Last Updated:
Kangana Ranaut Upcoming Movie: कंगना रनौत अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के प्रीमियर के लिए जोधपुर पहुंच चुकी हैं. वहां पहुंचते ही कंगना ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि आज पूरी दुनिया मोदी जी के काम का लोहा मान रही है. इसके साथ ही कंगना ने अपनी इस फिल्म को लेकर कई बड़ी और दिलचस्प बातें भी शेयर की हैं, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ा दी है.
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत आने वाली फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के प्रीमियर के लिए राजस्थान के जोधपुर पहुंची. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर उनकी जमकर तारीफ की. साथ ही फिल्म को लेकर भी कई अहम बातें बताईं. जिसे लेकर कंगना के फैंस काफी ज्यादा खुश हो गए हैं.
जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने कहा, ‘आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना चारों ओर हो रही है. दुनिया के कई देश इस समय युद्ध और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और उन्नति की दर मजबूत बनी हुई है.’
PM मोदी को लेकर कंगना ने कही ये बात
कंगना ने आगे कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए यह कार्यकाल सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दशक में भारत और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत बनेगा. ” इसी बातचीत के दौरान कंगना रनौत ने अपनी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ पर भी बात की. उन्होंने बताया, ”यह फिल्म देश के उन कर्मचारियों और आम लोगों को समर्पित है, जो अपने कर्तव्य को पूरी ईमानदारी से निभाते हैं. फिल्म का उद्देश्य उन लोगों की कहानियों को सामने लाना है, जो समाज को मजबूत बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं. ”
क्यों जोधपुर में आयोजित हुआ प्रीमियर
कंगना ने कहा ”फिल्म का प्रीमियर जोधपुर में आयोजित करने का फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि यह शहर अपनी खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है. ”फिल्म के टाइटल को लेकर कंगना ने एक बार फिर अभिनेता जॉन अब्राहम का धन्यवाद किया. बता दें कि कंगना ने पहले इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म का नाम ‘भारत भाग्य विधाता’ पहले से ही जॉन अब्राहम के पास रजिस्टर्ड था. जब टीम ने इस टाइटल को लेने के लिए जॉन से संपर्क किया, तो उन्होंने बिना किसी शर्त और बिना किसी पैसे के यह टाइटल दे दिया.
सच्ची घटना पर आधारित है कंगना की फिल्म
फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल में हुई सच्ची घटनाओं पर आधारित है. फिल्म में उस रात की घटनाओं को दिखाया गया है, जब अस्पताल में तैनात नर्सों और मेडिकल स्टाफ ने अपनी जान की परवाह किए बिना सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी. कंगना रनौत फिल्म में एक नर्स की भूमिका निभा रही हैं. फिल्म का निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है. यह 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
About the Author

मैं इस समय News18 App टीम का हिस्सा हूं. News18 App पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 3 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं. इससे पहले मैंने, दैनिक जाग…और पढ़ें

