Last Updated:
Chand Mera Dil Vs Pati Patni Aur Wo Do- 22 मई को करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी फिल्म चांद मेरा दिल रिलीज हुई. पहले दिन फिल्म ने कमजोर शुरुआत की थी लेकिन दूसरे दिन अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी स्टारर फिल्म की कमाई में भारी उछाल दर्ज किया गया. तो चलिए आज की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट में बताते हैं कि हालिया रिलीज फिल्मों में किसने कितनी कमाई की है.

नई दिल्ली. सबसे पहले शुरुआत करते हैं अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की फिल्म चांद मेरा दिल से. इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था. करण जौहर के बैनर तले बनी फिल्म पर लंबे समय से तलवार लटक रही थी. कई बार रिलीज डेट टलने के बाद फिल्म ने थिएटर्स में दस्तक दी.

लक्ष्य और अनन्या की रोमांटिक फिल्म ने पहले दिन 3 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शुरुआत की. दूसरे दिन यानी कि शनिवार को फिल्म की कमाई में करीबन 20 प्रतिशत बढ़ोतरी देखने को मिली. चांद मेरा दिल ने दूसरे दिन 3.65 करोड़ रुपये का बिजनेस किया.

अब तक फिल्म की कुल कमाई 6.65 करोड़ रुपये पहुंची है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 7.89 करोड़ रुपये की कमाई की है. वहीं विदेशों में फिल्म ने करीबन 80 लाख रुपये का बिजनेस किया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अब बात करते हैं आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत, वामिका गब्बी और सारा अली खान स्टारर पति पत्नी और वो दो की. ये पहली फिल्म पति पत्नी और वो की सीक्वल है, लेकिन इस बार पूरी कास्ट नई है. फिल्म में आयुष्मान खुराना ने कार्तिक आर्यन को रिप्लेस कर दिया है.

आयुष्मान की ये फिल्म घिसी-पीटी एक्सट्रा मैरिटल अफेयर की कहानी है. एक्सट्रा मैरिटल अफेयर पर बेस्ड इस फिल्म में दर्शकों को कुछ भी नया देखने को नहीं मिला है. 90 के दशक से मेकर्स दर्शकों को वही पुरानी कहानी परोस रहे हैं और शायद यही वजह है कि लोगों ने इसे सिरे से नकार दिया है.

इस सीक्वल फिल्म की रिलीज को 10 दिन हो चुके हैं. फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर दम निकलते दिख रहा है. पहले दिन फिल्म ने सिंगल डिजिट में खाता खोला था और रिलीज के 10 दिन बाद भी कमाई में कुछ खास इजाफा देखने को नहीं मिल रहा है.

रिलीज वाले दिन आयुष्मान खुराना की मल्टीस्टारर फिल्म ने 4 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी. फिल्म ने दूसरे दिन 5.75, तीसरे दिन 7.75 करोड़ रुपये का बिजनेस किया. फिल्म लगातार सिंगल डिजिट में ही कमाई कर रही है.

अब तक इस फिल्म ने हांफते-हांफते 33.12 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. 33 करोड़ के कलेक्शन के साथ ये रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म अभी तक अपना बजट तक वसूल नहीं कर पाई है.

