यश और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिट’ इन दिनों काफी चर्चा में है. हाल ही में फिल्म से जुड़ी एक खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. कहा जा रहा था कि फिल्म में कुछ बोल्ड और रोमांटिक सीन को लेकर कियारा ने मेकर्स से इसे कम करने के लिए कहा हैं. जैसे-जैसे ये खबर फैली, लोग इसके बारे में और जानने के लिए उत्सुक दिखे. हालांकि, अब कियारा ने खुद सामने आकर इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है.
कियारा ने तोड़ी चुप्पी
कियारा आडवाणी ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट को अपने स्टोरी पर शेयर करते हुए कहा कि ये खबर पूरी तरह गलत है. उनके इस रिएक्शन से साफ हो गया कि जो बातें फैल रही थीं, वो पूरी तरह झूठी है. ये अफवाहें तब फैली जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कियारा ने फिल्म के एक इंटीमेट सीन की शूटिंग की थी, लेकिन बाद में जब उन्होंने उसका फाइनल वर्जन देखा तो उनका मन बदल गया.

इसके बाद उन्होंने डायरेक्टर गीता मोहनदास और यश से उस सीन को छोटा करने या बोल्ड सीन्स कम करने को कहा. इन खबरों ने सोशल मीडिया पर तेजी से जगह बना ली और लोगों ने इस पर अपनी-अपनी राय देनी शुरू कर दी थी.
कब रिलीज होगी फिल्म?
बता दें कि ‘टॉक्सिक’ एक गैंगस्टर ड्रामा है, जिसे गीता मोहनदास ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में यश डबल रोल में नजर आएंगे, जबकि कियारा ‘नादिया’ का किरदार निभा रही हैं. इसके अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिका में हैं. फिल्म का ऐलान 2023 में हुआ था और इसकी शूटिंग 2025 तक पूरी हो गई थी.
पहले इसे मार्च 2026 में रिलीज करना था, लेकिन इसे टाल दिया गया. इसके बाद मेकर्स ने इसे 4 जून को रिलीज करने की घोषणा की, लेकिन अब इसे फिर से पोस्टपोन कर दिया गया है. हालांकि अब तक नई रिलीज डेट सामने नहीं आई है. ये फिल्म हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज होगी, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

