Last Updated:
एक्टर आर. माधवन की लव स्टोरी किसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है. स्टार की शादी को 27 साल हो गए हैं. उन्होंने 27वीं सालगिरह पर पत्नी सरिता के प्रति वफादारी का दिलचस्प राज बयां किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में खुद को एक ‘डरपोक मद्रासी मिडिल क्लास आदमी’ बताया. वे बोले बाहरी एट्रेक्शन के बजाय घर लौटकर पत्नी के साथ वक्त बिताना पसंद करते हैं. आर. माधवन ने बताया कि उनकी पत्नी उनके फोन और फाइनेंस संभालती हैं. वे खुद को किसी मुश्किल में डालने से बचाने के लिए सरिता को आउटडोर शूट्स पर भी साथ रखते थे.

नई दिल्ली: बॉलीवुड के चॉकलेटी बॉय आर. माधवन अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ और सादगी को लेकर चर्चा में रहते हैं. उन्होंने हाल में अपनी पत्नी सरिता के साथ शादी की 27वीं सालगिरह मनाई है. खास मौके पर उनका एक पुराना इंटरव्यू खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी अपनी पत्नी को धोखा देने के बारे में क्यों नहीं सोचा? जबकि वह फिल्म इंडस्ट्री की बेहद खूबसूरत हीरोइन के साथ काम करते रहते हैं.

आर. माधवन ने बहुत ही मजाकिया और देसी अंदाज में अपनी वफादारी का राज खोला. उन्होंने कहा, ‘सच कहूं तो वफादार रहना हमारे खून में है. यह हमारे पूरे परिवार की खासियत रही है. हमारे परिवार के लोग जमशेदजी टाटा के प्रति इतने वफादार थे कि हमारे घर में भगवान की मूर्तियों के साथ उनकी तस्वीर पर भी माला चढ़ाई जाती थी. मेरे लिए तो वफादार न रहना बहुत ज्यादा मेहनत का काम होगा.’

माधवन ने मुस्कुराते हुए कबूल किया कि आखिर में वह एक डरपोक मद्रासी मिडिल क्लास आदमी ही हैं. उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि मुझे खूबसूरत लड़कियां पसंद नहीं हैं, मैं भी उनकी तरफ आकर्षित होता हूं. लेकिन दिन खत्म होने के बाद मैं रात को किसी नए बहाने के साथ बाहर रुकने के बजाय चुपचाप अपने घर जाकर अपनी पत्नी सरिता के साथ वक्त बिताना ज्यादा पसंद करता हूं.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

आर. माधवन ने एक और मजेदार वजह भी बताई. आर. माधवन ने हंसते हुए कहा कि उनकी पत्नी ही उनके सारे पैसे और फाइनेंस संभालती हैं. उनके फोन के पासवर्ड से लेकर बैंक अकाउंट्स तक की पूरी जानकारी हमेशा सरिता के पास रहती है. ऐसे में वे चाहकर भी कुछ छिपा नहीं सकते, इसलिए वे किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते.

आर. माधवन ने इंटरव्यू के दौरान उस दौर को भी याद किया जब उन्होंने मणिरत्नम की फिल्म ‘अलै पायुथे’ से अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद, उन्होंने ‘गुरु’ जैसी कई शानदार फिल्में कीं. आर. माधवन ने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में ही डायरेक्टर मणिरत्नम ने उन्हें प्यार और शादीशुदा जिंदगी को लेकर एक ऐसी सलाह दी थी, जिसे उन्होंने हमेशा अपने पल्ले से बांधकर रखा.

मणिरत्नम ने आर. माधवन से कहा था कि रिश्तों को कभी भी बार-बार परखना या टेस्ट नहीं करना चाहिए. जब एक रिश्ता बहुत अच्छे से चल रहा हो, तो यह हिसाब मत लगाओ कि सामने वाला पार्टनर तुम्हें कितना प्यार करता है या उसकी लिमिट क्या है. उसे बस वैसे ही बहने दो, क्योंकि कई बार जरूरत से ज्यादा जांच-पड़ताल ही अच्छे-भले रिश्ते को पूरी तरह से बिगाड़ देती है.

आर. माधवन ने यह भी खुलासा किया कि जब वे तमिल सिनेमा के बड़े स्टार बने, तो इंडस्ट्री के उनके करीबियों ने उन्हें एक अजीब सलाह दी थी. लोगों ने उनसे कहा था कि अगर वे फीमेल फैंस के बीच अपनी पॉपुलैरिटी बनाए रखना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी शादीशुदा होने की बात दुनिया से छिपानी चाहिए. लेकिन आर. माधवन ने इस सलाह को दरकिनार करते हुए सबसे पहले अपनी शादी की बात सबको बताई.

आर. माधवन ने अपनी शादी को सुरक्षित रखने का एक बेहतरीन तरीका निकाला था. वे कहते हैं, ‘लड़कियों से जितने भी लव लेटर्स आते थे, उन्हें मैं सरिता के साथ बैठकर ही खोलता था. यही नहीं, जब भी मैं किसी खूबसूरत विदेशी लोकेशन पर शूटिंग के लिए जाता था, तो सरिता को अपने साथ ले जाने की जिद करता था. ऐसा मैं यह साबित करने के लिए नहीं करता था कि मैं वफादार हूं, बल्कि इसलिए करता था ताकि मैं खुद को किसी टेस्ट में न डालूं.’

