Protool

सोमवार ने बिगाड़ा खेल! 100 करोड़ के करीब ‘दृश्यम 3’, बॉक्स ऑफिस पर ठंडी पड़ी 4 बड़ी फिल्मों की चाल

Last Updated:

वीकेंड पर सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ जुटाने के बाद, सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी फिल्मों की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ से लेकर सुरिया की ‘करुप्पु’ तक, सभी फिल्मों के कलेक्शन में 50% से ज्यादा की बड़ी गिरावट आई है.

ख़बरें फटाफट

100 करोड़ के करीब 'दृश्यम 3', बॉक्स ऑफिस पर ठंडी पड़ी 4 बड़ी फिल्मों की चालZoom

दृश्यम 3-पति पत्नी और वो 2-चांद मेरा दिल से करुप्पु तक जानिए किस फिल्म का हाल कैसा रहा.

नई दिल्ली. सिनेमाघरों में इन दिनों कई बड़ी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं, लेकिन वीकेंड खत्म होते ही बॉक्स ऑफिस पर उनकी रफ्तार धीमी पड़ती दिखाई दे रही है. मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’, सूर्या की ‘करुप्पु’, आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो 2’ और अनन्या पांडे-लक्ष्य स्टारर ‘चांद मेरा दिल’. ये चारों फिल्मों ने अपने-अपने स्तर पर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन ताजा आंकड़े बताते हैं कि वीकडे खत्म होते ही ये चारों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लड़खड़ाती हुई नजर आ रही हैं.

‘दृश्यम 3’ का 12वें दिन का कलेक्शन

सबसे पहले बात करें मोहनलाल स्टारर ‘दृश्यम 3’ की, तो फिल्म ने रिलीज के 12वें दिन भारत में 2.20 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया. यह पिछले दिन की 5.35 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले करीब 58.9 प्रतिशत की गिरावट है. इसके बावजूद फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 98.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और यह जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है. भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 114.76 करोड़ रुपये हो चुका है, जबकि ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने अब तक 110 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ‘दृश्यम 3’ ने पहले हफ्ते में फिल्म ने मजबूत बिजनेस किया था. पहले मंगलवार को 6.50 करोड़, बुधवार को 6.65 करोड़ और गुरुवार को भी यही आंकड़ा रहा. पहले हफ्ते का कुल आंकड़ा 81.95 करोड़ रुपये रहा. विदेशों में फिल्म ने 12वें दिन 75 लाख रुपये कमाए, जिससे ओवरसीज ग्रॉस 110 करोड़ रुपये हो गया है.

‘पति पत्नी और वो 2’ का 18वें दिन क्या रहा हाल?

आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह की फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ भी वीकडे में संघर्ष करती नजर आई. फिल्म ने 18वें दिन महज 80 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया, जो पिछले दिन की 2 करोड़ रुपये की कमाई से करीब 60 प्रतिशत कम है. फिल्म की कुल इंडिया नेट कमाई अब 47.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 56.70 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है. पहले सप्ताह में फिल्म ने 29 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.

‘चांद मेरा दिल’ का 11वें दिन का कलेक्शन

रोमांटिक ड्रामा ‘चांद मेरा दिल’ की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है. अनन्या पांडे और लक्ष्य की इस फिल्म ने 11वें दिन 90 लाख रुपये नेट कमाए. यह 10वें दिन की 1.80 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले 50 प्रतिशत की गिरावट है. फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन अब 25.20 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि भारत में ग्रॉस कलेक्शन 29.79 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. दुनियाभर में फिल्म ने अब तक 33.64 करोड़ रुपये का कारोबार किया है.

‘करुप्पु’ ने 18वें दिन कितने कमाए?

इन सबके बीच सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करुप्पु’ अब भी सबसे मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है. हालांकि, इसके कलेक्शन में भी गिरावट दर्ज की गई है. फिल्म ने 18वें दिन 2.40 करोड़ रुपये नेट कमाए, जो 17वें दिन की 5.90 करोड़ रुपये की कमाई से करीब 59.3 प्रतिशत कम है. इसके बावजूद फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 184.85 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. भारत में फिल्म ने 213.75 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है. तमिल वर्जन फिल्म की कमाई का सबसे बड़ा आधार बना हुआ है.

About the Author

authorimg

Shikha Pandey

शिखा पाण्डेय पिछले 15 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में एक्टिव हैं. शिखा दिसंबर 2019 से न्यूज 18 हिंदी के साथ हैं और बतौर चीफ सब एडिटर के पद काम कर रही हैं. पिछले 6 सालों से वह एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही …और पढ़ें

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *