Last Updated:
ड्रीम गर्ल और एंग्री यंग मैन की जोड़ी… एक तरफ हंसमुख, नाचती-गाती स्वप्निल सुंदरी, दूसरी तरफ गुस्सैल, गहरी आवाज वाला तूफान. बॉलीवुड में कई जोड़ियां आईं और गईं, लेकिन जब भी पर्दे पर अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी साथ नजर आए, सिनेमाघरों में मानो तूफान आ गया. दिलचस्प बात ये है कि दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, लेकिन ज्यादातर फिल्मों में उनकी जोड़ी रोमांटिक नहीं थी. लेकिन दोनों जब-जब साथ आए तो फिल्म सुपरहिट होना लगभग तय माना जाता था.

नई दिल्ली. बॉलीवुड में कई सुपरहिट जोड़ियां आईं, लेकिन जब भी अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी एक साथ पर्दे पर नजर आए, सिनेमाघरों में सीटियां और तालियां गूंज उठीं. दिलचस्प बात ये है कि दोनों ने हर फिल्म में रोमांटिक जोड़ी बनकर काम नहीं किया, फिर भी उनकी स्क्रीन प्रेजेंस इतनी दमदार थी कि फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई करती थीं. कहीं, अमिताभ का एंग्री यंग मैन वाला अंदाज छाया, तो कहीं हेमा मालिनी की खूबसूरती और शाही अदाएं दर्शकों को दीवाना बना गईं. ‘शोले’ से लेकर ‘बागबान’ तक, इस जोड़ी ने हर दौर में ऐसी फिल्में दीं, जिन्हें आज भी लोग बार-बार देखना पसंद करते हैं. इन फिल्मों के गाने, डायलॉग और कहानियां आज भी फैंस के दिलों में जिंदा हैं.

शोले: भारतीय सिनेमा की सबसे आइकॉनिक फिल्मों में गिनी जाने वाली ‘शोले’ में अमिताभ बच्चन ने ‘जय’ और हेमा मालिनी ने ‘बसंती’ का किरदार निभाया था. फिल्म में धर्मेंद्र और हेमा की जोड़ी ज्यादा चर्चा में रही, लेकिन अमिताभ की शांत गंभीर एक्टिंग ने कहानी को अलग ऊंचाई दी. आरडी. बर्मन के संगीत ने जान फूंक दी. ‘मेहबूबा मेहबूबा’, ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’, ‘हम हैं राही प्यार के’ हर गाना आज भी दिल की धड़कनों में बसता है. 15 अगस्त 1975 में रिलीज हुई ये फिल्म 3 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 15 करोड़ का कलेक्शन किया. इसने पूरी दुनिया में 25 करोड़ टिकटें बेचीं, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है. इसे ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर माना जाता है.

त्रिशूल: साल 1978 में रिलीज हुई ‘त्रिशूल’, यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी एक बेहतरीन ड्रामा है. फिल्म में अमिताभ बच्चन का गुस्सैल अवतार देखने को मिला. फिल्म में हेमा मालिनी ने शीतल वर्मा का रोल निभाया था. फिल्म का कहानी है विजय (अमिताभ बच्चन) की जो अपने पिता (संजीव कुमार) से उनकी उपेक्षा का बदला लेता है. हेमा मालिनी के साथ अमिताभ की केमिस्ट्री ने आग लगा दी. फिल्म का संगीत मोहम्मद जहूर खय्याम का है, तो गीत साहिर लुधियानवी के हैं. फिल्म के गाने ‘जानेमन तुम कमाल करती हो’, ‘मोहब्बत बड़े काम की चीज’ जैसे गाने आज भी सुपरहिट हैं. ये फिल्म लगभग 2 करोड़ के बजट में बनी थी. इस फिल्म ने 5.5 करोड़ से अधिक की कमाई की और 1978 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनी थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दो और दो पांच: साल 1980 में कॉमेडी, ड्रामा और सोशल मैसेज के साथ फिल्म आई ‘दो और दो पांच’. अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की जोड़ी ने खूब धमाल मचाया. वहीं, हेमा मालिनी ने अपनी खूबसूरती और कॉमिक अंदाज से फिल्म में जान डाल दी. फिल्म की कहानी दो ठग यानी अमिताभ और शशि कपूर पर है, जो गलती से एक बोर्डिंग स्कूल में टीचर बन जाते हैं. हेमा मालिनी भी उसी स्कूल में पढ़ाती हैं और एक गलतफहमी के बीच रोमांस शुरू होता है. फिल्म की गानों की बात करें तो राजेश रोशन का संगीत हिट रहा. ‘सोती है ये रात सोने दो’ और ‘तूने अभी देखा नहीं’ चर्चित रहे. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कलेक्शन ठीक-ठाक था. हालांकि, बाद में इसने री-रन में सफलता हासिल की.

नसीब: साल 1981 में रिलीज हुई फिल्म ‘नसीब’ मनमोहन देसाई ने डायरेक्ट किया था. इस फिल्म में सितारों की बरसात थी. फिल्म ‘नसीब’ में अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म दोस्ती, किस्मत और बिछड़े परिवारों की कहानी थी. अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी के साथ ऋषि कपूर शत्रुघ्न सिन्हा, रीना रॉय सभी बड़ी भूमिकाओं में थे. यह पहली बार था जब किसी फिल्म का ट्रेलर दूरदर्शन पर दिखाया गया था. फिल्म के संगीत की बात करें तो लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की तूफानी संगीत ने फिल्म में जान डाल दी थी फिल्म के गाने ‘जॉन जानी जनार्दन’, ‘चल मेरे भाई’, ‘रंग जमाके जाएंगे’ हर गाना धूम मचाने वाला था. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का धमक दिखाई दी. 3 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 14.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और साल की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्मों में शुमार रही.

सत्ते पे सत्ता: यह फिल्म अपनी मशहूर कास्टिंग को लेकर काफी चर्चित है. पहले रेखा और परवीन बाबी को लेना तय हुआ था, लेकिन वे दोनों अलग-अलग कारणों से बाहर हो गईं. उनकी जगह हेमा मालिनी ने कदम रखा और यह भी सुनकर हैरानी होगी कि फिल्म के दौरान हेमा मालिनी अपने पहले बच्चे को जन्म देने वाली थीं. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने डबल रोल निभाया था. फिल्म में 7 भाईयों की कहानी पर हैं. फिल्म में हेमा मालिनी इंदु का किरदार निभाया है, जो ‘रवि’ (अमिताभ ) की पत्नी बनकर सारे घर को संभालती हैं. कहानी में रवि की शादी के बाद घर में बदलाव, कॉमेडी, रोमांस और एक्शन का मिश्रण था. हेमा ने प्रेग्नेंसी के दौरान शूटिंग की और कमाल किया. उनकी जोड़ी ने फिल्म को यादगार बना दिया. फिल्म में आर. डी. बर्मन का संगीत लाजवाब है. ‘दिलबर मेरे’, ‘दुक्की पे दुक्की हो’, ‘परियों का मेला है’ सुपरहिट डांस नंबर्स हैं. फिल्म के बॉक्स ऑफिस की बात करें तो लगभग 2.18 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 4-5 करोड़ रुपये कमाए. हेमा मालिनी के प्रेग्नेंट होने के बावजूद यह साल की सबसे अधिक कमाई वाली फिल्म बन गई.

अंधा कानून: साल 1983 में आई टी. रामा राव द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक धमाकेदार एक्शन ड्रामा थी. यह राजनीतिक अपराध और बदले की कहानी थी. सबसे खास बात तो यह थी कि इसी फिल्म से सुपरस्टार रजनीकांत ने बॉलीवुड में डेब्यू किया और उन्हें इस फिल्म के लिए अमिताभ ने ही सुझाया था. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन का एक्सटेंडेड कैमियो था, लेकिन उनका दमदार एक्शन और डायलॉग्स आज भी याद किए जाते हैं. हेमा मालिनी ने फिल्म में इंसाफ के लिए लड़ने वाली बहन का रोल निभाया था. कहानी कानून, बदले और एक्शन से भरी थी.लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने 7 गानों को संगीत दिया. आनंद बख्शी के लिखे ‘रोते रोते हंसना सीखो’ काफी हिट रहा. 2.30 करोड़ की लागत में बनी फिल्म ने 7.50 करोड़ कमाने में सफल रही और 1983 की सर्वाधिक कमाई वाली फिल्मों में बनी.

बागबान: साल 2003 में सालों बाद जब स्टार्स की उम्र बढ़ी, तो रवि चोपड़ा उन्हें लेकर आए ‘बागबान’. कहानी राज और पूजा यानी अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी की है. जिनके चार बेटे उन्हें बूढ़ा घर भेजने की साजिश रचते हैं. यह फिल्म एक भावुक मास्टरपीस थी. आदेश श्रीवास्तव और उत्तम सिंह का संगीत जादूभरा रहा. ‘मैं यहां तू वहां’, ‘चली चली फिर चली’, ‘होरी खेले रघुवीरा’… सभी भावनाओं और मस्ती से भरे हुए. फिल्म की कमाई की बात करें तो 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने 43 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन करके ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल किया था.

