Last Updated:
सिर्फ 18 दिनों की मोहब्बत, सपनों जैसी शादी और फिर दर्द से भरी जिंदगी.खूबसूरत हसीना ने हाल ही में अपने अतीत का ऐसा राज खोला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. उन्होंने बताया कि किशोरावस्था से ही शादी उनका सबसे बड़ा सपना थी. अच्छे जीवनसाथी की चाह में उन्होंने 16 सोमवार के व्रत भी रखे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात एक बड़े सुपरस्टार के सौतेले भाई से हुई और महज 18 दिनों में दोनों ने शादी का फैसला कर लिया.लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उन्हें एहसास हो गया कि उनका फैसला गलत था. एक्ट्रेस का दावा है कि इसके बाद उन्हें वर्षों तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.

नई दिल्ली. बॉलीवुड के ‘परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान के सौतेले भाई हैदर अली खान की पूर्व पत्नी और एक्ट्रेस ईवा ग्रोवर ने हाल ही में अपनी दर्दनाक शादी की कहानी सुनाई. ईवा ने बताया कि कैसे महज 18 दिनों के डेटिंग के बाद उन्होंने शादी कर ली और 19वें दिन ही वह घर से भागकर हैदर से जा मिलीं. इसके बाद उन्होंने सालों शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेली लेकिन बेटी के जन्म के बाद उन्होंने इस रिश्ते को तोड़ने ही सही समझा और इस रिश्ते का द एंड कर दिया. फोटो साभार-@IMDb

दिग्गज पत्रकार विक्की लालवानी को दिए एक इंटरव्यू में ईवा ग्रोवर ने अपनी जिंदगी के उस फैसले पर बात की, जिसने उनका पूरा करियर और जीवन बदल दिया. ईवा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही शादी करने और एक खुशहाल परिवार बसाने का अजीब सा जुनून था. फोटो साभार-@IMDb

ईवा ने बताया, ‘यह जुनून मेरे अंदर 26-27 साल की उम्र में नहीं, बल्कि तब आया था जब मैं महज 15 या 16 साल की थी. मैं शादी की बात को लेकर इस कदर पागल थी कि मैंने न जाने कितने ’16 सोमवार के व्रत’ रखे थे ताकि शिव जी मुझे एक अच्छा पति और खुशहाल शादीशुदा जिंदगी का आशीर्वाद दें. मैंने परियों जैसी कहानी की कल्पना की थी, लेकिन असलियत बेहद खौफनाक निकली.’ फोटो साभार-@IMDb
Add News18 as
Preferred Source on Google

जब ईवा ग्रोवर का करियर बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में तेजी से उड़ान भर रहा था, उसी दौरान उनकी मुलाकात फिल्म निर्माता ताहिर हुसैन के बेटे और आमिर खान के सौतेले भाई हैदर अली खान से हुई. ईवा ने बताया कि वे दोनों अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखते थे, लेकिन प्यार का बुखार ऐसा था कि उन्होंने किसी की नहीं सुनी.

ईवा ने खुलासा किया, ‘सच तो यह है कि मैंने उसे केवल 18 दिनों के लिए डेट किया था. 18 दिनों में आप किसी इंसान को नहीं जान सकते. उसने मुझे प्रपोज किया, मैंने अपनी मां या किसी और की बात नहीं मानी और 19वें दिन मैं उसके साथ भाग गई और हमने शादी कर ली. आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि सारी गलती उसकी नहीं थी, कुछ गलती मेरी भी थी क्योंकि मैंने बहुत जल्दबाजी की.’ फोटो साभार-@IMDb

ईवा के मुताबिक, शादी के कुछ ही दिनों के भीतर उन्हें एहसास हो गया कि जिस इंसान से उन्होंने शादी की है, वह पूरी तरह बदल चुका है. हैदर अली खान के गुस्सा उनकी कल्पना से बिल्कुल परे था. ईवा ने कहा कि वह एक ऐसे घर में पली-बढ़ी थीं जहां कोई पुरुष नहीं था, इसलिए उन्हें पुरुषों के आक्रामक व्यवहार का कोई अंदाजा नहीं था. जब ईवा से सीधे तौर पर पूछा गया कि क्या उनके पति उनके साथ मारपीट करते थे तो उन्होंने भारी मन से स्वीकार किया. फोटो साभार-@IMDb

उन्होंने कहा, ‘वह बेहद हिंसक था. मैं किसी एक खास दिन का जिक्र नहीं करना चाहती, लेकिन यह सच है कि वह मेरे साथ शारीरिक रूप से मारपीट करता था. इसके बावजूद मैं सालों तक उस रिश्ते में रही क्योंकि मैं उससे प्यार करती थी. सबसे बुरी बात यह थी कि मुझे ही लगातार यह अहसास कराया जाता था कि सारी गलती मेरी है. मुझसे कहा जाता था कि मैं ही प्रॉब्लम हूं, मुझमें चीजें संभालने की क्षमता नहीं है.’

इस भयानक दौर में ईवा ग्रोवर को अपने ससुराल के बाकी सदस्यों से भरपूर सहानुभूति और प्यार मिला. ईवा ने आमिर खान के दिवंगत पिता और फिल्म निर्माता ताहिर हुसैन को याद करते हुए उन्हें एक फरिश्ता बताया. उन्होंने कहा, ‘जब भी उन्हें मौका मिलता, वह मुझसे इस बारे में बात करते थे. मेरे साथ हो रहे अन्याय को देखकर वह भावुक हो जाते थे और रोने लगते थे’. इसके अलावा ईवा ने अपनी सास शहनाज की भी तारीफ की और उन्हें सोने के दिल वाली महिला बताया. फोटो साभार-@IMDb

देश की आम महिलाओं की तरह ईवा को भी लगता था कि शायद बच्चा होने के बाद हैदर का गुस्सा शांत हो जाएगा और उनकी शादी बच जाएगी. शादी के चार साल बाद ईवा प्रेग्नेंट हुईं. उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान भी लगातार काम किया. लेकिन ईवा ने आज की पीढ़ी को सलाह देते हुए कहा, ‘हमारे देश में सिखाया जाता है कि एक बच्चा खराब शादी को बचा सकता है. मैंने भी यही सोचकर बच्चा पैदा किया, लेकिन गंभीर स्थितियों में ऐसा कभी नहीं होता. बच्चा होने से टूटे हुए रिश्ते नहीं सुधरते.’ फोटो साभार-@IMDb

बेटी के जन्म के ठीक एक महीने बाद ईवा अपने बर्दाश्त की आखिरी सीमा पर पहुंच चुकी थीं. उस समय वह टीवी शो ‘वक्त बताएगा कौन अपना कौन पराया’ की शूटिंग कर रही थीं. सेट पर मौजूद उनके साथी कलाकारों और क्रू मेंबर्स ने ईवा के चेहरे पर दर्द और चोट के निशान भांप लिए थे. ईवा ने उस दिन को याद करते हुए कहा,’एक दिन मेरी पूरी शूटिंग यूनिट ने तय किया कि वे इस नरक से निकलने में मेरी मदद करेंगे. वे सब मिलकर मेरे घर आए, मेरी मां से बात की और मुझे हैदर का घर हमेशा के लिए छोड़ने का हौसला दिया. उसी दिन मैंने अपनी बेटी को उठाया और उस हिंसक रिश्ते से हमेशा के लिए बाहर आ गई.’

