Protool

बीमारी ने छीनी ब्लॉकबस्टर फिल्म, विलेन बनकर कमाया नाम, आखिरी वक्त में बिल चुकाने के नहीं थे पैसे, मसीहा बने सलमान

Last Updated:

फराज खान ने ‘फरेब’ और ‘मेहंदी’ जैसी फिल्मों से पहचान बनाई, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वे ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए पहली पसंद थे. ऐन वक्त पर पीलिया होने की वजह से उन्हें यह फिल्म छोड़नी पड़ी, जो बाद में सलमान खान को मिली. करियर के उतार-चढ़ाव के बाद साल 2020 में फराज गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए. तब सलमान खान ने दरियादिली दिखाते हुए उनके मेडिकल बिल भरे. दुर्भाग्यवश, 4 नवंबर 2020 को फराज का निधन हो गया.

ख़बरें फटाफट

बीमारी ने छीनी हिट फिल्म, विलेन बनकर कमाया नाम, आखिरी वक्त में मसीहा बने सलमानZoom

फराज खान ने कुछ यादगार फिल्मों में काम किया था.

नई दिल्ली: दिवंगत अभिनेता फराज खान 90 के दशक के उन सितारों में से थे, जिन्होंने अपनी पर्सनैलिटी और अदाकारी से एक अलग पहचान बनाई थी. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि बॉलीवुड की तकदीर बदलने वाली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए सलमान खान पहली पसंद नहीं थे. निर्देशक सूरज बड़जात्या ने इस रोल के लिए सबसे पहले फराज खान को फाइनल किया था. फराज ने ऑडिशन में सलमान खान और दीपक तिजोरी जैसे दिग्गजों को पछाड़ दिया था और वे शूटिंग शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार थे. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. ऐन वक्त पर फराज को पीलिया (Jaundice) हो गया और उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें फिल्म छोड़नी पड़ी. इसके बाद यह रोल सलमान खान को मिला और वे रातों-रात सुपरस्टार बन गए.

फराज खान ने आखिरकार साल 1996 में फिल्म ‘फरेब’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया, जिसमें सुमन रंगनाथन उनके साथ थीं. इस फिल्म का गाना ‘तेरी आंखें झुकी-झुकी’ उस वक्त काफी हिट हुआ था. इसके बाद, उन्होंने सुनील शेट्टी के साथ फिल्म ‘पृथ्वी’ में काम किया. फराज को असल पहचान मिली 1998 की फिल्म ‘मेहंदी’ से, जिसमें उन्होंने रानी मुखर्जी के अपोजिट एक नेगेटिव भूमिका निभाई थी. फिल्म की कहानी दहेज प्रथा पर आधारित थी और फराज के किरदार की काफी चर्चा हुई. हालांकि, इतनी काबिलियत के बावजूद उन्हें फिल्मों में वह मुकाम नहीं मिल पाया जिसके वे हकदार थे. बाद में उन्होंने ‘लिपस्टिक’ और ‘अचानक 37 साल बाद’ जैसे टीवी शोज के जरिए छोटे पर्दे में काम किया.

जब सलमान खान ने की मदद
साल 2020 फराज खान की जिंदगी का सबसे कठिन समय साबित हुआ. वे न्यूरोलॉजिकल डिस्ऑर्डर और गंभीर संक्रमण की चपेट में आ गए थे. उनकी हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें बेंगलुरु के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखना पड़ा. फराज का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और उनके इलाज के लिए भारी रकम की जरूरत थी. जब एक्ट्रेस पूजा भट्ट ने सोशल मीडिया पर उनकी मदद के लिए अपील की, तब बॉलीवुड के ‘सुल्तान’ सलमान खान ने दरियादिली दिखाई. सलमान ने बिना किसी शोर-शराबे के फराज के अस्पताल के सारे बिल चुकाए और उनके इलाज में पूरी मदद दी. कश्मीरा शाह ने बाद में इस बात का खुलासा किया कि सलमान ने कैसे एक सच्चे दोस्त की तरह मुश्किल वक्त में फराज का साथ दिया.

बीमारी ने छीना बड़ा मौका
सलमान खान की मदद और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद फराज खान को बचाया नहीं जा सका. 4 नवंबर 2020 को महज 50 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. फराज भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और उनकी सादगी दर्शकों के जहन में आज भी जिंदा है. उनकी जिंदगी याद दिलाती है कि फिल्मी दुनिया में सफलता और विफलता के बीच बहुत ही बारीक लकीर होती है. जहां एक तरफ एक छोटी सी बीमारी ने उन्हें सुपरस्टार बनने से रोक दिया, वहीं दूसरी तरफ उनके आखिरी दिनों में सलमान खान के साथ का उनका रिश्ता इंसानियत की एक मिसाल बन गया.

About the Author

authorimg

Abhishek NagarSenior Sub Editor

अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और पॉल…और पढ़ें



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *