Last Updated:
Rishi Kapoor Zeenat Aman Film : बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो ऋषि कपूर ने अपने 40 साल से ज्यादा के करियर में 140 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. 92 से ज्यादा फिल्मों में वो रोमांटिक हीरो के रूप में नजर आए. 1973 में ‘बॉबी’ फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री लेने वाले ऋषि कपूर ने अपने समय की हर हीरोइन के साथ काम किया. बॉलीवुड की खूबसूरत हीरोइन जीनत अमान के साथ उन्होंने सिर्फ एक फिल्म में अपोजिट काम किया. इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में दोनों एक साथ नजर नहीं आए. इस फिल्म के एक कालजयी गाने के लिए मोहम्मद रफी को पहला और आखिरी नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. फिल्म के सभी गाने सुपरहिट थे. यह फिल्म कौन सी थी, ऋषि कपूर-जीनत अमान ने साथ में फिर कभी काम क्यों नहीं किया, आइये जानते हैं………

सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर ने अपने पूरे करियर में 90 से ज्यादा रोमांटिक फिल्में कीं. उन्होंने अपने दौर की हर बड़ी एक्ट्रेस के साथ काम किया. इन एक्ट्रेस में नीतू सिंह, डिंपल कपाड़िया, श्रीदेवी, हेमा मालिनी, रेखा, राखी, परवीन बाबी, रीना रॉय, जया प्रदा, दिव्या भारती और माधुरी दीक्षित शामिल हैं. दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने 70-80 के दशक की पॉप्युलर एक्ट्रेस जीनत अमान के साथ सिर्फ एक फिल्म में रोमांटिक रोल किया. 1977 में रिलीज इस फिल्म के सभी गाने बेहद पॉप्युलर हुए थे. एक कालजयी गाने ‘क्या हुआ तेरा वादा’ के लिए मोहम्मद रफी को करियर का पहला और आखिरी नेशनल अवॉर्ड मिला था. उन्हें यह अवॉर्ड उस समय मिला था जब किशोर कुमार अपने करियर के पीक पर थे.

बॉलीवुड सुपर स्टार आमिर खान के चाचा नासिर हुसैन जाने-माने डायरेक्टर-प्रोड्यूसर थे. उन्होंने ‘तीसरी मंजिल’ (1966) और ‘यादों की बारात’ (1973) फिल्म की कामयाबी के बाद एक ऐसी मल्टीस्टारर मसाला फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ बनाई जिसने 1977 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. फिल्म का म्यूजिक ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था. नासिर हुसैन संगीतकार आरडी बर्मन और गीतकार मजरूह सुल्तानपुरी को बहुत पसंद करते थे. ‘हम किसी से कम नहीं’ में भी नासिर हुसैन मॉर्डन म्यूजिक पर जोर दिया करते थे. उन्होंने आरडी बर्मन से चुन-चुनकर ऐसे गाने बनवाए, जो आज भी युवा पीढ़ी की पहली पसंद हैं.

‘हम किसी से कम नहीं’ की कहानी सचिन भौमिक ने नासिर हुसैन के साथ मिलकर लिखी थी. प्रोड्यूसर नासिर हुसैन साहब ही थे. फिल्म में ऋषि कपूर, जीनत अमान, तारिक अनवर, काजल किरण और अमजद खान जैसे सितारे थे. यह इकलौती फिल्म है जिसमें जीनत अमान और ऋषि कपूर एक साथ नजर आए. फिर दोनों ने साथ में काम नहीं किया. इसके पीछे की बड़ी वजह यह थी कि जीनत अमान ऋषि कपूर से उम्र में बड़ी थीं. कद में भी उनसे लंबी थीं. इसलिए दोनों की जोड़ी 70-80 के दशक में फिल्मों में नजर नहीं आई.
Add News18 as
Preferred Source on Google

‘हम किसी से कम नहीं’ में आइकॉनिक कव्वाली ‘है अगर दुश्मन जमाना गुम नहीं’ में ऋषि कपूर-जीनत अमान साथ नजर आए थे. जीनत अमान ने अपनी एक पोस्ट में लिखा था कि कपूर खानदान के जितने हीरो के साथ उन्होंने काम किया, उनमें ऋषि कपूर ऐसे इंसान थे जिनसे बहुत कम बातची होती थी. सिर्फ एक गाने में काम किया. ‘हम किसी से कम नहीं’ फिल्म में ऋषि कपूर के साथ जीनत अमान का रोमांटिक सीन था. दोनों को सोफे पर फ्लर्ट वाला सीन करना था. सीन में ऋषि और जीनत की हाइट का अंतर पता चल रहा था. यह देखकर ऋषि कपूर चिढ़ गए. इसके बाद ऋषि कपूर को दो कुशन पर बैठाया गया ताकि वो जीनत अमान से लंबे लगें.

‘हम किसी से कम नहीं’ फिल्म में कुल 9 गाने थे और चार गाने किशोर दा ने गाए थे. चार गाने में मोहम्मद रफी की मखमली आवाज थी. फिल्म का एक पॉप्युलर गाना ‘बचना ए हसीनों, लो मैं आ गया’ किशोर कुमार ने अनोखी स्टाइल में गाया था. दिलचस्प बात यह है कि मोहम्मद रफी का हर गाना सदाबहार साबित हुआ. उन्होंने ‘है अगर दुश्मन जमाना, गम नहीं’, ‘ये लड़का हाय अल्ला कैसा है दीवाना’, ‘चांद मेरा दिल, चांदनी हो तुम’ और ‘क्या हुआ तेरा वादा’ गाने गानों को अमर कर दिया. 49 साल बाद भी ये गाने आज भी उतने ही फ्रेश लगते हैं. ‘क्या हुआ तेरा वादा’ गाने के लिए मोहम्मद रफी को पहला नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. फिल्मफेयर अवॉर्ड भी उन्हें इसी गाने के लिए मिला था.

सबसे दिलचस्प बात यह है कि ‘क्या हुआ तेरा वादा’ की धुन शुरुआत में डायरेक्टर नासिर हुसैन को पसंद नहीं आई थी. उन्होंने इसे रिजेक्ट कर दिया था. आरडी बर्मन ने उन्हें किसी तरह समझाया. बाद में इसी रिजेक्टेड धुन पर बना गाना सुपरहिट साबित हुआ. नासिर हुसैन ने ही इस गाने को किशोर दा की बजाय मोहम्मफ रफी से रिकॉर्ड करवाने को कहा था. रफी साहब ने इस गाने में दर्द को आवाज दी. सबको यही लगा कि उन्होंने अपने जीवन के निजी अनुभव को गाने में उड़ेल दिया है.

‘क्या हुआ तेरा वादा’ आज भी टूटे दिल और ठुकराए आशिकों की पहली पसंद है. यह गाना प्यार में धोखा खाए जख्मी आशिक दिलों पर मरहम लगाता है. गाना बजते ही पहले प्यार की यादें ताजा हो जाती हैं. इस कालजयी गीत को सुष्मा श्रेष्ठा और मोहम्मद रफी ने आवाज दी है. इस गाने में एक कशिश है. अपनापन है जिसे हर किसी कोई महसूस कर सकता है. आज भी इस गाने को सुनकर लोग भावुक हो जाते हैं. यह मोहम्मद रफी के करियर के सबसे यादगार गानों में से एक है. पहली बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से उन्हें सम्मानित किया गया था. इसी गाने के लिए रफी साहल ने बेस्ट सिंगर का फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला था.

1974 की फिल्म ‘फिर कब मिलोगे’ में आरडी बर्मन ने म्यूजिक दिया था. इस फिल्म के एक गाना ‘तुम मुझसे रूठे हो’ की शुरुआत में जो धुन बजती है, उसे इलोबरेट करके आरडी बर्मन ने ‘क्या हुआ तेरा वादा’ गाने की ट्यून आरडी बर्मन ने बनाई थी. फिल्म बेहद कामयाब रही. इसकी कामयाबी में बहुत बड़ा हाथ इसके सदाबहार म्यूजिक का था. बतौर डायरेक्टर नासिर हुसैन की यह अंतिम हिट फिल्म थी. इस फिल्म का रीमेक 1997 में ‘बेताबी’ नाम से बनाया गया था लेकिन यह मूवी फ्लॉप रही थी. फिल्म से हीरोइन काजल किरण ने डेब्यू किया था. फिल्म में तीसरा अहम किरदार तारिक हुसैन का था. तारिक और आमिर खान रिश्ते में चचेरे भाई हैं. हालांकि फिल्म हिट होने के बाद भी काजल किरण और तारिक अनवर का करियर फ्लॉप रहा.

