसका डायरेक्शन आदित्य चोपड़ा ने किया था. बतौर डायरेकर आदित्य चोपड़ा की यह पहली फिल्म थी. उनके पिता यश चोपड़ा बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता-निर्देशक रहे हैं. शाहरुख खान-काजोल स्टारर डीडीएलजे की हर सीन, डायलॉग अमर हो गए. इस फिल्म के बिना हिंदी सिनेमा अधूरा है. आदित्य चोपड़ा उस समय सिर्फ 24 साल के थे. राज और सिमरन की प्रेम कहानी को इस फिल्म के म्यूजिक ने अमर कर दिया. यह फिल्म दीपावली के दिन रिलीज हुई थी. म्यूजिक जतिन-ललित ने कंपोज किया था. फिल्म में ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ गाने को एवरग्रीन आइकॉनिक सॉन्ग माना जाता है. इस गाने को लता मंगेशकर-कुमार सानू ने गाया था. लता दीदी ने फिल्म में चार गाने गाए थे. ‘ना जाने मेरे दिल को क्या हो गया’ और ‘मेरे ख्वाबों में जो आए’ गाना भी लता मंगेशकर ने गाया था. फिल्म का एक और सुपरहिट गाना ‘मेहंदी लगा के रखना’ उदित नारायण और लता मंगेशकर की आवाज में था.

मूवी में एकमात्र फाइट सीन शाहरुख खान ने अपनी जिद पर रखवाया था. शाहरुख खान ने कैमरामैन को लेकर फाइट सीन शूट किया था. जब आदित्य को पता चला तो वो खूब नाराज हुए थे. फिर शाहरुख ने उन्हें किसी तरह से मनाया. ‘डीडीएलजे’ में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के बीच केमिस्ट्री दिखाई गई. ‘करवा चौथ’ का ट्रेंड पूरे देश में इसी फिल्म के बाद आया. फिल्म में अमरीश पुरी, फरीदा जलाल, अनुपम खेर, परमीत सेठी, मंदिरा बेदी, करण जौहर जैसे सितारे सपोर्टिंग रोल में थे. स्टोरी-स्क्रीनप्ले आदित्य चोपड़ा का था. प्रोड्यूसर यश चोपड़ा थे. कुल 7 गाने फिल्म में थे. 4 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 103 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. डीडीएलजे को एक नेशनल अवॉर्ड और 10 फिल्मफेयर अवॉर्ड समेत कुल 15 अवॉर्ड मिले थे. डीडीएलजे मूवी के नाम सिनेमाघरों में सबसे ज्यादा दिनों तक चलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

डीडीएलजे के बाद आदित्य चोपड़ा तीन साल तक निर्देशन से दूर रहे. उन्होंने अपने पिता की फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में सहयोग किया. 2000 में आदित्य चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी एक और फिल्म ‘मोहब्बतें’ आई. यह भी एक म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म थी. हमेशा की तरह शाहरुख खान ही लीड रोल में थे. शाहरुख खान ने दूसरी बार आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में काम किया था. प्रोड्यूसर यश चोपड़ा थे. मूवी 27 अक्टूबर 2000 को दीपावली के दिन रिलीज हुई थी. गीतकार आनंद बख्शी थे जबकि म्यूजिक जतिन-ललित ने कंपोज किया था.

‘मोहब्बतें’ फिल्म का म्यूजिक सुपर-डुपर हिट था. बहुत ही शर्मीले स्वभाव के आदित्य चोपड़ा ने बचपन में म्यूजिक की ट्रेनिंग ली थी. वो बहुत अच्छे गीतकार भी हैं. बहुत कम लोग जानते होंगे कि ‘डीडीएलजे’ के ब्लॉकबस्टर गाने ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ का मुखड़ा आदि ने ही लिखा था. ‘मोहब्बतें’ फिल्म के ब्लॉकबस्टर गाने ‘हमको हमी से चुरा लो’ का मुखड़ा भी आदित्य चोपड़ा ने ही लिखा था. संगीतकार जतिन पंडित ने अपने एक इंटरव्यू में इसका खुलासा किया था. गाना उदित नारायण-लता मंगेशकर ने गाया था. शहरुख खान-ऐश्वर्या राय पर फिल्माया गया था. करीब 19 करोड़ रुपये के बजट में बनी मोहब्बतें फिल्म ने 91 करोड़ का वर्ल्ड वाइड कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. मोहब्बतें 2000 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर थी.

‘मोहब्बतें’ फिल्म के रिलीज होने के 8 साल बाद आदित्य चोपड़ा ने शाहरुख खान के साथ एक और म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म बनाई. नाम था रब ने बना दी जोड़ी. इसी फिल्म से अनुष्का शर्मा ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. यश चोपड़ा प्रोड्यूसर थे. मूवी 12 दिसंबर 2008 को रिलीज हुई थी. विनय पाठक सपोर्टिंग रोल में थे. कहानी आदित्य चोपड़ा ने लिखी थी. म्यूजिक सलीम-सुलेमान का था. गीत जयदीप सहनी ने लिखे थे. म्यूजिक-गाने सुपरहिट थे. ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में इमोशंस इतने हाई थे कि लॉजिक पीछे छूट गए थे. कहानी में सबसे बड़ा लूप होल यही था पत्नी बिना मूंछ वाले अपने पति को पहचान नहीं पाती.

फिल्म के एक गाने ‘हम हैं राही प्यार के, फिर मिलेंगे चलते-चलते.’ में 28 सुपरहिट फिल्मों के नाम थे. ‘हम हैं राही प्यार के, फिर मिलेंगे चलते-चलते.’ गानें में बॉलीवुड के तीनों खान की फिल्में शामिल हैं. ‘हम हैं राही प्यार के’ (आमिर खान), फिर मिलेंगे (सलमान खान), और चलते-चलते (शाहरुख खान). इसके अलावा, इस गाने के जरिये बॉलीवुड के पांच लीजेंड राज कपूर, शम्मी कपूर, ऋषि कपूर, देव आनंद और राजेश खन्ना को श्रद्धांजलि दी गई थी. फिल्म में काजोल, लारा दत्ता, बिपासा बासु, प्रीति जिंटा और रानी मुखर्जी स्पेशल अपीरेंस में नजर आई थीं. फिल्म का बजट करीब 39 करोड़ रुपये का रखा गया था. मूवी ने 157 करोड का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह 2008 में एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थे. फिल्म को IMDB पर 7.2 की रेटिंग मिली हुई है.

