Last Updated:
फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के सदाबहार गाने ‘तड़प तड़प के इस दिल से’ को सुनकर आज भी लोगों की आंखों में आंसू आ जाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस गाने को सुनकर खुद सुपरस्टार सलमान खान भी फूट-फूटकर रोने लगे थे? हाल ही में संगीतकार इस्माइल दरबार ने इस भावुक किस्से का खुलासा किया है.

नई दिल्ली. साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ आज भी बॉलीवुड की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है. ‘चांद छिपा बादल में’, आंखों की गुस्ताखियां माफ हों’, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’, ‘निंबूड़ा निंबूड़ा’ जैसे कई गाने इस फिल्म के हिट रहे. गाने ही नहीं फिल्म की कहानी ने भी लोगों के कुर्सी से बांधे रखा. फिल्म में सलमान खान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. फिल्म का एक गाना ‘तड़प-तड़प के इस दिल से आह निकलती रही’ आज भी दिल टूटने वालों का फेवरेट गाना माना जाता है. लेकिन इस गाने ने सलमान खान को खूब रुलाया था.

फिल्म के मशहूर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने बताया है कि इस गाने की रिकॉर्डिंग और शूटिंग के दौरान सलमान खान अपने जज्बातों पर काबू नहीं रख पाए थे और सबके सामने रो पड़े थे. हाल ही में उन्होंने फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में उन्होंने इस किस्से को साझा किया.

उन्होंने बताया, ‘एक दिन संजय लीला भंसाली कमरे में इस गाने को सुन रहे थे. गाने में कुछ बहुत ही गहरे और दर्दभरे शब्द थे. गाना बजते ही कमरे में अचानक सन्नाटा छा गया. मैंने पूछा कि भाई क्या बात है, सब चुप क्यों हो गए? तब सलमान खान ने बहुत ही दुखी मन से कहा- ‘जब भी मैं इस गाने को सुनता हूं, मुझे बहुत ज्यादा दर्द होता है. प्लीज, इस गाने को मेरे सामने मत बजाया करो.’
Add News18 as
Preferred Source on Google

इस्माइल दरबार ने आगे बताया कि उन्होंने सलमान खान को उस वक्त बेहद बेचैन और परेशान देखा था. उन्होंने कहा, ‘मैंने सचमुच सलमान को उस पल में जोर-जोर से रोते और चीखते हुए देखा है. मैंने खुद अपनी आंखों से उनका वह बेहद भावुक रूप देखा था, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया था.’

इससे पहले खुद डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने भी ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट का माहौल बेहद अलग था. संजय लीला भंसाली ने कहा था, ‘हां, उस समय हवाओं में प्यार था. लेकिन वह सिर्फ सलमान और ऐश्वर्या के बीच नहीं था, बल्कि हम सभी के बीच एक गहरा लगाव था. जोहरा सहगल, हेलन आंटी, सलमान, ऐश्वर्या, विक्रम गोखले हम सब एक बड़े परिवार की तरह थे. मुझे नहीं लगता कि मुझे किसी और फिल्म की शूटिंग में इतना बेहतरीन अनुभव मिला है.’

फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई. फिल्म करीब 16 करोड़ के बजट में तैयार हुई थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी. दुनियाभर से फिल्म ने 51 करोड़ से ज्यादा की शानदार कमाई की थी.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘हम दिल दे चुके सनम’ की शूटिंग के दौरान ही सलमान और ऐश्वर्या का अफेयर शुरू हुआ था. हालांकि, साल 2002 में दोनों का बेहद कड़वाहट भरा ब्रेकअप हो गया और इसके बाद उन्होंने कभी साथ काम नहीं किया.

साल 2012 में सिमी गरेवाल के चैट शो में ऐश्वर्या ने इस पर कहा था कि वह अपने अतीत के उस पन्ने को पूरी तरह बंद कर चुकी हैं और किसी भी पब्लिक प्लेटफॉर्म पर इस बारे में कोई बात नहीं करना चाहतीं. बाद में अप्रैल 2007 में ऐश्वर्या ने अभिषेक बच्चन से शादी कर ली और साल 2011 में उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ.

