Protool

वाशु भगनानी ने ठोंका 400 करोड़ का केस, डेविड धवन-टिप्स की बढ़ीं मुश्किलें, वरुण की फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग

नई दिल्ली. वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट और रमेश तौरानी की टिप्स के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब यह झगड़ा कोर्ट की दहलीज पर पहुंच गया है. अब पूजा एंटरटेनमेंट ने बॉम्बे हाई कोर्ट में टिप्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रमेश तौरानी, कुमार एस तौरानी और जाने-माने डायरेक्टर डेविड धवन के खिलाफ 400 करोड़ का भारी-भरकम मुकदमा ठोक दिया है. इस केस में आरोप लगाया गया है कि वाशु भगनानी की 1999 की फिल्म बीवी नं. 1 के आइकॉनिक गानों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया है.

फिल्ममेकर वाशु भगनानी का कहना है कि इन गानों को वरुण धवन और उनके पिता डेविड धवन की अपकमिंग फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसे लेकर अब यह कानूनी जंग छिड़ गई है. वीके दुबे एसोसिएट्स के जरिए दायर किए गए इस मुकदमे में पूजा एंटरटेनमेंट ने कोर्ट से तुरंत और सख्त एक्शन लेने की मांग की है. उनकी मांग है कि वरुण धवन की इस नई फिल्म की रिलीज, डिस्ट्रीब्यूशन, थिएटर स्क्रीनिंग, ओटीटी स्ट्रीमिंग और हर तरह के कमर्शियल इस्तेमाल पर तब तक रोक लगाई जाए, जब तक कि विवादित गानों का मसला हल नहीं हो जाता. सारा बवाल फिल्म के प्रमोशन में इस्तेमाल हो रहे दो आइकॉनिक गानों ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ को लेकर है.

400 करोड़ रुपये का ठोका मुकदमा

वाशु भगनानी के वकील ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, ‘हमने टिप्स म्यूजिक कंपनी के खिलाफ 400 करोड़ रुपये का केस किया है. दोनों कंपनियों के बीच यह कानूनी लड़ाई पिछले कई दिनों से बढ़ रही थी, क्योंकि म्यूजिक राइट्स को लेकर मामला सुलझने का नाम नहीं ले रहा था. पुराने दौर में फिल्मों और गानों के राइट्स लिखित समझौतों के आधार पर तय होते थे. आज भले ही म्यूजिक कंपनियां बड़े प्रोड्यूसर्स या गीतकारों से सीधे गाने खरीद लेती हैं, लेकिन उस जमाने में टिप्स के साथ जो एग्रीमेंट हुआ था, उसमें उन्हें सिर्फ ऑडियो राइट्स दिए गए थे. साल 2018 में टिप्स ने ईमेल भेजकर इन गानों के विजुअल राइट्स मांगे थे. वाशु भगनानी ने उनके मेल का जवाब भी दिया था, लेकिन उनके बीच बात फाइनल नहीं हो पाई थी.’

लीगल नोटिस भेज ऑडियो राइट्स को किया कैंसल

वकील ने आगे बताया कि पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स को एक लीगल नोटिस भेजकर उन ऑडियो राइट्स को भी कैंसल कर दिया है जो उन्हें पहले दिए गए थे. इसका सीधा मतलब यह हुआ कि टिप्स कंपनी अब इस नई फिल्म में इन गानों का किसी भी रूप में इस्तेमाल नहीं कर सकती. एडवोकेट ने कहा, ‘अगर टिप्स कंपनी खुद को इन म्यूजिक राइट्स का असली और कानूनी मालिक बताती है, तो वो कोर्ट में इसके दस्तावेज दिखाए. यही वजह है कि हमने टिप्स के खिलाफ यह दावा किया है. हमें पूरा भरोसा है कि अदालत से न्याय मिलेगा और सच सबके सामने आएगा.’

क्या है विवाद का पूरा मामला?

असल में सारा बखेड़ा डायरेक्टर डेविड धवन की आने वाली फिल्म है जवानी तो इश्क होना है को लेकर खड़ा हुआ है, जिसमें ‘बीवी नंबर 1’ के दो सुपरहिट गानों का इस्तेमाल किया गया है. वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट का साफ कहना है कि फिल्म मेकर्स के पास इन गानों के राइट्स हैं ही नहीं. इसलिए वे तुरंत इन गानों को फिल्म और इसके तमाम प्रमोशनल मैटेरियल से हटाएं. बात सिर्फ गानों तक ही नहीं रुकी है, इस नई फिल्म का टाइटल भी बीवी नंबर 1 के गाने इश्क सोना है की एक लाइन से लिया गया है, इसलिए पूजा एंटरटेनमेंट ने फिल्म का नाम बदलने की भी मांग कर दी है.

रमेश तौरानी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वाशु भगनानी के प्रोडक्शन हाउस ने चेतावनी दी है कि अगर टिप्स कंपनी और डेविड धवन उनकी इन मांगों को नहीं मानते हैं, तो उन्हें हर्जाने के तौर पर अलग से 100 करोड़ रुपये और देने होंगे. दूसरी तरफ, टिप्स कंपनी के कर्ता-धर्ता रमेश तौरानी का दावा कुछ और ही है. उनका कहना है कि इन गानों के ओरिजिनल म्यूजिक और ऑडियो राइट्स कानूनी तौर पर उनकी कंपनी के पास ही हैं. टिप्स ने गुरुवार को एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर पूजा एंटरटेनमेंट के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है.

इस दिन रिलीज होगी ‘है जवानी तो इश्क होना है’

गौरतलब है कि डेविड धवन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर लीड रोल में हैं. यह फिल्म अगले हफ्ते 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इस कानूनी पंगे ने रिलीज से ठीक पहले फिल्म की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अब देखना है कि दोनों प्रोडक्शन हाउस के बीच चल रहे इस कानूनी विवाद का आखिर कैसे निपटारा होता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *