Last Updated:
90 का दशक भारतीय सिनेमा का वह सुनहरा दौर था, जब थिएटर्स में सीटों पर बैठकर लोग फिल्में कम देखते थे, नाचते ज्यादा थे. उस दौर में रुपहले पर्दे पर एक ऐसा सितारा चमका जिसने स्टारडम की परिभाषा ही बदल दी. रंग-बिरंगे कपड़े, चेहरे पर एक बेफिक्र और जादुई मुस्कान, आंखों में गजब की शरारत और पैरों में बिजली जैसी फुर्ती… जी हां, हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के इकलौते ‘चीची’ यानी गोविंदा जिन के गाने लोगों को नाचने पर मजबूर कर देते थे.

नई दिल्ली. 90 का दशक और गोविंदा… ये दोनों नाम साथ सुनते ही दिमाग में डांस, मस्ती, रोमांस और अनगिनत यादें घूमने लगती हैं. ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’ जैसे फिल्मों का बादशाह गोविंदा उस दौर के सबसे बड़े एंटरटेनर थे. उनकी फिल्मों में कहानी से ज्यादा गाने और डांस याद रह जाते थे. आज भी जब इन गानों पर कोई थिरकता है तो 90s का जादू तुरंत लौट आता है. उनकी खासियत सिर्फ इतनी थी कि वो हर गाने को अपने अंदाज में ढाल देते थे. चाहे वो रोमांटिक गाना हो, डांस नंबर हो या फिर दिल को छू लेने वाला गीत. आज भी उनके कई गाने ऐसे हैं, जिन्हें सुनते ही लोग पुराने दिनों में खो जाते हैं. शादी हो, पार्टी हो या प्यार का इजहार… गोविंदा के ये गाने हर मौके पर फिट बैठते हैं. आइए जानते हैं उनके 6 ऐसे सुपरहिट गानों के बारे में, जिनका जादू आज तक बरकरार है. फोटो साभार-रेडिट

गोविंदा सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि अपने आप में मनोरंजन का एक पूरा त्योहार रहे हैं. उनकी फिल्मों में कॉमेडी का तड़का तो होता ही था, लेकिन जो चीज लोगों को थिएटर्स तक खींच लाती थी, वह था उनका डांस और रोमांस. गोविंदा के गानों में रोमांस के साथ एक ऐसी देसी मस्ती होती थी, जो दिल को छू जाती थी. आज भले ही सिनेमा का अंदाज बदल गया हो, लेकिन गोविंदा के वो सदाबहार गाने आज भी जब कानों में पड़ते हैं तो पैर अपने आप थिरकने लगते हैं और दिल में प्यार के फूल खिल जाते हैं. फोटो साभार-रेडिट

आपके आ जाने से : साल 1987 में आई फिल्म ‘खुदगर्ज’ का ये गाना आज भी लोग खूब गुनगुनाते हैं. साधना सरगम और मोहम्मद अजीज की जादुई आवाज में ढला यह गाना जब स्क्रीन पर आता है तो लोग गाने का घुन के साथ गोविंदा के डांस स्टेप्स में खो जाते हैं. नीलम के साथ उनकी केमिस्ट्री और गोविंदा के डांस स्टेप्स ने इस गाने को हमेशा के लिए यादगार बना दिया. ‘आपके आ जाने से’ आज भी 80-90 के दशक के सबसे रोमांटिक डांस नंबरों में शामिल है. इस गाने ने गोविंदा को युवाओं के बीच नई पहचान दिलाई थी. आज भी जब कोई अपने पार्टनर के लिए अपना प्यार बयां करना चाहता है, तो इस गाने से बेहतर कुछ नहीं होता.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से: जब बात गोविंदा की हो तो उसमें मस्ती और थोड़ा सा पागलपन न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. ‘हीरो नं. 1’ का यह गाना ‘मैं तुझको भगा लाया हूं’ रोमांस में एडवेंचर का तड़का लगाता है. करिश्मा कपूर के साथ गोविंदा की जोड़ी को 90 के दशक की सबसे हिट जोड़ी माना जाता था और इस गाने में उनकी वो ट्यूनिंग साफ दिखती है. कुमार सानू और अलका याग्निक की आवाज में गाए गए इस गाने में गोविंदा का जो बिंदास रवैया है, वह प्रेमियों को एक अलग ही हिम्मत देता है. अपनी प्रेमिका के घर से उसे भगा ले जाने की इस रॉक-एंड-रोल स्टाइल मस्ती को गोविंदा ने जिस एनर्जी के साथ स्क्रीन पर उतारा, उसने इस गाने को एक एंथम बना दिया. इसमें रोमांस तो है, लेकिन वह रोने-धोने वाला नहीं, बल्कि चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान लाने वाला है. आज भी यह गाना पुराने बॉलीवुड लव सॉन्ग्स की लिस्ट में शामिल रहता है.

तुझको ही दुल्हन बनाऊंगा: गोविंदा के रोमांटिक गानों की बात हो और ‘तुझे ही दुल्हन बनाऊंगा’ का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. यह गाना अपने मजेदार बोल और शानदार म्यूजिक की वजह से काफी लोकप्रिय हुआ था. शादी-ब्याह के फंक्शन्स में आज भी यह गाना खूब बजता है. गोविंदा का मासूम रोमांटिक अंदाज इस गाने की सबसे बड़ी ताकत बना. रानी मुखर्जी संग गोविंदा की जोड़ी ने स्क्रीन पर आग लगा दी. सोनू निगम और अलका याग्निक ने इस गाने को आवाज दी. ये गाना सिखाता है कि प्यार में शिद्दत के साथ-साथ थोड़ा सा टशन होना भी कितना जरूरी है.

हुस्न है सुहाना, इश्क है दीवाना: 1995 में आई फिल्म कुली नंबर वन का यह गाना गोविंदा और करिश्मा कपूर की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक का जादू लिए हुए है. गाने को आवाज दी हैं अभिजीत और चंदना दीक्षित ने जबकि संगीत आनंद-मिलिंद का रहा. ‘हुस्न है सुहाना, इश्क है दीवाना’ बोल सुनते ही लोगों के पैर थिरकने लगते हैं. गोविंदा के सिग्नेचर स्टेप्स ने इसे 90s का सबसे यादगार डांस नंबर बना दिया. बॉलीवुड में अब तक किसी और ने इस गाने की धमक को दोबारा नहीं दोहराया. गोविंदा ने अपनी कॉमिक टाइमिंग और डांस का ऐसा फ्यूजन पेश किया कि लोग थिएटर्स में स्क्रीन पर पैसे फेंकने लगे थे.

सोना कितना सोना है, सोने जैसा तेरा मन: क्या कोई सोच सकता है कि किसी की तारीफ में ‘सोना’, ‘चांदी’, ‘हीरा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करके इतना प्यारा और रोमांटिक गाना बनाया जा सकता है? लेकिन ऐसा बॉलीवुड में हुआ और हर बार सुपरहिट रहा. फिल्म हीरो नं. 1 का गाना ‘सोना कितना सोना है, सोने जैसा तेरा मन’ गोविंदा के हिट गानों की लिस्ट में शुमार है. यूरोप की खूबसूरत वादियों में रंग-बिरंगे और अतरंगी कपड़े पहने गोविंदा जब करिश्मा के पीछे-पीछे भागते हुए उनके ‘मन’ और ‘तन’ की तारीफ करते हैं, तो देखने वाले के चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है. इस गाने में गोविंदा का डांस बेहद स्मूथ और नेचुरल है. उदित नारायण और पूर्णिमा की आवाज में ये गाना लोगों को आज भी गुदगुदाते हुए पहले प्यार की याद दिला देता है.

तुमसा कोई प्यारा, कोई मासूम नहीं है: अगर आपको लगता है कि गोविंदा सिर्फ तेज-तर्रार और तेज डांस वाले गानों के लिए जाने जाते हैं, तो आपको फिल्म ‘खुद्दार’ का यह गाना ‘तुमसा कोई प्यारा, न’ जरूर सुनना चाहिए. करिश्मा कपूर के साथ फिल्माया गया यह गाना शुद्ध, निश्छल और गहरे प्यार की अभिव्यक्ति है. कुमार सानू और अलका याग्निक की आवाज में गाए गए इस गाने की धुन जितनी सुरीली है, गोविंदा का अंदाज उतना ही ठहराव भरा और रोमांटिक है. इस गाने में वह अपनी प्रेमिका की मासूमियत और खूबसूरती की कसम खाते हुए नजर आते हैं. बिना किसी तामझाम के, सिर्फ अपनी आंखों और सादगी से गोविंदा ने इस गाने में जो रोमांस पैदा किया है, वह आज के दौर के रीमिक्स गानों पर भारी पड़ता है.

90 का दशक बीत गया, कैसेट और सीडी का दौर चला गया और आज हम डिजिटल स्ट्रीमिंग के दौर में जी रहे हैं. लेकिन गोविंदा के इन गानों का जादू आज भी फीका नहीं पड़ा है. इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि गोविंदा ने अपने गानों में कभी बनावटीपन नहीं दिखाया. उन्होंने प्यार को बहुत ही आसान, हंसता-खेलता और आम इंसान के जीने लायक बनाया. चाहे ‘आपके आने से’ का वो धीमा सा रोमांस हो, ‘हुस्न है सुहाना’ की हाई-एनर्जी मस्ती हो, या ‘सोना कितना सोना है’ की क्यूटनेस… गोविंदा के इन गानों में हर उस इंसान के लिए कुछ न कुछ है जो जिंदगी को खुलकर जीना और प्यार करना चाहता है. यही वजह है कि आज भी जब ये गाने बजते हैं, तो दिल सिर्फ एक ही बात कहता है- ‘चीची, तुमसा कोई प्यारा कोई मासूम नहीं है.’ फोटो साभार-रेडिट

