Last Updated:
Guess The Superstar : हम जिस सुपरस्टार की बात कर रहे हैं, उनके परिवार का भारतीय सिनेमा पर दबदबा है. पिता मेगास्टार हैं. वे अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से शोहरत के शिखर पर हैं. उनका बिजनेस सेंस उन्हें सबसे अमीर भारतीय सितारों में से एक बनाता है. एक फिल्म के लिए 80 से 100 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं. वे एक्टिंग के साथ-साथ प्रोडक्शन हाउस भी संभालते हैं. उन्होंने एविएशन सेक्टर में भी अपना दबदबा दिखाया. एक्टर के कार कलेक्शन में रॉल्स रॉयस जैसी महंगी गाड़ी है. खास बात यह है कि मैडम तुसाद म्यूजियम में उनका अपने डॉगी के साथ स्टैच्यू भी लगा है.

नई दिल्ली: सुपरस्टार को एक्टिंग विरासत में मिली, मगर स्टारडम के शिखर पर वह अपने दम पर पहुंचे. ‘मगधीरा’ और ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया. वे भले एक फिल्म के लिए करीब 100 करोड़ फीस लेते हों, मगर मोटी कमाई के लिए वह सिर्फ एक्टिंग पर निर्भर नहीं हैं. वे एक सफल बिजनेसमैन भी हैं. एक्टर की कुल नेटवर्थ लगभग 1500 करोड़ रुपये है, जो उन्हें देश के सबसे अमीर एक्टर्स की लिस्ट में खड़ा करती है.

तस्वीर देखकर आप समझ ही गए होंगे कि हम किसकी बात कर रहे हैं. उनकी गिनती इंडियन सिनेमा के सबसे महंगे एक्टर्स में होती है. हम राम चरण की बात कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो वह एक फिल्म के लिए 80 से 100 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं. फीस फिल्म के बजट और प्रॉफिट शेयरिंग के हिसाब से तय होती है. फिल्मों के अलावा ब्रांड्स के विज्ञापन और बड़े इवेंट्स में जाने के लिए भी उन्हें मोटी रकम मिलती है, जिससे उनकी जेब हमेशा गर्म रहती है.

राम चरण सिर्फ कैमरे के आगे ही नहीं, बल्कि कैमरे के पीछे भी एक्टिव रहते हैं. वह खुद एक फिल्म प्रोड्यूसर हैं और ‘कोनीडेला प्रोडक्शन कंपनी’ नाम का अपना बैनर चलाते हैं. उन्होंने इस कंपनी के जरिए कई बड़ी और सुपरहिट तेलुगू फिल्में बनाई हैं. एक्टर के पिता चिरंजीवी की कमबैक फिल्म ‘खैदी नंबर 150’ भी इसी बैनर तले बनी थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

बहुत कम लोग जानते हैं कि फिल्मों में आने से पहले राम चरण घुड़सवारी को ही अपना करियर बनाना चाहते थे. घोड़ों के प्रति उनका यह प्यार आज भी बरकरार है. वह ‘हैदराबाद पोलो एंड राइडिंग क्लब’ के मालिक हैं. उनके पास कई बेशकीमती और महंगे घोड़े हैं और वह अक्सर पोलो मैच व राइडिंग से जुड़े इवेंट्स में नजर आते हैं.

राम चरण ने आसमान की ऊंचाइयों को छूने के लिए एविएशन सेक्टर में भी कदम रखा था. उन्होंने ‘ट्रूजेट’ नाम की एक रीजनल एयरलाइन शुरू की थी, जिसका काम छोटे शहरों को आपस में जोड़ना था. हालांकि, किस्मत ने यहां उनका साथ नहीं दिया. कुछ अंदरूनी दिक्कतों और कोविड महामारी के चलते साल 2022 में इस एयरलाइन को हमेशा के लिए बंद करना पड़ा.

जब कमाई इतनी शानदार हो, तो घर भी राजा-महाराजाओं जैसा होना लाजमी है. राम चरण हैदराबाद के सबसे पॉश इलाके जुबली हिल्स में बने एक बेहद आलीशान बंगले में रहते हैं. इसे साउथ इंडिया के सबसे महंगे सेलिब्रिटी घरों में से एक माना जाता है. इस घर में खूबसूरत गार्डन से लेकर कमाल का इंटीरियर और सिक्योरिटी के तगड़े इंतजाम हैं.

राम चरण को गाड़ियों का भी बड़ा शौक है और उनका गैराज इस बात की गवाही देता है. उनके पास रोल्स-रॉयस फैंटम, एस्टन मार्टिन, रेंज रोवर ऑटोबायोग्राफी और मर्सिडीज-मेबैक जीएलएस 600 जैसी दुनिया की सबसे महंगी कारें मौजूद हैं. इन गाड़ियों की कीमत ही करोड़ों में है, जो उनकी आलीशान लाइफस्टाइल को बयां करती हैं.

लग्जरी लाइफ जीने वाले राम चरण के पास अपना खुद का प्राइवेट जेट भी है, जिससे वह सफर करते हैं. लेकिन सबसे अनोखी बात उनके पेट डॉग ‘राइम’ से जुड़ी है. राइम एक फ्रेंच बार्बेट डॉग है और उसका जलवा ऐसा है कि मैडम तुसाद म्यूजियम में उसका वैक्स स्टैच्यू लगा है. क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के पेट के बाद राइम यह मुकाम पाने वाला दुनिया का दूसरा और भारत का पहला सेलिब्रिटी पेट है.

