Last Updated:
Peddi Worldwide BO Collection Day 5: बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के बीच बॉक्स ऑफिस की जंग में इस समय फिल्म ‘पेड्डी’ सबसे आगे निकलती दिख रही है. निर्देशक बुच्ची बाबू सना की इस फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर लीड रोल में हैं. फिल्म ने रिलीज के सिर्फ 5 दिनों में दुनिया भर में शानदार कमाई करते हुए इंडस्ट्री में बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है.

नई दिल्ली. साउथ फिल्म इंडस्ट्री के ग्लोबल स्टार राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म ‘पेड्डी’ बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई है. बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसके पेड प्रिव्यूज 3 जून से शुरू हो गए थे. फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ विवाद और मिली-जुली समीक्षाएं देखने को मिलीं, लेकिन इन सब से बेअसर इस फिल्म ने महज 5 दिनों में 315 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसके साथ ही यह साल 2026 की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साउथ इंडियन फिल्म बन गई है.

मेकर्स के अनुसार, पेड्डी ने पांच दिनों में करीब 315 करोड़ रुपये की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई कर ली है. सोशल मीडिया पर साझा किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया कि फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है और ‘बॉक्स ऑफिस चैंपियन’ बन चुकी है.

पेड्डी ने अनिल रविपुड़ी की चिरंजीवी-नयनतारा स्टारर ‘माना शंकरा वरा प्रसाद गारु’ की लाइफटाइम कमाई 301.49 करोड़ रुपये को पीछे छोड़ दिया. तमिल सिनेमा की इस साल की सबसे बड़ी हिट सूर्या और तृषा कृष्णन की ‘करुप्पू’ की 304 करोड़ रुपये की कमाई को भी पार कर लिया. मारुथी की प्रभास स्टारर ‘द राजा साहब’ तीसरे स्थान पर है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

भारतीय बाजार में ‘पेड्डी’ ने 5 दिनों में 169.70 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, तेलुगु वर्जन में फिल्म का प्रदर्शन हिंदी वर्जन से बेहतर रहा है. फिल्म अभी ब्रेकईवन पॉइंट तक पहुंचने से थोड़ी दूर है, लेकिन मेकर्स ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही यह लक्ष्य हासिल कर लेंगे.

फिल्म की बात करें ‘पेड्डी’ एक हाशिए पर रहने वाले व्यक्ति की कहानी है, जो खेल के जरिए अपने लोगों के सम्मान और हक की लड़ाई लड़ता है. फिल्म में जाह्नवी कपूर के कुछ सीन्स और उनके किरदार के चित्रण को लेकर दर्शकों ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए उन विवादित सीन्स को फिल्म से हटाने का फैसला किया था. सोमवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म के विलेन जगपति बाबू ने मजाकिया लहजे में कहा कि फिल्म को मिले ‘निगेटिव रिव्यूज’ ने असल में इसकी सफलता को और बढ़ावा दिया है.

इस साल की दूसरी बड़ी रिलीज के बारे में हात करें तो बॉर्डर 2 ने 450 करोड़ कमाए और धुरंधर 2 ने 1813 करोड़ की शानदार कमाई कर पहले स्थान पर हैं. ‘पेड्डी’ फिलहाल तीसरे नंबर पर है, लेकिन साउथ सिनेमा में यह सबसे बड़ी हिट साबित हो रही है.

राम चरण की यह फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी साउथ कमर्शियल सफलता बन गई है. फैंस और ट्रेड एनालिस्ट्स अब देख रहे हैं कि फिल्म कितनी दूर तक जाती है.

