Last Updated:
सिनेमाघरों में इन दिनों ‘कृष्णावतारम: पार्ट 1’ की गूंज सुनाई दे रही है. इस पौराणिक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर आस्था का ऐसा सैलाब लाया है कि दर्शकों की भारी भीड़ थिएटर्स की ओर खिंची चली आ रही है. रिलीज के शुरुआती चार दिनों में फिल्म ने जिस तरह की रफ्तार पकड़ी है, उसने बड़े-बड़े ट्रेड पंडितों को हैरान कर दिया है. भगवान कृष्ण पर बनी मूवी और उसके शानदार विजुअल्स ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है, जिससे फिल्म की कमाई में लगातार जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है.

नई दिल्ली. भगवान कृष्ण को सिल्वर स्क्रीन पर उतारने वाली कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत कर रही है. इस माइथोलॉजिकल फिल्म के कलेक्शन में वीकेंड के दौरान जबरदस्त उछाल देखने को मिला है. फिल्म के दूसरे दिन जिस तरह से दर्शकों की भीड़ उमड़ी और कमाई के आंकड़े बढ़े, उससे साफ है कि लोगों के बीच फिल्म को लेकर पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर साफ नजर आ रहा है.

सिनेमाघरों में कई भाषाओं में रिलीज हुई ‘कृष्णावतारम: पार्ट 1’ की खास बात यह है कि इस फिल्म को देखने के लिए सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि अध्यात्म में रुचि रखने वाले लोग भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. दर्शकों की तरफ से मिल रहे इस शानदार रिस्पॉन्स और थिएटरों में बढ़ती भीड़ की वजह से ही बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार लगातार बरकरार है.

पहले दिन यानी गुरुवार को फिल्म का खाता सिर्फ 42 लाख की कमाई से खुला और फिर दूसरे दिन 1.15 करोड़ कमाई हुई. लेकिन शनिवार को इसकी कमाई में 95 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई. इन चौंकाने वाले आंकड़ों ने फिल्म की सफलता को लेकर उम्मीदों को और बढ़ा दिया है. इस बीच फिल्म के चौथे दिन की कमाई के आंकड़े सामने आ गए हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘कृष्णावतारम पार्ट 1’ चौथे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती दिखाई. फिल्म ने भारत भर में अपने 1995 शोज के जरिए चौथे दिन 3.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इसी के साथ देश में फिल्म का ग्रोस कलेक्शन 8.77 करोड़ और नेट कमाई 7.32 करोड़ तक पहुंच गई है.

चौथे दिन की कमाई में सबसे बड़ा योगदान हिंदी वर्जन का रहा. फिल्म के हिंदी शोज ने 1795 स्क्रीन्स पर 38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ 3.35 करोड़ बटोर लिए. वहीं, तमिल वर्जन ने महज 57 शोज में 44 प्रतिशत की शानदार ऑक्यूपेंसी दिखाते हुए 7 लाख की कमाई की.

अगर तेलुगु वर्जन की बात करें, तो 143 शोज और 31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ इसने करीब 8 लाख का कलेक्शन किया. इन आंकड़ों से साफ है कि दर्शकों का रुझान इस पौराणिक फिल्म की तरफ लगातार बना हुआ है. यह फिल्म महर्षि वेदव्यास द्वारा रचित पौराणिक ग्रंथ ब्रह्मवैवर्त पुराण पर आधारित है.

फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो सिद्धार्थ गुप्ता भगवान कृष्ण का रोल निभाया है. जबकि संस्कृति जयाना ने सत्यभामा, सुष्मिता भट्ट ने राधा और निवाशिनी कृष्णन ने रुक्मिणी के किरदार में हैं. इनके अलावा जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा जैसे मंझे हुए सितारे भी मूवी का हिस्सा हैं. ‘कृष्णावतारम: पार्ट 1’ ट्रिलॉजी की पहली फिल्म है और इसका डायरेक्टर हार्दिक गज्जर ने किया है.

‘कृष्णावतारम: पार्ट 1’ फिल्म की सफलता और इसके आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे टैक्स फ्री घोषित कर दिया है. हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई यह फिल्म 7 मई, 2026 को सिनेमाघरों में आई थी और तब से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

