Last Updated:
बॉलीवुड एक्टर साल 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म को ठुकरा चुका है। मेकर्स ने उन्हें इस फिल्म में एक खूंखार और क्रूर विलेन का किरदार ऑफर किया था, लेकिन पर्सनल लाइफ में तनाव और एक कड़े फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन के चलते उन्होंने इस रोल को ना कह दिया. बाद में यह किरदार एक दूसरे मंझे हुए कलाकार की झोली में गया, जिसने अपनी एक्टिंग से थिएटर्स में तहलका मचा दिया. देश-दुनिया में 800 करोड़ से ज्यादा की बंपर कमाई करने वाली इस फिल्म को छोड़ना आज भी इस स्टार के करियर का सबसे बड़ा फैसला माना जाता है.

नई दिल्ली. रणदीप हुड्डा बॉलीवुड के शानदार सितारों में से एक हैं. उन्होंने कई फिल्मों में अपने हुनर का लोहा मनवाया है. हाल ही में रणदीप हुड्डा ने खुलासा किया है कि उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म छावा में एक बेहद अहम रोल ठुकरा दिया था. एक्टर के मुताबिक, उन्होंने यह फैसला अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के एक बेहद मुश्किल दौर के दौरान लिया था.

रणदीप हुड्डा ने बताया कि मेकर्स ने शुरुआत में उन्हें इस फिल्म में मुगल बादशाह औरंगजेब का किरदार निभाने के लिए अप्रोच किया था. इस फिल्म में विक्की कौशल ने मराठा साम्राज्य के दूसरे छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभाई है. रणदीप के मना करने के बाद यह रोल आखिरकार अक्षय खन्ना की झोली में गया और फिल्म रिलीज होने के बाद औरंगजेब के किरदार में उनकी जमकर तारीफ हुई.

जूम को दिए इंटरव्यू में रणदीप हुड्डा ने खुलकर बताया कि आखिर उन्होंने औरंगजेब का इतना बड़ा रोल क्यों छोड़ दिया. एक्टर के मुताबिक, उस समय वह मानसिक और भावनात्मक रूप से एक बेहद कठिन दौर से गुजर रहे थे. रणदीप ने बताया कि डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें इस रोल के लिए तब अप्रोच किया था, जब उन्होंने अपनी फिल्म स्वातंत्र्य वीर सावरकर की शूटिंग खत्म ही की थी और उसके पोस्ट-प्रोडक्शन के काम में बिजी थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google

रणदीप ने बताया कि ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए उन्होंने बहुत कठिन फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया था, जिससे उनका शरीर काफी कमजोर हो गया था और उसी दौरान वह एक आईपी कोर्ट केस से भी जूझ रहे थे. रणदीप ने कहा, ‘मैं उस वक्त एक कोर्ट केस का सामना कर रहा था. साथ ही सावरकर की पूरी कहानी में हिंदू-मुस्लिम का नैरेटिव मेरे दिमाग में इस कदर हावी हो चुका था कि मैं दोबारा उसी राह पर नहीं जाना चाहता था. मैं उस मानसिक तनाव से बाहर निकलना चाहता था. यही वजह थी कि जब बाद में मेरे पास दूसरी फिल्म आई, तो मैंने उसे चुनना बेहतर समझा.’

रणदीप हुड्डा ने यह भी बताया कि अपनी मूवी के लिए किए गए ट्रांसफॉर्मेशन की वजह से उनका शरीर बेहद कमजोर हो चुका था और किरदार के लिए उन्होंने अपना सिर भी मुंडवा लिया था. ऐसे में तुरंत बाद एक और बड़ा किरदार की तैयारी करना और उसमें खुद को ढालना उनके लिए शारीरिक रूप से नामुमकिन जैसा था.

साल 2024 में रिलीज हुई ‘छावा’ लगभग 800 करोड़ की कमाई के साथ ब्लॉकबस्टर साबित हुई. छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य की इस कहानी ने देशभर के दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं अक्षय खन्ना ने औरंगजेब के किरदार में जो जान फूंकी, उसकी चर्चा आज भी हर तरफ होती है.

रणदीप हुड्डा इस समय अपनी पर्सनल लाइफ के सबसे खूबसूरत फेज का आनंद ले रहे हैं. इस साल 10 मार्च को रणदीप और उनकी पत्नी लिन लैशराम के घर एक नन्ही परी ने जन्म लिया. दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन रणदीप के पिता रणबीर हुड्डा का भी जन्मदिन होता है.

रणदीप हुड्डा को हाल ही में उनकी पॉपुलर क्राइम-थ्रिलर सीरीज इंस्पेक्टर अविनाश 2 में देखा गया है. नीरज पाठक के डायरेक्शन में बने इस धमाकेदार नए सीजन को इसी महीने 15 मई को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया गया है, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

