Last Updated:
बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड में कदम रखने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस के फैसले हमेशा हैरान करने वाले रहे. महज 24 साल की उम्र में बिना शादी किए एक बच्ची को गोद लेकर मां बनने का साहसिक फैसला कर उन्होंने सबको चौंका दिया था. इस फैसले पर उनके मैनेजर ने करियर खत्म होने की बात कह दी और यहां तक कि एक्ट्रेस के साथ काम करने से भी साफ मना कर दिया था. लेकिन कमाल की बात है कि मां बनने के बाद ही एक्ट्रेस ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं.

नई दिल्ली. 90 के दशक की सबसे चहेती हीरोइनों में शुमार बॉलीवुड हसीना अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में हमेशा लीक से हटकर फैसले लेने के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने कभी शादी तो नहीं की, लेकिन महज 24 साल की उम्र में एक बच्ची को गोद लेकर मां बनने का साहसिक फैसला जरूर किया था. अगर आप अब भी नहीं पहचाने, तो हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन की.

सुष्मिता ने साल 2000 में अपनी पहली बेटी रेने सेन को गोद लिया था और इसके बाद साल 2010 में अलीशा उनकी जिंदगी का हिस्सा बनीं. हालांकि, सुष्मिता के लिए यह राह इतनी आसान नहीं थी. जब उन्होंने साल 2000 में रेने को गोद लेने का फैसला किया, तो उनके मैनेजर ने ही उनका साथ छोड़ दिया था.

मैनेजर ने उन्हें चेतावनी दी थी कि सिंगल मदर बनने के बाद अब उन्हें फिल्मों में कोई काम नहीं देगा और उनका यह फैसला उनके करियर को पूरी तरह बर्बाद कर देगा. लेकिन सुष्मिता ने अपने दिल की सुनी और आज वह एक प्राउड सिंगल मदर हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एनडीटीवी के साथ इंटरव्यू के दौरान सुष्मिता सेन ने बताया, ‘मेरा मैनेजर मुझे छोड़कर भाग गया था. उसका कहना था कि मैं अपने करियर को लेकर गंभीर नहीं हूं और वह किसी ऐसी लड़की का काम नहीं संभाल सकता जो 24 साल की उम्र में मां बन गई हो. उसने तो यहां तक कह दिया था कि मुझे फिल्मों में साइड रोल तक नहीं मिलेंगे.’

सुष्मिता सेन ने आगे कहा, ‘उसके जाने पर मैंने भी यही सोचा कि चलो अच्छा हुआ, बला टली और देखिए किस्मत का खेल, मां बनने के बाद ही मैंने अपने करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्में दी हैं.’ बिना किसी गॉडफादर के फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली सुष्मिता सेन ने साल 1994 में इतिहास रचा था, जब वह मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं. उन्होंने दुनिया भर की 76 सुंदरियों को पछाड़कर यह ताज अपने नाम किया था.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि दुनिया को अपनी खूबसूरती का दीवाना बनाने वाली सुष्मिता के पास उस वक्त कोई महंगा डिजाइनर गाउन खरीदने के पैसे नहीं थे. सुष्मिता ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि मिस यूनिवर्स के फिनाले में जो गाउन उन्होंने पहना था, उसका कपड़ा दिल्ली के सरोजिनी नगर मार्केट से खरीदा गया था और उसे एक लोकल दर्जी ने सिलकर तैयार किया था.

मिस यूनिवर्स का ताज सजने के बाद सुष्मिता ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. साल 1996 में आई सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दस्तक’ से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया. शुरुआती कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकीं, लेकिन साल 1999 सुष्मिता के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. सलमान खान और करिश्मा कपूर के साथ आई फिल्म बीवी नंबर 1 उनके करियर की पहली बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया.

इसके बाद सुष्मिता ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. अपनी दोनों लाडलियों की परवरिश के साथ-साथ उन्होंने एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्मों में काम किया. इनमें ‘सिर्फ तुम’, ‘आंखें’, ‘मैं हूं ना’, ‘मैंने प्यार क्यों किया?’, ‘चिंगारी’, ‘जिंदगी रॉक्स’ और ‘नो प्रॉब्लम’ जैसी फिल्में शामिल हैं. वहीं, हाल ही में वह वेब सीरीज ‘आर्या’ में नजर आईं जिसमें उनकी दमदार एक्टिंग की खूब तारीफ हुई.

