Last Updated:
3 Idiots Sequel: आमिर खान, शरमन जोशी और आर. माधवन की फिल्म ‘3 इडियट्स’ बॉलीवुड की क्लासिक कल्ट फिल्म है. इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा को एक नया आयाम दिया था. बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने इस फिल्म की सीक्वल की खबरों को कंफर्म किया है.

नई दिल्ली. 2009 में ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘3 इडियट्स’ को राजकुमार हिरानी ने डायरेक्ट किया था. इस फिल्म ने एक ऐसे टॉपिक पर बात की थी जिसपर शायद ही कभी बात की जाती है. आमिर खान, शरमन जोशी, आर माधवन स्टारर फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था.

अब 17 साल बाद आमिर खान ने फिल्म की सीक्वल का ऐलान किया है, लेकिन लेटेस्ट मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में ‘3 इडियट्स’ की जगह ‘4 इडियट्स’ नजर आने वाले हैं. फिल्म में एक नए सुपरस्टार की एंट्री होने वाली है.

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, विक्की कौशल फिल्म में चौथे ‘इडियट’ की भूमिका निभाएंगे, क्योंकि फिल्म की कहानी 10 साल आगे बढ़ेगी. 10 साल के गैप के बाद अब फिल्म में एक नया मोड़ आने वाला है और साथ ही विक्की कौशल की एंट्री कहानी को नया ट्विस्ट देगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पिंकविला के सूत्र के मुताबिक विक्की कौशल मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के साथ स्क्रीन शेयर करने और इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं. इस ब्लॉकबस्टर की यादें आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूत्र ने कहा कि विक्की कौशल, आमिर खान और राजकुमार हिरानी के बीच लगातार मुलााकात हो रही है. विक्की फिल्म के लिए तैयार हैं. वो चौथे इडियट का किरदार अदा करने के लिए काफी उत्साहित हैं और उन्होंने कथित तौर पर हां कर दी है. हालांकि पूरी कास्ट की डेट्स अभी फाइनल नहीं हुई हैं.

विक्की कौशल ‘3 इडियट्स 2’ की शूटिंग अपनी फिल्म की ‘महावतार’ के बाद ही कर सकते हैं. वो फिलहाल ‘महावतार’ की शूटिंग में व्यस्त हैं. फिल्म के सीक्वल के बारे में आमिर खान ने अमर उजाला से बातचीत करते हुए फिल्म के सीक्वल को कंफर्म किया है.

एक्टर ने फिल्म के सीक्वल के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म की कहानी सुन ली है और वह ‘शानदार’ है. आमिर ने कहा, ‘ राजू अभी ‘3 इडियट्स 2’ पर काम कर रहे हैं. मैंने कहानी सुनी है और वह बहुत अच्छी है’.

आमिर ने आगे कहा, ‘स्क्रिप्ट पर अभी थोड़ा और काम बाकी है, लेकिन कहानी वाकई में बहुत अच्छी और अलग है, जिसमें पहली फिल्म जैसा ही ह्यूमर है. यह ‘3 इडियट्स’ के किरदारों की कहानी को 10 साल बाद से आगे बढ़ाती है’. आमिर खान अपनी फिल्म के सीक्वल को लेकर काफी उत्साहित हैं. एक्टर ने कहा कि वो एक बार फिर फूंसुक वांगडू का रोल अदा करने के लिए एक्साइटेड हैं.

